करेंट अफेयर्स 09 अगस्त:ISRO अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट-08 लॉन्च करेगा; पेरिस ओलिंपिक में भारत को जैवलिन में सिल्‍वर, हॉकी में ब्रॉन्‍ज मिला

नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलिंपिक के जेवलिन थ्रो इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। इंडियन साइन लैंग्वेज रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर ने आर्मी वेलफेयर एसोसिएशन सोसाइटी के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए। वहीं, आज से देश भर में हर घर तिरंगा कैंपेन का तीसरा संस्करण शुरू हुआ। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… स्पोर्ट (SPORT)
1. नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलिंपिक में सिल्वर मेडल दिलाया : नीरज चोपड़ा ने 8 अगस्त को पेरिस ओलिंपिक के जेवलिन थ्रो इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। 26 साल के नीरज ने 89.45 मीटर दूर भाला फेंका और दूसरा स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने जेवलिन थ्रो के नए ओलिंपिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 92.97 मीटर दूर भाला फेंका। अरशद के 2 थ्रो 90 मीटर से ज्यादा के रहे। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर दूर भाला फेंक कर ब्रॉन्ज मेडल जीता। 2. पेरिस ओलिंपिक में भारत को हॉकी का ब्रॉन्ज मेडल मिला : भारत ने 8 अगस्त को पेरिस ओलिंपिक में हॉकी का ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराया। ब्रॉन्ज मेडल मैच में मिली जीत के असल हीरो अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और फर्स्ट रशर अमित रोहिदास रहे। एग्रीमेंट (AGREEMENT)
3. ISLRTC और आर्मी वेलफेयर सोसाइटी MoU पर हस्ताक्षर किए : इंडियन साइन लैंग्वेज रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर यानी ISLRTC ने 8 अगस्त को नई दिल्ली में आर्मी वेलफेयर एसोसिएशन सोसाइटी (AWES) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। साझेदारी का उद्देश्य बधिर या कम सुनने वाले छात्रों के लिए अधिक सुलभ और सहायक लर्निंग इन्वायरमेंट तैयार करना है। विविध (MISCELLANEOUS)
4. श्री बाबा बुड्ढा अमरनाथ की तीर्थयात्रा जम्मू-कश्मीर में शुरू : जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले की लोरान घाटी में श्री बाबा बुड्ढा अमरनाथ की 10 दिवसीय तीर्थयात्रा आज से शुरू हो रही है। 08 अगस्त से शुरू हुई यात्रा का समापन सावन पूर्णिमा यानी 19 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। मान्यता के अनुसार कश्मीर के अनंतनाग में बाबा अमरनाथ की यात्रा बाबा बुड्ढा अमरनाथ के दर्शन के बिना अधूरी मानी जाती है। नेशनल (NATIONAL)
आज से शुरू होगा हर घर तिरंगा कैंपेन : आजादी के पर्व को विशेष बनाने के लिए संस्कृत मंत्रालय ने 09 अगस्त से देश भर में हर घर तिरंगा कैंपेन चलाने का ऐलान किया है। यह कैंपेन 15 अगस्त तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट की डिस्प्ले पिक्चर यानी DP पर तिरंगा लगाकर इस कैंपेन की शुरूआत की। ISRO अपने 55वें स्थापना दिवस पर अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट-08 लॉन्च करेगा : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO अपने 55वें स्थापना दिवस, 15 अगस्त, 2024 को अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट-08 (EOS -08) लॉन्च करेगा। सैटेलाइट को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY)
9 अगस्त का इतिहास : आज के दिन को विश्व मूल निवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है। 30 साल पहले साल 1994 में इस दिन को मनाने की शुरुआत हुई थी। संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार दुनिया के 40 देशों में 43 करोड़ मूल निवासी हैं, जिनमें 25 प्रतिशत भारत में रहते हैं। हालांकि, भारत के संविधान में कहीं भी ‘नेटिव’ यानी मूल निवासी अथवा ‘आदिवासी’ शब्द का प्रयोग नहीं किया गया है। इन शब्दों का प्रयोग ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका में किया जाता था।