कोरोनावायरस से दुनिया में अब तक 2 करोड़ 89 लाख 38 हजार 95 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 9 लाख 24 हजार 558 लोगों की जान जा चुकी है। अच्छी बात यह है कि 2 करोड़ 8 लाख 5 हजार 760 लोग ठीक भी हो चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
दो अमेरिकी कंपनियों ने वैक्सीन के तीसरे फेज का ट्रायल शुरू करने का ऐलान किया है। फाइजर और बायोएनटेक फार्मा कंपनी ने रविवार को कहा कि जल्द ही ट्रायल के अगले फेज के लिए वालेंटियर्स का चयन शुरू होगा। तीसरे फेज में 44 हजार लोगों को वैक्सीन लगाया जाएगा। कंपनी ने पहले इस फेज के लिए 30 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था।
ब्रिटेन में पाबंदियों को बढ़ाने का फैसला किया गया
वहीं, ब्रिटेन सरकार ने बढ़ते मामलों को देखते हुए कुछ इलाकों में इन पाबंदियों को लागू करने का फैसला किया है। करीब 80 लाख लोगों को इसका पालन करना होगा। सरकार ने माना है कि अभी कोरोना को लेकर काफी बुरा समय है और इसीलिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। देश में अब तक 3 लाख 67 हजार 592 मामले सामने आए हैं और 41 हजार 712 मौतें हुई हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 66,76,601 | 1,98,128 | 39,50,354 |
भारत | 47,51,788 | 78,614 | 36,99,306 |
ब्राजील | 43,15,858 | 1,31,274 | 35,53,421 |
रूस | 10,57,362 | 18,484 | 8,73,535 |
पेरू | 7,22,832 | 30,593 | 5,59,321 |
कोलंबिया | 7,08,964 | 22,734 | 5,92,820 |
मैक्सिको | 6,63,973 | 70,604 | 4,67,525 |
साउथ अफ्रीका | 6,48,214 | 15,427 | 5,76,423 |
स्पेन | 5,76,697 | 29,747 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 5,46,481 | 11,263 | 4,09,771 |
ईरान: वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल शुरू होगा
ईरान कोरोना वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल शुरू करेगा। देश में जानवरों पर इस वैक्सीन का ट्रायल पहले ही पूरा किया जा चुका है। ईरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंस के डीन जलील के. ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- हमें उम्मीद है कि ह्यूमन ट्रायल के अच्छे नतीजे आएंगे, जिससे लोगों को महामारी से बचाने के लिए बेहतर काम किए जा सकेंगे।

इराक: फुटबॉलर नदीम शाकर की मौत
इराक में 1970 और 1980 के दशक में प्रसिद्ध फुटबाल स्टार नदीम शाकर की कोरोना से मौत हो गई। 63 साल के शाकर इराक की फुटबाल टीम में बेहतरीन डिफेंडर रहे। वह इराक की नेशनल टीम के कोच भी रहे। शुक्रवार को इरबिल शहर के एक लोकल हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। उनकी मौत पर राष्ट्रपति बरहम सालिह ने भी दुख जताया है।
इराक में अब तक कोरोना के 2 लाख 86 हजार 778 मामले सामने आ चुके हैं और 7941 लोगों की मौत हो चुकी है।

ब्राजील: 24 घंटे में 814 की मौत
ब्राजील में 24 घंटे में 814 मरीजों ने दम तोड़ा है। इस दौरान 33 हजार 523 नए मामले भी आए। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 43 लाख 15 हजार 687 हो गई है। अभी तक 1 लाख 31 हजार 210 लोगों ने दम तोड़ा है। यहां के साउ पाउलो और रियो डि जेनेरियो में संक्रमण ज्यादा है। इन राज्यों के समुद्र तटों पर भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग और दूसरे जरूरी नियमों का पालन भी नहीं हो रहा।

फ्रांस: एक दिन में 10 हजार से ज्यादा
फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 10,561 नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हुई। यहां अब तक 3 लाख 73 हजार 911 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 30 हजार 910 लोगों की मौत हो चुकी है। फ्रांस में जुलाई के बाद से संक्रमण तेजी से बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ज्यां कास्ते ने कहा- यहां वायरस अभी और कई महीने रहेगा और हमें इसके साथ जीना होगा। कास्ते संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद एक हफ्ते सेल्फ क्वारैंटाइन में रहे थे। हालांकि, उनकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
