टेस्ला के CEO इलॉन मस्क के पिता इरॉल मस्क भारत में हैं। न्यूज एंजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने पीएम मोदी और इलॉन मस्क की पार्टनरशिप को दोनों के लिए फायदेमंद बताया। उनसे प्रधानमंत्री मोदी और इलॉन मस्क के बीच संबंधों पर सवाल किया गया था। एरॉल मस्क ने कहा, “उनके बीच बहुत अच्छी केमिस्ट्री है। प्रधानमंत्री मोदी को भारत के हितों का ध्यान रखना है, और इलॉन को टेस्ला के हितों का। मुझे यकीन है कि दोनों मिलकर ऐसा रास्ता निकालेंगे जो टेस्ला और भारत दोनों के लिए फायदेमंद हो।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक निजी व्यक्ति के रूप में बोल रहे हैं, क्योंकि टेस्ला एक पब्लिक कंपनी है। इरॉल ने मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि वह एक शानदार नेता हैं, वर्तमान में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नेताओं में से एक है।” इरॉल मस्क के इंटरव्यू की 3 बड़ी बातें… 1. BYD जैसे ब्रांड भी भारत आ रहे, फिर टेस्ला यहां क्यों नहीं भारत सरकार की हालिया इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी को एरॉल ने टेस्ला के लिए सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छा विचार है। नई तकनीकों को बढ़ावा देने वालों के लिए रास्ते आसान करने चाहिए। नए वाहन और उपकरण विकसित करना आसान नहीं है, इसलिए उन्हें हर संभव मौका देना चाहिए।” ईवी पॉलिसी में 35,000 डॉलर से अधिक कीमत वाले EVs पर कस्टम ड्यूटी को 15% किया गया है। टेस्ला की भारत में शुरुआत के बारे में पूछे जाने पर एरॉल ने कहा, “मुझे इस बारे में ज्यादा नहीं कहना चाहिए, क्योंकि टेस्ला एक पब्लिक कंपनी है। लेकिन भारत की जनसंख्या, ऊर्जा, और यहां के लोगों को देखते हुए, मुझे लगता है कि टेस्ला को यहां होना चाहिए। टाटा और महिंद्रा जैसे भारतीय ब्रांड शानदार गाड़ियां बना रहे हैं, और BYD जैसे अन्य ब्रांड भी आ रहे हैं। फिर टेस्ला यहां क्यों नहीं?” 2. अयोध्या में राम मंदिर देखने के लिए उत्सुक हूं इरॉल मस्क ने कहा- “मैं अयोध्या में राम मंदिर देखने के लिए उत्सुक हूं। भारत का इतिहास अविश्वसनीय है। मेरे विचार में, विश्व का इतिहास किसी न किसी तरह भारत से जुड़ा है। वेद 14,000 वर्ष पुराने हैं, और शायद उससे भी पुराने। वेदों में उड़ने वाले यानों का जिक्र है। मैंने एक किताब लिखी है जिसमें भारत, कश्मीर, और दिल्ली की कहानियां शामिल हैं। भारत एक आकर्षक देश है।” 3. पाकिस्तान समस्या पैदा कर रहा तो समाधान करना होगा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में पूछे जाने पर इरॉल ने भारत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा इस मामले में भारत के पक्ष में रहा हूं। आम लोगों का जीवन इतना कष्टदायक नहीं होना चाहिए। अगर पाकिस्तान समस्या पैदा कर रहा है, तो इसका समाधान करना होगा। अगर भारत की ओर से कोई गलती हो रही है, जो मुझे संदेह है, तो उसका भी समाधान करना होगा।” इरॉल मस्क का शेड्यूल: निवेशकों से मिलेंगे, अयोध्या भी जाएंगे इलॉन मस्क के पिता1 जून को भारत पहुंचे हैं और 6 जून को साउथ अफ्रीका वापस जाएंगे। इस दौरान, वह रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर से जुड़ी हरियाणा बेस्ड कंपनी सर्वोटेक का प्लांट विजिट करेंगे। इसके अलावा इरॉल मस्क अयोध्या में राम मंदिर भी जाएंगे… 1. सर्वोटेक के साथ बिजनेस मीटिंग्स: इरॉल मस्क सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम्स के ग्लोबल एडवाइजर के तौर पर भारत आए हैं। वे हरियाणा के साफीबाद में सर्वोटेक के सोलर और ईवी चार्जर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दौरा करेंगे। इस दौरान राज्य के मंत्री और बड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वे कंपनी को ईवी चार्जर मैन्युफैक्चरिंग में सलाह देंगे। सर्वोटेक का लक्ष्य अपनी ‘विजन 2027’ योजना के तहत भारत को सोलर और ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस का ग्लोबल हब बनाना है। इरोल मस्क सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम के ग्लोबल एडवाइजरी बोर्ड का हिस्सा हैं। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रमन भाटिया ने कहा, इरॉल मस्क का अनुभव और ग्लोबल नजरिया हमें भारत और विदेशों में सस्टेनेबल एनर्जी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उनकी मौजूदगी से कंपनी की ग्लोबल विजिबिलिटी बढ़ेगी और अफ्रीका व अमेरिका जैसे बाजारों में विस्तार में मदद मिलेगी। 2. इंडिया-ग्लोबल ग्रीन टेक विजन फोरम 2025: इरॉल मस्क दिल्ली में होने वाले इस फोरम में मुख्य वक्ता के तौर पर हिस्सा लेंगे। यहां वे भारत की ग्रीन टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट की योजनाओं पर बात करेंगे। यह फोरम भारत को ग्लोबल मार्केट में ग्रीन टेक्नोलॉजी का लीडर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 3. सरकारी और निवेशकों से मुलाकात: उनकी यात्रा में कई हाई-लेवल मीटिंग्स शामिल हैं, जिनमें वे भारत सरकार के मंत्रियों और टॉप टेक्नोक्रेट्स से मिलेंगे। ये मुलाकातें भारत की एनर्जी और टेक्नोलॉजी पॉलिसी को समझने और सर्वोटेक के ग्लोबल विस्तार में मदद करने के लिए होंगी। 4. विश्व पर्यावरण दिवस पर प्लांटेशन ड्राइव: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर 5 जून को सर्वोटेक इरॉल मस्क के साथ मिलकर एक बड़ा प्लांटेशन ड्राइव आयोजित करेगा। इस पहल का मकसद सस्टेनेबिलिटी और हरे-भरे पर्यावरण को बढ़ावा देना है। यह कदम भारत की नेट-जीरो एमिशन के 2070 के लक्ष्य को सपोर्ट करता है। 5. अयोध्या में राम मंदिर का दौरा: इरॉल मस्क की यात्रा का सबसे खास हिस्सा है उनका अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर का दौरा। वे यहां रामलला के दर्शन करेंगे और भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत से जुड़ेंगे। यह कदम उनकी भारत की संस्कृति के प्रति रुचि को दर्शाता है। मस्क की मां भी भारत आईं थीं यह यात्रा मस्क परिवार की भारत के प्रति बढ़ती रुचि को दिखाती है। अप्रैल 2025 में इलॉन मस्क की मां माये मस्क भी भारत आई थीं। उन्होंने मुंबई में नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) के गाला में हिस्सा लिया था और भारतीय संस्कृति की तारीफ की थी।