अमरनाथ रूट पर लैंडस्लाइड महिला की मौत, यात्रा रुकी:यूपी में प्रयागराज का श्मशान डूबा, सड़क पर अंतिम संस्कार, हिमाचल में अब-तक 109 मौतें

हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक 109 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से 818 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हो चुका है। यूपी के प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर हैं। नदियों के आसपास के 15 से ज्यादा मोहल्लों की 5 लाख की आबादी पानी से घिर गई है। श्मशान घाट में पानी भर गया है। सड़कों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा। राजस्थान में झालावाड़ का गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। अधिक पानी आने से कोटा बैराज के गेट खोल दिए गए हैं। नागौर, बहरोड़ में स्कूल-मंदिर-ऑफिस में पानी घुस गया है। जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश की वजह से बुधवार को अमरनाथ यात्रा रूट पर लैंडस्लाइड हुई। गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग पर हुए भूस्खलन में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। यात्रा गुरुवार को दिनभर के रोक दी गई है। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में लगातार बारिश की वजह से ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। लोग सामान लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जा रहे हैं। वहीं, बिहार के अलग-अलग जिलों में बुधवार को बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई। हालांकि, राज्य में इस सीजन में औसत से 46% कम बारिश हुई है। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… अमरनाथ यात्रा रुकी, अब-तक 2.47 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा गुरुवार को दिनभर के लिए रोक दी गई। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से पटरियों की तुरंत मरम्मत किए जाने की जरूरत है। इस वजह से फैसला किया गया है कि आज दोनों रूटों पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, पंचतरणी कैंप में रुके यात्रियों को BRO और पर्वतीय बचाव दलों के साथ बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर ने बताया कि दिन में मौसम की स्थिति के आधार पर शुक्रवार से यात्रा फिर शुरू होगी। अब तक 2.47 लाख तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। देशभर में बारिश-बाढ़ की अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…