करेंट अफेयर्स 16 सितंबर:वंदे मेट्रो का नाम बदलकर ‘नमो भारत रैपिड रेल’ हुआ, DPIIT ने स्टार्टअप्स के लिए BHASKAR प्लेटफॉर्म लॉन्च किया

सलीमा इम्तियाज ICC अंपायर पैनल में शामिल होने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बनीं। लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. और दिलना के. जल्द समुद्री मार्ग से दुनिया का चक्कर लगाएंगी। वहीं, पीएम मोदी ने 6 वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… नेशनल (NATIONAL) 1. वंदे मेट्रो का नाम बदलकर ‘नमो भारत रैपिड रेल’ हुआ : भारत की पहली ‘वंदे मेट्रो’ ट्रेन का नाम बदलकर ‘नमो भारत रैपिड रेल’ कर दिया गया है। रेल मंत्रालय ने 16 सितंबर को उद्घाटन से ठीक पहले ‘भुज-अहमदाबाद वंदे मेट्रो’ का नाम बदलकर ‘नमो भारत रैपिड रेल’ कर दिया है। लॉन्च एंड इवेंट (LAUNCH EVENT) 2. DPIIT ने स्टार्टअप्स के लिए BHASKAR प्लेटफॉर्म लॉन्च किया : केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (DPIIT) ने 16 सितंबर को भारत स्टार्टअप नॉलेज एक्सेस रजिस्ट्री (BHASKAR) लॉन्च किया है। यह देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। स्पोर्ट (SPORT) 3. सलीमा इम्तियाज ICC अंपायर पैनल में शामिल होने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बनीं : सलीमा इम्तियाज ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ डेवलपमेंट अंपायर में नामित होने वाली पहली पाकिस्तानी महिला अंपायर बन गई हैं। इसकी घोषणा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 सितंबर के दिन की। अब इम्तियाज महिलाओं के द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय मैचों और ICC महिला आयोजनों में अंपायरिंग कर सकेंगी। उद्घाटन (INAUGURATION) 4. पीएम मोदी ने 6 वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को रांची में झारखंड, ओडिशा, बिहार और यूपी के लिए 6 वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इससे पहले प्रधानमंत्री को टाटानगर से ट्रेनों को हरी झंडी दिखानी थी लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। विविध (MISCELLANEOUS) 5. लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. और दिलना के. जल्द समुद्री मार्ग से दुनिया का चक्कर लगाएंगी : भारतीय नौसेना की दो महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. और लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के. जल्द समुद्री मार्ग से दुनिया का चक्कर लगाएंगी। रूपा और दिलना भारतीय नौसेना के नौकायन जहाज ‘INSV तारिणी’ पर सवार होकर दुनिया का चक्कर लगाने के अभियान पर रवाना होंगी। बिजनेस (BUSINESS) 6. GST काउंसिल ने लाइफ-हेल्थ इंश्योरेंस पर टैक्स रेट के रिव्यू के लिए मंत्री समूह का गठन किया : GST काउंसिल ने 15 सितंबर को अलग-अलग हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स के प्रीमियम पर GST दरों का सुझाव देने के लिए 13 सदस्यों वाले मंत्री समूह (GoM) का गठन किया। यह समूह 30 अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट देगा। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY) 16 सितंबर का इतिहास : 1968 में आज के ही दिन हिन्दी कवि, लेखक, पटकथा लेखक और भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी का जन्म हुआ था। इन्होंने ‘तारे जमीन पर’, ‘रंग दे बसंती’, ‘हम तुम’ और ‘फना’ जैसी फिल्मों के लिए कई सुपर हिट गाने लिखे हैं। प्रसून को 2007, 2008 और 2014 में तीन बार सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला है। उन्हें ‘तारे जमीन पर’ (2007) और ‘चटगांव’ (2013) में उनके काम के लिए दो बार सर्वश्रेष्ठ गीतकार के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला है। प्रसून आज 16 सितंबर को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं।