पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म व हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। हादसे के वक्त लड़की घर पर अकेली थी। लड़की के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके सिर और शरीर के बाकी हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किए। इसके बाद अधमरी हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। नाबालिग जैसे-तैसे अपने कमरे से सरकते हुए पड़ोसी के दरवाजे तक पहुंची। उसके निजी अंगों से खून बह रहा था।
तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी। पश्चिम विहार वेस्ट थाने की पुलिस समेत सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बच्ची को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने हत्या की कोशिश और पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस को अंदेशा है कि दोनों संदिग्ध आसपास के ही रहने वाले हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 12 साल की लड़की परिवार के साथ पीरागढ़ी में किराए पर रहती है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। जिस कमरे में परिवार रहता है, वह बिल्डिंग 3 मंजिल की है, जिसमें छोटे-छोटे करीब 25 कमरे बने हुए हैं। इनमें अधिकतर आसपास की फैक्ट्रियों में लेबर का काम करते हैं। बच्ची के परिवार में माता-पिता और एक बड़ी बहन है। माता-पिता फैक्ट्री में लेबर का काम करते हैं। बड़ी बहन भी काम करती है।
बच्ची अक्सर अपने कमरे में अकेली रहती है। घटना मंगलवार शाम की है। पुलिस को करीब 5.30 बजे कॉल मिली थी। आशंका है कि बच्ची के साथ करीब 4 बजे वारदात हुई है। शुरुआती जांच में 2 लड़के थे। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई है। बच्ची ने विरोध करने पर उसकी हत्या की कोशिश की गई थी। हिप्स व सिर में गंभीर चोटों के निशान हैं। किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। लड़की को पहले संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने बच्ची को इलाज के लिए सिर व कटे हुए हिस्सों में टांके लगाए, इसके बाद उसे एम्स रेफर कर दिया।