अब ईरान की मिसाइल फैक्ट्री पर हमला:इजराइली आर्मी ने 2000KM दूर एयरस्ट्राइक की; ट्रम्प ने ईरान में तख्तापलट का मुद्दा उठाया

इजराइल-ईरान संघर्ष को 10 दिन हो चुके हैं। इजराइली एयरफोर्स ने रविवार देर रात ईरान के शाहरुद में बैलिस्टिक मिसाइल इंजन बनाने वाली फैक्ट्री पर हमला किया। यह जगह इजराइल से करीब 2000 किलोमीटर दूर है। इस हमले में मिसाइल इंजन बनाने वाली मशीनें और कई जरूरी इक्विपमेंट तबाह कर दिए गए। इसके अलावा इजराइल ने तेहरान, केरमांशाह और हमादान में भी एयर स्ट्राइक की। इससे पहले अमेरिका ने कल ईरान में 3 परमाणु ठिकानों पर हमला किया था। ये ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फहान थे। इस ऑपरेशन में 7 B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने ईरान के फोर्डो और नतांज न्यूक्लियर ठिकानों पर 13,608 किलो वजनी बस्टर बम गिराए। ट्रम्प बोले- ईरान के न्यूक्लियर साइट्स तबाह किए
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ईरान की अहम न्यूक्लियर साइट्स ‘obliterate’ यानी कि पूरी तरह से तबाह कर दी गई हैं। फोर्डो पर बमों की एक पूरी खेप गिरा दी गई है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान को धमकी देते हुए कहा कि अब उसे शांति कायम करनी चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे। ईरान में 13 जून से अब तक 657, इजराइल में 24 की मौत इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 10वां दिन है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान में 13 जून से अब तक 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज्यादा घायल हैं। हालांकि ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिर्फ 430 नागरिकों के मारे जाने और 3,500 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, इजराइल में 21 जून तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 900 से ज्यादा घायल हुए हैं। इजराइल-ईरान संघर्ष से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…