अमित शाह की हाई लेवल मीटिंग आज:NSA और RAW के अधिकारी शाामिल होंगे; जम्मू-कश्मीर की आतंकी घटनाओं, अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे

गृह मंत्री अमित शाह रविवार को दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एक हाई लेवल मीटिंग करने वाले हैं। इस मीटिंग में 29 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का रिव्यू भी किया जाएगा। मीटिंग में NSA अजीत डोभाल, LG मनोज सिन्हा, सेना और पुलिस समेत RAW के अधिकारी शामिल हो सकते हैं। इस दौरान गृह मंत्री जम्मू-कश्मीर में काउंटर टेरर ऑपरेशन्स को तेज करने के लिए दिशा-निर्देश दे सकते हैं। पिछले हफ्ते चार दिन में जम्मू-कश्मीर के रियासी, कठुआ और डोडा में चार जगहों पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें 9 तीर्थयात्री समेत एक CRPF जवान की मौत हो गई थी। जबकि कई लोग घायल हो गए थे। हालांकि, कठुआ में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में दो पाकिस्तानी आतंकी भी मारे गए और उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। शनिवार को LG ने की हाई लेवल मीटिंग
इससे पहले शनिवार को LG मनोज सिन्हा ने भी हाई लेवल रिव्यू मीटिंग की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटी में आतंकी ईको सिस्टम को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां एक साथ मिलकर काम करें। जो लोग आतंक और आतंकी इको सिस्टम की मदद कर रहे हैं और उसे पनाह दे रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। मीटिंग में चीफ सेक्रेटरी अटल डुल्लू, प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम डिपार्टमेंट चंद्रकर भारती, ADGP लॉ एंड ऑर्डर विजय कुमार, ADGP CID नीतीश कुमार और पुलिस और प्रशासन के अन्य सीनियर अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अमरनाथ यात्रा, योग दिवस और ईद-अल-अजहा से पहले जिला और पुलिस प्रशासन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने भी जम्मू-कश्मीर में हुई आतंकी घटनाओं को लेकर 13 जून को मीटिंग की थी। इसमें NSA अजीत डोभाल समेत सुरक्षा एजेंसियों के कई अधिकारी भी शामिल हुए। PM ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सुरक्षाबलों की तैनाती को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से भी बातचीत की थी। 29 जून से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू हो रही है। इस बार अमरनाथ यात्रा 52 दिन की होगी। यात्रा से पहले केंद्र ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्रीय सुरक्षाबलों की 500 कंपनियों को घाटी में तैनात करने का फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक CRPF, BSF, ITBP और CISF समेत केंद्रीय सशस्त्र सुरक्षा बल की 500 कंपनियों को अमरनाथ यात्रा के रूट पर तैनात किया जाएगा। सुरक्षाबलों को पंजाब से जम्मू पहुंचाया जाएगा। अब चारों आतंकी घटनाओं के बारे में सिलसिलेवार पढ़ें… तारीख: 12 जून, रात 8:20 बजे
स्थान: डोडा, जम्मू
क्या हुआ: डोडा के गंडोह में कोटा टॉप में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का एक कॉन्स्टेबल फरीद अहमद जख्मी हो गए। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज डोडा में भर्ती कराया गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। तारीख: 11 जून, रात 1-2 बजे
स्थान: डोडा, जम्मू
क्या हुआ: आतंकियों ने डोडा के भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की जॉइंट चेकपोस्ट पर फायरिंग की। 5 जवान और एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) घायल हो गए। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन कश्मीर टाइगर्स (जेईएम/जैश) ने ली है। तारीख: 11 जून, देर शाम 8 बजे
स्थान: कठुआ, जम्मू
क्या हुआ: पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हीरानगर के सैदा सुखल गांव में दो आतंकियों ने घरों का दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा। ग्रामीणों को शक हुआ तो दरवाजे बंद कर शोर मचाया। आतंकियों ने फायरिंग की। एक ग्रामीण घायल हुआ। DIG और SSP पहुंचे तो एक आतंकी ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की। ग्रेनेड फेंकने के दौरान वह मारा गया। 12 जून को लगातार दूसरे दिन जारी मुठभेड़ में एक और आतंकी मारा गया। पुलिस ने आतंकी के पास से अमेरिका निर्मित एम4 कार्बाइन बरामद की है। ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि सुरक्षाबलों को एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है। तारीख: 9 जून, शाम 6:15 बजे
स्थान: रियासी, जम्मू
क्या हुआ: मोदी सरकार के शपथ के दिन कंदा इलाके में शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर आतंकियों ने 25-30 राउंड फायरिंग की। इसमें ड्राइवर को गोली लगी। बस खाई में गिरी। 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 41 घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्ध आतंकी का स्केच जारी किया। 20 लाख रुपए का इनाम रखा। 200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सर्च ऑपरेशन जारी।