इटली में बाहरी जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा, रूस में 24 घंटे में 11 हजार से ज्यादा मरीज मिले; दुनिया में 3.57 करोड़ संक्रमित

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.57 करोड़ से ज्यादा हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2 करोड़ 69 लाख 15 हजार 34 हो चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा 10.49 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। इटली के स्वास्थ्य मंत्री रोबेर्टो स्पेरेंजा ने मंगलवार को कहा कि देश में घर से बाहर मास्क पहनना जरूरी होगा। उन्होंने संसद में कहा कि कोरोना से बचाव के लिए यह बेहद जरूरी है। शुक्रवार से यह नियम लागू कर दिया जाएगा। यहां 3.27 लाख से ज्यादा मरीज हैं।

रूस में हर दिन संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को 11 हजार 615 नए मरीज मिले और 188 लोगों की जान गई। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 12 लाख 37 हजार 504 हो गई है। देश में कुल मौतों का आंकड़ा 21 हजार 663 है।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 76,81,202 2,15,096 48,95,685
भारत 66,95,118 1,03,654 56,66,925
ब्राजील 49,40,499 1,46,773 42,95,302
रूस 12,37,504 21,663 9,88,576
कोलंबिया 8,62,158 26,844 7,66,300
स्पेन 8,52,838 32,225 उपलब्ध नहीं
पेरू 8,29,999 32,834 7,12,888
अर्जेंटीना 8,09,728 21,468 6,49,017
मैक्सिको 7,61,665 79,088 5,50,053
साउथ अफ्रीका 6,82,215 17,016 6,15,684

फ्रांस : नए आंकड़े जारी नहीं
फ्रांस में शनिवार को 17 हजार नए मामले सामने आए थे। इसके बाद सरकार ने रविवार और सोमवार को नए आंकड़े जारी नहीं किए। रीजनल हेल्थ एजेंसी के डायरेक्टर एरोलिन रोसोउ ने कहा- पेरिस के उपनगरीय इलाकों में हर दिन औसतन 3500 मामले सामने आ रहे हैं। हमने 200 नए रीजनल क्लस्टर्स की पहचान की है। चिंता की बात ये है कि 40 फीसदी मामले स्कूल और यूनिवर्सिटीज से सामने आ रहे हैं। 26 फीसदी वर्क प्लेसेस से और 10 फीसदी लोगों को जुटने से सामने आ रहे हैं। हमने तय किया है कि प्रतिबंधों को और सख्ती से लागू किया जाएगा। क्योंकि इसके अलावा हमारे पास और कोई उपाय फिलहाल नहीं है।

फ्रांस की राजधानी पेरिस की एक सड़क से मास्क लगाकर गुजरते स्थानीय लोग।

मैक्सिको : जून के बाद सबसे ज्यादा मामले

मैक्सिको में सोमवार को नए मामलों ने सबको हैरान कर दिया। यहां एक ही दिन 28 हजार 115 नए मामले सामने आए। इतना ही नहीं, इसी दौरान 2789 लोगों की मौत हो गई। सरकार का कहना है कि नए मामले इतनी तेजी से सामने आने के बाद अब यह जरूरी हो गया है कि कुछ पब्लिक प्लेसेस पर प्रतिबंध लगाया जाए। सरकार ने एक रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट डब्ल्यूएचओ को भी भेजी जाएगी। संगठन के एक्सपर्ट्स इस पर सरकार को सलाह देंगे। संभव हुआ तो एक टीम भी मैक्सिको भेजी जाएगी। सरकार ने कहा कि कुछ क्लस्टर्स की पहचान कर ली गई है।

मैक्सिको की राजधानी न्यू मैक्सिको सिटी में संक्रमित मरीज को एंबुलेंस से उतारते हेल्थ वर्कर्स।

फ्रांस: पेरिस में बार और कैफे बंद
फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार से सभी बार और कैफे बंद करने को कहा गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजधानी पेरिस में संक्रमण दर कम करना जरूरी है। ऐसा नहीं किया गया तो शहर को दोबारा लॉकडाउन करने की नौबत आ सकती है।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में आखिरकार बार और रेस्टोरेंट्स बंद कर दिए गए हैं। सरकार ने एक हफ्ते पहले ही इस बारे में जानकारी दे दी थी। (फाइल)

न्यूजीलैंड: लॉकडाउन हटा
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने सोमवार को ऑकलैंड से लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हमने दूसरी बार भी कोरोनावायरस को हरा दिया है। हालांकि, सावधानी बरतते हुए लेवल वन का अलर्ट जारी किया जाएगा। अब संक्रमण को 95% तक काबू करने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अभी महीनों तक कोरोना हमारे साथ रहेगा, लेकिन हमें इसे एक अहम उपलब्धि के तौर पर लेना चाहिए। देश में अब तक 1855 संक्रमित मिले हैं और 25 लोगों की मौत हुई है।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने सोमवार को ऑकलैंड से लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। हालांकि, देश के तमाम हाइवेज पर टेस्टिंग फेसेलिटीज बढ़ा दी गई हैं। (फाइल)

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

इटली की राजधानी रोम में पुलिस चेक कर रही है कि लोग मास्क पहन रहे हैं या नहीं। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है।