कार सवार बदमाशों ने मास्क में नशीला पदार्थ सूंघाकर युवक को लूटकर फरार

नांगलोई इलाके में कार सवार चार बदमाशों ने पहले एक युवक को लिफ्ट दी। फिर उसे मास्क में नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके साथ लूटपाट कर फरार हो गए। युवक के बैग में 5 हजार रुपए, मोबाइल, 5 जोडी कपड़े समेत अन्य कागजात रखे हुए थे। पीड़ित की पहचान राज सिंह (35) के रुप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल-कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक राज सिंह परिवार के साथ गांव खुटाना, सांपला, हरियाणा में रहते है। वह छत्तीसगढ में प्राइवेट जॉब करते है। पीड़ित राजसिंह ने पुलिस को बताया कि गत गुरूवार वह अपने गांव से छत्तीसगढ अपनी जॉब पर जा रहा था। वह कमरुद्दीन नगर बस स्टैंड, नांगलोई मेट्रो स्टेशन पर नई दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। तभी करीब एक बजे एक लाल रंग की कार उसके पास आकर रुकी। कार में से दो लड़के उतर कर आए और कहा कि आपको कहां जाना है।

राजसिंह ने कहा उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना है। इस पर लड़कों ने कहा आप हमारे साथ चलों, हम भी वहीं जा रहे है। इस पर वह उनके साथ कार में बैठ गया। राजसिंह ने कार में बैठते ही कार का नंबर नोट कर लिया था। कुछ दूर चलने के बाद कार में बैठे एक युवक ने राजसिंह से कहा कि आपका मास्क गंदा है, इसे पहन लो। राजसिंह ने अपना मास्क उतारकर युवक का दिया हुआ मास्क पहन लिया। उसके बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद शाम करीब 6 बजे राजसिंह को होश आया तो उसने अपने आपको नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पाया। उसका मोबाइल, 5 हजार रुपए, कपड़े व अन्य सामान भी गायब मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today