रविवार, 20 अक्टूबर को करवा चौथ है, जो हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। उत्तर भारत में बहुत धूमधाम के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व सभी विवाहित महिलाओं और पुरुषों के लिए भी विशेष महत्व रखता है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं सूर्योदय से लेकर रात को चांद निकलने तक कठोर निर्जला व्रत रखती हैं और ईश्वर से अपने पति की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हैं। इस दिन व्रत रखने वाली महिलाएं एकदम नई-नवेली दुल्हन की तरह सजकर तैयार होती हैं. वो खूबसूरत रंगीन और ट्रेंडी पोशाक पहनती हैं. करवा चौथ से पहले बाजार में भी नए ट्रेंडी कलेक्शन आते हैं। खूबसूरत ज्वेलरी, साड़ियों, लहंगों से बाजार पट जाते हैं। आप भी इस करवा चौथ खुद को बिल्कुल स्पेशल लुक देने की खास तैयारियां कर रही होंगी। तो चलिए, आज हम आपके लिए लेकर आए हैं, अपने वॉर्डरोब को पारंपरिक और मॉडर्न ट्रेंडी ढंग से सजाने के कुछ यूनीक आइडियाज। अगर आप एक नई-नवेली दुल्हन हैं, मिडिल एज वुमन हैं या फिर एक प्रौढ़ महिला हैं तो उम्र के हिसाब से इस दिन आप अपने पहनावे को कौन सा स्पेशल लुक दे सकती हैं। एक्सपर्ट– प्रतीक्षा अग्रवाल, फैशन डिजाइनर नई-नवेली दुल्हनों के लिए लाल रंग की साड़ी है सदाबहार यूं तो हर महिला के वॉर्डरोब में एक लाल रंग की रेशमी, बनारसी, सिल्क या साटन साड़ी जरूर होती है। ये ऐसा रंग है, जो हमेशा ट्रेंड में रहता है। लाल रंग वैसे भी सुहाग, सुख और समृद्धि का प्रतीक है। इसे विवाहित महिलाओं के लिए शुभ माना जाता है। तो इस करवा चौथ आप ट्रेडिशनल ज्वेलरी के साथ लाल रंग की जरी के काम वाली साड़ी पहन सकती हैं। लाल बनारसी साड़ी की बात ही कुछ और है। दीपिका, अनुष्का समेत बहुत सारी सेलिब्रटी महिलाओं ने भी अपनी शादी में एक बार लाल रंग की बनारसी साड़ी जरूर पहनी थी। लाल रंग का घाघरा और मोतियों वाला ब्लाउज मोतियों और जरी के काम वाले खूबसूरत ब्लाउज के साथ लाल रंग का घाघरा इस करवा चौथ आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा सकता है। अनारकली सिल्क कुर्ता आप लाल सिल्क का अनारकली डिजाइन वाला कुर्ता भी पहन सकती हैं। यह आजकल काफी फैशन में है और खूबसूरती के साथ कंफर्ट भी देता है। मिडिल एज महिलाओं के लिए यह आपका पहला करवा चौथ नहीं है। अपने पति की लंबी आयु और साथ की खुशहाल जिंदगी के लिए प्रार्थना करते हुए काफी साल गुजर चुके हैं। लेकिन हर साल इस पर्व की खुशी और उत्साह पहले करवा चौथ जैसा ही होता है। हालांकि उम्र के साथ फैशन और स्टाइलिंग में भी बदलाव आता है। जहां तक सुंदरता की बात है तो वो तो उम्र के साथ और निखरती जाती है। ग्रेस और ब्यूटी का संगम हैं गोल्ड मैटेलिक रंग यूं तो आप कुछ भी पहनें, आज आपके जीवन साथी आपकी टाइमलेस ब्यूटी पर न्यौछावर होने ही वाले हैं। लेकिन ये गोल्ड मैटेलिक रंगों का कॉम्बिनेशन इस दिन के लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसमें ज्यादा चकाचौंध नहीं है और ये एकदम डल भी नहीं है। इन रंगों में आपकी खूबसूरती और उभरकर आएगी। हल्की गुलाबी रंग की साड़ी और गोल्डन