अंबेडकर को लेकर संसद में हंगामा:कांग्रेस ने जय भीम के नारे लगाए; भाजपा बोली- इनका अपमान का इतिहास, आज ढोंग कर रहे

संसद के शीतकालीन सत्र का आज बुधवार को 18वां दिन है। अंबेडकर को लेकर लोकसभा में हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने सदन में जय भीम का नारा लगाया। कांग्रेस सहित विपक्षी सांसदों ने अमित शाह पर अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। जिस पर केंद्रीय मंत्री अुर्जन राम मेघवाल ने कहा कि, कांग्रेस का अपमान करने का इतिहास रहा है, आज ये ढ़ोंग कर रहे हैं। एक दिन पहले मंगलवार का राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह संविधान पर चर्चा की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि, अगर वे (कांग्रेस) अंबेडकर का नाम जितनी बार लेते, उतनी बार भगवान का नाम लेते तो उन्हें स्वर्ग में जगह मिलती। लोकसभा और राज्यसभा में आज 2-2 बिल चर्चा के लिए रखे जाएंगे। लोकसभा में जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल माल ढुलाई से जुड़ा ‘द बिल्स ऑफ लैडिंग बिल, 2024’ और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ‘द ऑयलफील्ड्स (रेग्युलेशन एंड डेवलपमेंट) एमेंडमेंट बिल, 2024’ सदन के सामने रखेंगे। दूसरी तरफ राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ‘द बैंकिंग लॉ (अमेंडमेंट) बिल, 2024’ को पास करने का प्रस्ताव रखेंगी। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ‘द डिजास्टर मैनेजमेंट (अमेंडमेंट) बिल, 2024’ सदन के विचार के लिए रखेंगे। यह बिल लोकसभा में पास हो चुका है।