अमेरिका के लॉस एंजिल्स में अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के विरोध में दो दिन से जारी प्रदर्शन हिंसक हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय समयानुसार रविवार सुबह पुलिस पर पत्थर और पटाखे चलाए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) पर आंसू गैस और पैट्रोल बम दागे। साथ ही हाथों में मेक्सिको का झंडा लेकर ‘ICE लॉस एंजिल्स से बाहर जाओ’ जैसे नारे भी लगाए। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हालात को काबू करने के लिए 2000 नेशनल गार्ड्स को भेजा है। लॉस एंजिल्स में 6-7 जून को सरकार ने अवैध अप्रवासियों के खिलाफ एक अभियान चलाया गया था। इसी का विरोध हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, हर दिन करीब 1600 अवैध अप्रवासियों को पकड़ा जा रहा है। दरअसल, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने दावा किया कि एक हजार प्रदर्शनकारियों ने एक संघीय भवन को घेरकर ICE अधिकारियों पर हमला किया। लॉस एंजिल्स में हिंसक प्रदर्शन की तस्वीरें…. ट्रम्प के सोशल मीडिया पर दो पोस्ट 1. नेशनल गार्ड की तारीफ की,धन्यवाद दिया ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर नेशनल गार्ड की तारीफ की और उन्हें धन्यवाद देते हुए लिखा- नेशनल गार्ड ने लॉस एंजिल्स में बहुत अच्छा काम किया है। हालांकि, गवर्नर और मेयर किसी काम के नहीं है। वे हिंसा को संभालने में असमर्थ थे। इन कट्टरपंथी वामपंथी विरोधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को मास्क पहनने की अनुमति भी नहीं होगी। 2. राज्य सरकार फेल हुई तो हम संभालेंगे डोनाल्ड ट्रम्प ने कानून व्यवस्था न संभाल पाने पर राज्य सरकार को चेतावनी दी है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा- अगर कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते, तो संघीय सरकार दंगे और लूटपाट को नियंत्रित करेगी। कैलिफोर्निया के गवर्नर न्यूसम ने राज्य में नेशनल गार्ड्स की तैनाती को जानबूझकर भड़काने वाला कदम बताया। लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने भी इमिग्रेशन डिपार्टमेंट के छापों की निंदा की। उन्होंने कहा, “ये रणनीतियां हमारी कम्युनिटी में डर पैदा करती हैं और शहर की सुरक्षा को खतरे में डालती हैं।” मेयर बोली- ट्रम्प ने गार्ड्स की तारीफ की लेकिन वे अभी पहुंचे ही नहीं राष्ट्रपति ट्रम्प के नेशनल गार्ड की तारीफ करने पर शहर की मेयर कैरेन बॉस ने कहां कि अभी तक लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड की तैनाती नहीं हुई है। वे अभी यहां पहुंचे भी नहीं है। वहीं, कैलिफोर्निया में ट्रम्प प्रशासन के कानून प्रवर्तन अधिकारी ने अगले 24 घंटे में नेशनल गार्ड्स के लॉस एंजिल्स में पहुंचने की बात कही है। व्हाइट हाउस का रोजाना 3000 प्रवासियों को हिरासत में लेने का टारगेट ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों को रिकॉर्ड संख्या में निर्वासित करने और अमेरिका-मेक्सिको सीमा बंद करने का वादा किया है। व्हाइट हाउस ने ICE को प्रतिदिन कम से कम 3,000 प्रवासियों को हिरासत में लेने का लक्ष्य दिया है। व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने प्रदर्शनों को कानून और देश की संप्रभुता के खिलाफ विद्रोह करार दिया। प्रदर्शनकारी रॉन गोशेज (44) ने रॉयटर से कहा, वे हमारे लोगों को किडनैप नहीं कर सकते। हम एकजुट होकर कड़ा विरोध करेंगे। ———————————— ये खबर भी पढ़ें…. कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार को सिर में गोली मारी गई: हालत नाजुक, चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे; हमलावर गिरफ्तार साउथ अमेरिकी देश कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम की है। पूरी खबर पढ़ें…