जीटीबी एन्क्लेव इलाके में फायरिंग कर एक किन्नर गुरु की हत्या कर दी गई। यह वारदात शनिवार देर रात तब हुई जब वह अपनी कार से अपने घर लौटी थी। मृतका की पहचान एकता जोशी (38) के तौर पर हुई। वह मूलरुप से पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस को शक है इस हत्या के पीछे रंजिश का एंगल है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस कातिल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, पुलिस इस किन्नर गुरु के चेलों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया डीडीए जनता फ्लैट जीटीबी एन्क्लेव में एकता अपनी गुरु अनीता जोशी, अनीता के गोद लिए तीन बच्चों आशीष, आकाश व मानसी के साथ रहती थी। एकता के परिवार में मां और तीन भाई हैं, जो पौड़ी गढ़वाल में रहते हैं।
घर के बाहर की ताबड़तोड़ फायरिंग, लगी 3 गोलियां
शनिवार की शाम एकता, अनीता और आशीष लक्ष्मी नगर में किसी से मिलने गए थे। वहां से वापस करीब सवा आठ बजे लौटे। घर के आगे ब्रेजा से उतर अनीता अपने घर में प्रवेश कर गई। इसके बाद एकता गाड़ी से नीचे उतरी, तभी उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। उसे तीन गोलियां लगी जिस कारण उसकी मौत हो गई। हमलावर पहले से वहां पहुंचे हुए थे। वारदात के बाद वे स्कूटी से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना मिली, अचेत हालत में एकता को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।