अंबेडकर विवाद- INDIA ब्लॉक का आज फिर प्रदर्शन:प्रियंका शामिल, राहुल नहीं दिखे; कल धक्का-मुक्की केस में उन पर FIR हुई थी

संसद के शीतकालीन सत्र का आज आखिरी दिन है। अंबेडकर विवाद पर विपक्ष आज फिर संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी सांसद विजय चौक से संसद भवन तक मार्च निकाल रहे हैं। प्रियंका गांधी भी इसमें शामिल हुईं। हालांकि आज राहुल नहीं दिखे। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ 19 दिसंबर को FIR हुई थी। दरअसल मकर गेट पर पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी। ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी और फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत चोटिल हो गए। दोनों नेताओं के सिर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया। दोनों सांसदों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप लगाया था। घटना के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने राहुल के खिलाफ हत्या की कोशिश, धमकाने, धक्का देने के आरोप समेत BNS की 7 धाराओं में पुलिस को शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस ने धारा- 109 (हत्या की कोशिश) हटाकर सिर्फ 6 धाराओं में FIR में दर्ज की है। इन धाराओं में चोट पहुंचाने के इरादे से काम करना, धक्का देना-डराना धमकाना शामिल है। अब पढ़िए गृह मंत्री का वो बयान, जिससे विवाद शुरू हुआ…