चारधाम यात्रा आज अक्षय तृतीया से शुरू हो रही है। गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंच गई है। थोड़ी देर में पूजा-अर्चना होगी। 10:57 बजे कपाट खोले जाएंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 11:55 बजे खुलेंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के मुताबिक, कपाट खुलने के पहले दिन ही 10000 लोगों के आने की संभावना है। वहीं गंगोत्री धाम में अब तक एक हजार लोग दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। आप दैनिक भास्कर एप पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लाइव दर्शन कर पाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई और बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलेंगे। पिछले साल भारी बारिश के बाद केदारनाथ मार्ग को हुए नुकसान की वजह से यात्रा 15 दिनों से ज्यादा समय तक बाधित रही थी। इसके बावजूद 48.11 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री आए थे। इस साल अबतक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इस बार यह आंकड़ा 60 लाख से ऊपर जाने की उम्मीद है।