हिंदू धर्म में हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का त्योहार मनाया जाता है। इस साल ये शुभ दिन 20 अक्तूबर को है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखती हैं। महिलाएं इस दिन सोलह शृंगार के साथ तैयार होकर चांद को अर्घ्य देती हैं। इसके बाद छलनी से अपने पति का दीदार कर पूजा-अर्चना करती हैं और अपना उपवास खोलती हैं। इस शृंगार में मेहंदी को विशेष स्थान प्राप्त है क्योंकि इसे सौभाग्य और आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है। मेहंदी पति-पत्नी और उनके परिवारों के बीच प्रेम को दर्शाती है। मेहंदी को कई जगह फर्टिलिटी का प्रतीक भी माना जाता है। अब वक्त बदलने के साथ शृंगार में फैशन की भी एंट्री हुई है। इसलिए आज हम मेहंदी के ट्रेंडी और क्लासिक डिजाइंस के बारे में बताएंगे। साथ ही जानेंगे कि- एक्सपर्ट: सोनल मुद्गल, प्रोफेशनल हिना आर्टिस्ट, भोपाल आइए जानते हैं कि इस शुभ दिन पर महिलाएं कैसे मेहंदी के खास डिजाइंस से अपने रिश्ते में प्यार और समर्पण को दिखा सकती हैं। देखिए कलरफुल और सुंदर मेहंदी डिजाइंस। करवा, कलश और छलनी वाली डिजाइन अब करवा चौथ का मौका है तो क्यों न मेहंदी की थीम भी करवा चौथ पर ही हो। मेहंदी के ये डिजाइन जितने क्लासी हैं, उतने ही ट्रेंडिंग भी हैं। इसमें करवा और कलश बने होते हैं, छलनी बनी होती है। आप इसे और खास बनाने के लिए सुंदर फॉन्ट में ‘Happy Karwa Chauth’ लिखवा सकती हैं। पति को बताएं, उनसे कितनी मुहब्बत करवा चौथ के दिन जब पति के लिए व्रत रख रही हैं तो उन्हें मेहंदी के डिजाइन से यह बता सकती हैं कि आप उनसे कितनी मुहब्बत करती हैं। इसके लिए महिलाएं अपनी मेहंदी में पति की प्रतीकात्मक तस्वीर बनवाती हैं। यह प्यार जताने का खूबसूरत तरीका है। खुद पर भी लुटाएं थोड़ा प्यार करवा चौथ के दिन जितने स्पेशल आपके पति हैं, उतनी ही आप हैं। इसलिए मेहंदी की डिजाइन में थोड़ा सा प्यार खुद पर भी लुटाएं। मेहंदी की ये डिजाइन ट्रेंडिंग है, जिसमें कोई महिला हाथ में छलनी लेकर पति की ओर शरमाते हुए देख रही है। घेरदार लहंगे में सजी है दुल्हन सोनल मुद्गल कहती हैं कि करवा चौथ की सबसे ट्रेंडिंग डिजाइन लहंगे वाली दुल्हन है। इस डिजाइन में घेरदार लहंगा पहने महिला हाथ में छलनी लिए चांद को देख रही है। आसमान में चांद की रोशनी के साथ सुंदर बादल दिख रहे हैं। एक हाथ में पति, दूसरे में पत्नी पति-पत्नी के बीच प्रेम और समर्पण के प्रतीक इस त्योहार में मेहंदी की एक नई डिजाइन ट्रेंड कर रही है। इसमें एक हाथ में पति अपनी पत्नी का व्रत खुलवाने के लिए पानी का कलश लेकर खड़ा है। दूसरे हाथ में पत्नी उसे छलनी से देखकर लंबी उम्र की कामना कर रही है। पति को दें मेहंदी में नाम खोजने का चैलेंज आपको अपने साथी से जितना प्यार होता है, उन्हें तंग करने में भी उतना ही आनंद आता है। इसके लिए महिलाएं अपनी मेहंदी में सीक्रेट अंदाज में अपने पति का नाम लिखवा सकती हैं और पति को उसे खोजने का चैलेंज दे सकती हैं। यह रिश्ते में प्यार भरने का एक तरीका है। बालकनी से झांक रहा है चांद सोनल मुद्गल बताती हैं कि इस मेहंदी डिजाइन में खूबसूरत बालकनी से चांद दिख रहा होता है। यह डिजाइन जितनी सिंपल है, हाथ पर उतनी ही फबती है। अगर आपके पास वक्त कम है तो यह डिजाइन आपके लिए बेस्ट चॉइस हो सकती है। मोर-मोरनी का जोड़ा प्रेम का प्रतीक इस मेहंदी डिजाइन में छत की मुंडेर पर मोर-मोरनी का सुंदर जोड़ा बैठा होता है। यह जोड़ा पति-पत्नी के बीच प्रेम का प्रतीक है। इनके ऊपर से चांद की झलक दिख रही हो तो यह और भी खूबसूरत लगती है। झुमके वाली डिजाइन इस मेहंदी डिजाइन में पूरा हाथ सुंदर फूल-पत्तियों वाली कारीगरी से भरा होता है। बीच के स्पेस में खूबसूरत झुमके लटक रहे होते हैं। सोनल मुद्गल कहती हैं कि यह डिजाइन लंबे हाथों पर बहुत फबती है। इसकी खास बात ये है कि ये डिजाइन किसी भी मौके पर इस्तेमाल हो सकती है। पीयर प्रेशर से बचना है तो चुनें सिंपल डिजाइन अगर पीयर प्रेशर से बचना चाहती हैं तो सिंपल डिजाइन हमेशा से सबसे अच्छा ऑप्शन होता है। इसमें फूल-पत्तियों वाली ढेर सारी डिजाइन मिल जाएंगी। इससे आप सबसे अलग और क्लासी लगेंगी। ऐसे चढ़ेगा मुहब्बत का रंग मेहंदी को प्यार-मुहब्बत का प्रतीक माना जाता है। इसके बारे में कहा जाता है कि मेहंदी का रंग जितना चोखा होगा, पति-पत्नी के बीच प्यार भी उतना ही गहरा है। इसलिए मेहंदी का रंग गाढ़ा करने के लिए सोनल मुद्गल कुछ टिप्स बता रही हैं। सरसों का तेल लगाएं मेहंदी सूखने के बाद इसमें सरसों का तेल लगाएं। ये नुस्खा बेहद आसान और कारगर है। आपको इसके लिए बाजार भी नहीं जाना पड़ेगा, घर में रखा कच्चा सरसों का तेल ही हाथों में लगा सकती हैं। इससे आपकी मेहंदी का रंग कुछ ही घंटों में चोखा हो जाएगा। चीनी-नींबू का घोल लगाएं मेहंदी का कलर गहरा करने के लिए इसमें चीनी-नींबू का घोल भी लगा सकती हैं। इसके लिए एक कटोरी में थोड़ी सी चीनी, आधा नींबू और थोड़ा सा पानी मिला लें। कॉटन की मदद से इसे अपने हाथों पर 20-30 मिट के अंतराल पर लगाते रहें। इससे मेहंदी देर तक हाथों में टिकी रहेगी और गहरा रंग भी आएगा। मेहंदी लगाने के बाद न करें ये 5 गलतियां