अमेरिका में सदी का सबसे खतरनाक तूफान आने की आशंका:5 लाख लोगों को हटाया, 285km की रफ्तार से बढ़ रहा मिल्टन हरिकेन

अमेरिका में 10 दिनों में दूसरी बार बड़ा तूफान आने वाला है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, फ्लोरिडा में मिल्टन तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है। नेशनल हरिकेन सेंटर ने इसे सबसे ज्यादा विनाशकारी तूफानों की कैटेगरी-5 में रखा है। इस कैटेगरी में जान-माल के भारी नुकसान का खतरा रहता है। मिल्टन बुधवार को फ्लोरिडा के घनी आबादी वाले इलाके ‘टैम्पा बे’ से टकरा सकता है। अभी यह टैम्पा से 1000 किमी दूर है। टैम्पा की आबादी 30 लाख से ज्यादा है। तूफान के टैम्पा बे तक पहुंचने पर इसके कमजोर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद ये मध्य फ्लोरिडा से अटलांटिक महासागर की तरफ बढ़ जाएगा। मिल्टन तूफान फिलहाल मेक्सिको की खाड़ी से गुजर रहा है। सोमवार रात को तूफान की गति करीब 285 kmph थी। यह फ्लोरिडा राज्य की तरफ बढ़ रहा है। तूफान के कारण फ्लोरिडा की 67 में से 51 काउंटियों में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है। फ्लोरिडा में तटवर्ती इलाकों को खाली कराया जा रहा है। अब तक करीब 5 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा चुका है। अमेरिका में इससे पहले हैलेन तूफान आया था। इसमें कम से कम 225 लोगों की मौत हुई थी। मिल्टन तूफान आने से पहली की 10 तस्वीरें… फ्लोरिडा गवर्नर ने लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा
फ्लोरिडा के गवर्नर डी सेंटिस ने लोगों को तूफान के लिए तैयार रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित जगह पर चले जाने को कहा है। कोलोराडो स्टेट यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक फिल क्लॉट्जबैक ने कहा कि मिल्टन को तूफान का दर्जा मिलने के साथ ही यह पहली बार है कि सितंबर के बाद अटलांटिक में एक साथ तीन तूफान आए हैं। मौसम विभाग ने कहा कि तूफान की वजह से फ्लोरिडा में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और अचानक बाढ़ आ सकती है। तटीय इलाके में 15 फीट तक ऊंची लहरें भी उठ सकती हैं। ……………………………………………. अमेरिका में तूफान से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अमेरिका में हेलेन तूफान का कहर: 12 राज्यों में 1.20 करोड़ लोग प्रभावित, 1000 फ्लाइट्स रद्द अमेरिका में 30 सितंबर को हेलेन चक्रवात से 12 राज्यों में 43 लोगों की मौत हो गई। इससे 1 करोड़ 20 लाख लोग प्रभावित हुए। अमेरिका के फ्लोरिडा, जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, वर्जीनिया और अलबामा में इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। पढ़िए पूरी खबर…