संसद के मानसून सत्र का गुरुवार (1 अगस्त) को नौवां दिन है। लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेनों की सेफ्टी पर बात की। इस पर विपक्ष ने हंगामा किया। तब रेल मंत्री ने कहा- अयोध्या स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग की दीवार डैमेज हो गई थी। कांग्रेस और सपा की सोशल मीडिया ट्रोल आर्मी ने यह झूठ फैलाया- अयोध्या स्टेशन की नई दीवार गिर गई। कांग्रेस की ये झूठ की दुकान नहीं चलेगी। इससे पहले लोकसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने डिजास्टर मैनेजमेंट संशोधन बिल, 2024 पेश किया। इस पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने आपत्ति जताई। जवाब में नित्यानंद राय ने कहा- आपदा प्रबंधन का पहला दायित्व राज्य का ही है। यह बिल किसी राज्य के अधिकारों में दखल नहीं करता है। इस बिल में कई ऐसे प्रावधान हैं जो डिजास्टर मैनेजमेंट को सही दिशा में ले जाएंगे। इस बिल पर बहस होगी और जब बिल पास हो जाएंगे तो इन्हें कानून में बदलने के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। उधर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा- वायनाड लैंडस्लाइड को गंभीर आपदा घोषित किया जाए। ताकि सांसद फंड से एक करोड़ रुपए दान किया जा सके। संसद का मानसून सत्र 22 जुलाई को शुरू हुआ और यह 12 अगस्त को खत्म होगा।