इजराइल में 3 हफ्ते के लिए दोबारा लॉकडाउन लगा; न्यूजीलैंड में 5 हफ्तों में एक भी मरीज नहीं मिला; दुनिया में 3.03 करोड़ केस

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.03 करोड़ से ज्यादा हो गया है। इसी दौर में एक अच्छी खबर ये है कि ठीक होने वालों की संख्या भी अब 2 करोड़ 20 लाख से ज्यादा हो चुकी है। महामारी में मरने वालों की संख्या 9 लाख 51 हजार 306 हो गई है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

इजराइल में नए साल ‘रोश हशाना’ की छुट्टियों से पहले दोबारा तीन हफ्ते का लॉकडाउन लगाया गया है। देश में अब तक संक्रमण 1.76 लख मरीज मिल चुके हैं, जबकि 1169 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, गुरुवार रात तेल अवीव में हजारों लोगों ने दोबारा लॉकडाउन लगाए जाने का विरोध किया।

सीएनएन के मुताबिक, न्यूजीलैंड में पिछले पांच हफ्तों से संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। करीब एक महीने पहले ऑकलैंड शहर में कोरोना का मामला सामने आया था, जिसके बाद वहां लॉकडाउन लगा दिया गया था। यहां अब तक 1809 केस मिले हैं, जबकि 25 लोगों की मौत हुई है।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 68,76,126 2,02,237 41,55,933
भारत 52,14,677 84,404 41,12,551
ब्राजील 44,57,443 1,35,031 37,53,082
रूस 10,91,186 19,195 9,01,207
पेरू 7,50,098 31,146 5,94,513
कोलंबिया 7,43,945 23,665 6,15,457
मैक्सिको 6,84,113 72,179 4,88,416
साउथ अफ्रीका 6,55,572 15,772 5,85,303
स्पेन 6,25,651 30,405 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 6,01,713 12,460 4,56,347

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली फ्लाइट सस्पेंड

दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई आने वाली फ्लाइट्स को 2 अक्टूबर तक सस्पेंड कर दिया है। यह प्रतिबंध 18 सितंबर यानी आज से 14 दिन (2 अक्टूबर) तक प्रभावी रहेगा। 4 सितंबर को जयपुर से दुबई पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर IX1135 में एक पैसेंजर पॉजिटिव पाया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर से दुबई गए इस पैसेंजर ने जयपुर में ही 2 सितंबर को कोरोना टेस्ट कराया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव थी। यह दूसरा मौका है जब एयर इंडिया एक्सप्रेस से कोई पॉजिटिव पैसेंजर दुबई पहुंचा हो। एयर इंडिया को संबंधित पैसेंजर के इलाज और क्वारैंटाइन फैसिलिटीज पर हुए खर्च की भरपाई भी करनी होगी।

पाकिस्तान : स्कूल खोलने का फैसला गलत साबित हुआ
इमरान खान सरकार ने मंगलवार को 9वीं और 10वीं कक्षाओं के अलावा कॉलेज खोले थे। गुरुवार को 32 स्कूलों को बंद करना पड़ा। इसकी वजह नियमों का पालन न करना था। कुछ स्कूलों में तो बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। एक कॉलेज में दो स्टूडेंट्स पॉजिटिव पाए गए। विपक्ष पहले ही सरकार के इस फैसले का विरोध कर रहा था। एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में सबसे ज्यादा 16 स्कूल बंद किए गए। राजधानी इस्लामाबाद में दो स्कूल बंद करने पड़े। सरकार ने कहा है कि वो इंतजामों की समीक्षा के बाद अगली कार्रवाई पर विचार करेगी।

चीन : म्यांमार सीमा से लगने वाला शहर बंद
यूनान प्रांत के रूइली शहर को संक्रमण के खतरे के मद्देनजर पूरी तरह बंद करने का फैसला किया गया। किसी भी तरह के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे घर से बाहर न निकलें। यह शहर म्यांमार की सीमा से लगता है। पिछले दिनों यहां दो नए मरीज मिले थे। इसके बाद शहर की सभी सीमाओं पर चेक पोस्ट लगा दिए गए। गुरुवार को यहां 360 टेस्टिंग साइट्स बनाई गईं। इनमें 1200 लोगों का स्टाफ है। अब तक यहां 60 हजार लोगों का टेस्ट किया जा चुका है।

यूनान प्रांत के रूइली शहर को संक्रमण के खतरे के मद्देनजर पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। यहां कुछ दिन पहले दो मरीज मिले थे। बताया जाता है कि दोनों मरीज म्यांमार की सीमा पार कर चीन आए थे। (फाइल)

ऑस्ट्रेलिया : 100 साल का मरीज अब स्वस्थ
मेलबर्न के एक अस्पताल में 100 साल के मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। गुरुवार को इलाज के बाद वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। सेंट विन्सेंट हॉस्पिटल के डायरेक्टर ने कहा- मरीज का नाम रॉय है। इस हफ्ते की शुरुआत में उन्हें इस हॉस्पिटल में लाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। हमारे लिए हर मरीज का महत्व है, भले ही वे किसी भी उम्र के हों। ऑस्ट्रेलिया में अब तक कोरोना से 824 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 500 से ज्यादा की उम्र 80 साल या उससे ज्यादा थी।

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर स्थित इसी हॉस्पिटल में 100 साल का संक्रमित मरीज अब स्वस्थ हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया में संक्रमण की दूसरी लहर देखी जा रही है।

न्यूजीलैंड : टूरिज्म इंडस्ट्री को नुकसान
‘द गार्डियन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही तक न्यूजीलैंड की जीडीपी में 12.2% की गिरावट दर्ज की गई है। 1987 के बाद अर्थव्यवस्था में यह सबसे बड़ी गिरावट है। रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जीडीपी में गिरावट की मुख्य वजह कोरोनावायरस के कारण लगे प्रतिबंध हैं। इसकी वजह से ट्रेड और टूरिज्म इंडस्ट्री सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। टूरिज्म सेक्टर से न्यूजीलैंड को सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिलता है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


इजराइल में दोबारा लॉकडाउन लगाए जाने से पहले लोग जरूरत का सामान खरीदते। देश में 1.76 लाख से ज्यादा मामले मिल चुके हैं।