उत्तराखंड में एवलांच- 24 घंटे से 22 मजदूर फंसे:घटनास्थल पर 7 फीट बर्फ जमी; सेना का Mi-17 हेलिकॉप्टर स्टैंड बाय पर

उत्तराखंड के चमोली में एवलांच को आए 24 घंटे बीत गए। एवलांच शुक्रवार सुबह 7 बजे के करीब आया था। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) प्रोजेक्ट में कुल 57 लोग काम कर रहे थे, जिसमें से दो लोग छुट्टी पर थे। एवलांच में 55 लोग चपेट में आए, जिसमें से 33 लोगों को निकाल लिया गया है। 22 अभी भी फंसे हुए हैं। सेना, ITBP, BRO, SDRF और NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है। मौसम चुनौती बना हुआ है। एयर एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पाई। हेलीकॉप्टर भी नहीं उड़ पा रहा है। सेना का Mi-17 हेलिकॉप्टर स्टैंड बाय पर है। जैसे ही मौसम ठीक होता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेज हो जाएगा। यह घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई है। मजदूर 3200 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर 6 फीट तक जमी बर्फ में फंसे है। हादसे के दौरान सभी मजदूर 8 कंटेनर और एक शेड में मौजूद थे। रेस्क्यू ऑपरेशन की 8 तस्वीरें… जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में परीक्षाएं रद्द
जम्मू-कश्मीर में भी तीन दिनों से बारिश और बर्फबारी हो रही है। उधमपुर जिले के मौंगरी के पास शुक्रवार तड़के पहाड़ी से पत्थर गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। कठुआ जिले के राजबाग इलाके में उझ नदी से 11 और निकी तवी इलाके से 1 शख्स को बचाया। बर्फबारी और लैंडस्लाइड की वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे सहित कई सड़कें बंद हो गई हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों सहित घाटी के ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण ट्रेन और फ्लाइट भी प्रभावित हुई हैं। उत्तराखंड के गंगोत्री में 4 फीट तक बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के हार्ड जोन वाले इलाके में मौसम खराब है। बारिश और बर्फबारी दोनों जारी हैं। इस कारण 10वीं, 11वीं और 12वीं की 1 और 3 मार्च को होने वाली परीक्षाएं रद्द की गई हैं। अब ये एग्जाम 24 और 25 मार्च को कराया जाएगा।