वर्क का ब्लाउज गुलाबी या पिंक कलर भी एक टाइमलेस कलर है। पिंक के सभी शेड यूं तो हर उम्र की महिला पर खूब फबते हैं, लेकिन आप पर ये एकदम यूनीक लगेंगे। इसके साथ गोल्डन वर्क वाला डिजाइनर ब्लाउज साड़ी की खूबसूरती में और चार चांद लगा देगा। मिंट ग्रीन और टरकॉइज ग्रीन कलर ग्रीन और ब्लू कलर के मिक्स से बनने वाले मिंट ग्रीन और टरकॉइज ग्रीन कलर का हरेक शेड बहुत खूबसूरत और क्लासिक लगता है। इस रंग में वो बात है, जो सालों तक प्यार, समर्पण और गरिमा के साथ रिश्तों को निभाने में होती है। एक किस्म का ठहराव, सुख और शांति। अगर आप इसमें से किसी भी रंग की साड़ी पहनेंगी तो यकीन मानिए, पति एक बार फिर सिर से लेकर पांव तक आपके प्यार में डूब जाएंगे। मोरपंखी नीले रंग की साड़ी या घाघरा यूं तो नीले रंग के बहुत सारे शेड हैं, लेकिन मोर के पंखों में जो नीले रंग का एक यूनीक शेड होता है, जिसे पिकॉक ब्लू कलर भी कहते हैं, वो खूबसूरत भी है, ट्रेंडी भी और फैशनेबल भी। तो इस करवा चौथ आप पिकॉक ब्लू कलर की खूबसूरत साड़ी पहन सकती हैं। प्रौढ़ उम्र की महिलाओं के लिए कोई भी अवसर हो, ट्रेडिशनल हैंडलूम साड़ियों का कोई मुकाबला नहीं है। अब तो हथकरघे पर भी ऐसी साड़ियां बुनी जाने लगी हैं, जो परंपरा और आधुनिकता का खूबसूरत संगम हैं। लिनेन, मुल कॉटन से लेकर सिल्क और लिनेन के खूबसूरत मेल वाली हैंडलूम साड़ियां आपकी उम्र और खूबसूरती दोनों में एक नया निखार ला सकती हैं। नीचे देखें, कुछ खूबसूरत आइडियाज– बॉर्डर वाली लिनेन साड़ी लिनेन साड़ियां आजकल काफी ट्रेंड में हैं। पहले यह ज्यादातर सफेद या हल्के रंगों के शेड्स में ही आती हैं, लेकिन अब मार्केट में सब तरह के रंगों के कॉम्बिनेशन में, गोल्डन और सिल्वर बॉर्डर के साथ बुनी गई हैंडलूम लिनेन साड़ियां उपलब्ध हैं। आप इस करवा चौथ अपनी पसंद के किसी भी खूबसूरत रंग की गोल्डन या सिल्वर बॉर्डर वाली हाथ की बुनी हुई लिनेन साड़ी पहन सकती हैं। इसके साथ ट्रेडिनशनल ज्वेलरी आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा देगी। कांथा वर्क वाली साड़ी भारतीय कढ़ाई की सबसे प्राचीन कलाओं में से एक है कांथा। इसका इतिहास 500 साल पुराना है। ऐसी भी एक कथा है कि एक बार भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों ने खुद को ढंकने के लिए बहुत सारे तरह-तरह के कपड़ों को जोड़कर एक बड़ा सा कपड़ा बना लिया, जो दिखने में बहुत सुंदर था। यहीं से कांथा कढ़ाई की शुरुआत हुई। सच तो ये है कि ये अपनी तरह की एक अद्भुत कला है, जो मुख्यत: बंगाल में होती है। खूबसूरत रंगों की कढ़ाई वाली कांथा वर्क की साड़ी भी इस करवा चौथ एक सुंदर विकल्प हो सकती है। ये साड़ी आपकी खूबसूरती में तो चार चांद लगाएगी, आपके ग्रेस को भी कई गुना निखार देगी। हैंडलूम कांजीवरम साड़ी हर महिला के वार्डरोब में कांजीवरम की साड़ियां तो जरूर होती हैं। यह ऐसी साड़ी है, जो एक युवती से लेकर उम्रदराज महिला तक सब पर खूब फबती है। आप अपनी पसंद के किसी भी रंग की सुंदर कांजीवरम साड़ी में सजी हुई जब आसमान के चांद को और फिर अपने चांद को देखेंगी तो उनका दिल आप पर सैकड़ों बार न्यौछावर होने को चाहेगा।