करेंट अफेयर्स 21 जून:कोयला खदान नीलामी के 10वें दौर का शुभारंभ, लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि अगले सेना उप-प्रमुख बने

पाकिस्तान के पूर्व पीएम अब्बासी ने नई राजनीतिक पार्टी बनाई। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू एयरलाइन मार्केट बना। वहीं, हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर डोनाल्ड सदरलैंड का निधन हुआ। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… नेशनल (NATIONAL) 1. कोयला खदान नीलामी के 10वें दौर का शुभारंभ: 21 जून को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद में कोयला खदान नीलामी के 10वें दौर का शुभारंभ किया। नीलामी के लिए रखी गई खदानों में कोकिंग और नॉन-कोकिंग कोयला खदानें शामिल हैं। इंटरनेशनल (INTERNATIONAL) 2. पाकिस्तान के पूर्व पीएम अब्बासी ने नई राजनीतिक पार्टी बनाई: 21 जून को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने नई राजनीतिक पार्टी ‘आवाम पाकिस्तान’ बनाई। अब्बासी ने सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग (N) पार्टी के साथ मतभेदों का हवाला देकर नई पार्टी बनाई है। डिफेंस (DEFENCE) 3. एन एस राजा अगले सेना उप-प्रमुख बनेंगे: 20 जून को केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को सेना का उप-प्रमुख नियुक्त करने की मंजूरी दी। वे लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे। रैंक एंड रिपोर्ट (RANK REPORT) 4. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू एयरलाइन मार्केट बना: 20 जून को एविएशन एनालिसिस फर्म OAG के आंकड़ों के मुताबिक भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू एयरलाइन मार्केट बन गया। घरेलू मार्गों पर 1.55 करोड़ यात्री कैपेसिटी के साथ भारत ने ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। निधन (OBITUARY) 5. डोनाल्ड सदरलैंड का निधन हुआ: 20 जून को कनाडा के मशहूर एक्टर डोनाल्ड सदरलैंड का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। डोनाल्ड के बेटे और एक्टर कीफर सदरलैंड ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उनके निधन की जानकारी दी। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY) 21 जून का इतिहास: 2015 में आज के दिन ही पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने यूनाइटेड नेशंस (UN) में 27 सितंबर 2014 को इसे मनाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को दुनिया भर के 177 देशों का समर्थन मिला था।