कर्नाटक के पूर्व DGP की हत्या, पत्नी-बेटी गिरफ्तार:बेटे ने शिकायत दर्ज कराई, कहा- मां गंभीर मानसिक बीमारियों से जूझ रहीं

कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की डेड बॉडी रविवार को बेंगलुरु स्थित घर में मिली थी। मामले में उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी कृति पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पूर्व DGP के बेटे कार्तिकेश ने शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाए हैं कि पल्लवी पिछले एक सप्ताह से पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी। धमकियों के कारण मेरे पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे। कार्तिकेश ने आरोप लगाया, ‘दो दिन पहले छोटी बहन कृति वहां गई और पिता पर घर लौटने का दबाव बनाया। वह उनकी मर्जी के खिलाफ उन्हें वापस ले आई। मेरी मां पल्लवी और बहन कृति अक्सर मेरे पिता से झगड़ती थीं। मुझे पूरा शक है कि उन दोनों ने मेरे पिता की हत्या की है। इससे पहले कार्तिकेश ने एक टीवी चैनल को बताया था कि मां पल्लवी गंभीर मानसिक बीमारियों से जूझ रही हैं। उनका 12 साल से सिजोफ्रेनिया (भ्रम, डर लगने की बीमारी) का इलाज चल रहा है। ‘पति घर में बंदूक लेकर घूमते हैं’
इधर, परिजन ने बताया कि पल्लवी अपने डर को लेकर बात करती थीं। पल्लवी ने दावा किया था कि उनके पति उन पर हमला कर सकते हैं। पल्लवी ने परिजन से ये भी कहा था कि मेरे पति अक्सर घर में बंदूक लेकर घूमते रहते हैं। लोगों का ये भी कहना है कि पल्लवी अक्सर भ्रम की स्थिति में रहती थीं और बिना मतलब की बातों से चिंता में पड़ जाती थीं। पुलिस ने पत्नी से 12 घंटे पूछताछ की
सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद ओम प्रकाश की पत्नी पल्लवी ने एक अन्य अफसर की पत्नी से बात की और उसे अपने पति की हत्या के बारे में बताया। पल्लवी ने उससे कहा- मैंने राक्षस को मार दिया। हत्या होने के बाद बाद पुलिस क्राइम सीन पहुंची। पल्लवी (पत्नी) और बेटी को हिरासत में लिया और करीब 12 घंटे पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक, ओम प्रकाश के शरीर, पेट और छाती पर चाकू के कई घाव हैं। प्रॉपर्टी को लेकर पति-पत्नी में विवाद था
रिपोर्ट के मुताबिक, ओम प्रकाश और पत्नी पल्लवी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। ओम प्रकाश ने प्रॉपर्टी किसी रिश्तेदार को ट्रांसफर की थी। इसी के चलते दोनों के बीच लड़ाई होती रहती थी, जो बाद में हाथापाई तक आ गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या में उनकी बेटी की कोई भूमिका है या नहीं। ओम प्रकाश के बेटे की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को रविवार शाम करीब 4 बजे रिटायर्ड अफसर की मौत की सूचना मिली। गृह मंत्री बोले- जांच में सब कुछ सामने आएगा
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा, ‘ओम प्रकाश की हत्या कर दी गई है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि उनकी पत्नी ने अपराध किया है, लेकिन इसकी जांच चल रही है।’ बिहार के रहने वाले थे ओम प्रकाश
1981 बैच के IPS अधिकारी ओम प्रकाश ने 2015 से 2017 तक राज्य के DGP और IGP के रूप में काम किया। बिहार के मूल निवासी प्रकाश ने अपना करियर हरपनहल्ली (तत्कालीन बेल्लारी जिला) में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) के तौर पर शुरू किया था। उन्होंने लोकायुक्त, फायर डिपार्टमेंट एंड इमरजेंसी सर्विस और क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) में DIG के रूप में भी काम किया। वे मार्च 2015 में राज्य के DGP नियुक्त हुए और 2017 में रिटायर हुए थे। —————————————- हत्या से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… मेरठ हत्याकांड, मुस्कान-साहिल को फांसी होगी या उम्रकैद:एक्सपर्ट बोले- रेयरेस्ट क्राइम; दोनों चाकू और कटा सिर-हाथ पिलो कवर में रखे, सीमेंट से जमाया सौरभ की बॉडी के 4 टुकड़े करके तकिए के कवर में रखे गए। 2 चाकू भी ड्रम में सीमेंट से जमा दिए गए। पुलिस ने इन्हें बरामद कर लिया है। अब अगर मुस्कान और साहिल अपने कबूलनामे से मुकर भी जाएं, तब भी सबूत पर्याप्त हैं। यह कहना है मेरठ के सरकारी वकील आलोक पांडेय का। पूरी खबर पढ़ें…