कुत्ते को ज्यादा खाना खिलाने से हुई मौत:मालकिन को 2 महीने जेल की सजा; हर दिन 10 चिकन पीस खिलाती थी

न्यूजीलैंड में एक महिला को 2 महीने जेल की सजा हुई है। महिला को अपने पालतू कुत्ते को बहुत ज्यादा खाना खिलाने का दोषी पाया गया है। ज्यादा खाने की वजह से कुत्ते का वजन बहुत बढ़ गया था जिससे उसकी मौत हो गई। न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक नुग्गी नाम का ये कुत्ता पुलिस को तब मिला था, जब ऑक्लैंड में एक महिला के घर की तलाशी ले रहे थे। नुग्गी वहां कई कुत्तों के साथ रहता था। हालांकि वो सबसे अलग लग रहा था क्योंकि उसका वजन सबसे ज्यादा था। 54 किलो का होने के कारण नुग्गी बहुत मुश्किल से चल पा रहा था। उसकी हालत देख पुलिस नुग्गी को वहां से ले आए और उसे एक जानवरों की देखभाल करने वाली संस्था SPCA के हवाले कर दिया। SPCA में रहने के दौरान सिर्फ 2 महीने में उसका वजन करीब 9 किलो कम हो गया था, लेकिन अचानक उसकी मौत हो गई। कई बीमारियों से जूझ रहा था, लीवर हैमरेज से मौत
संस्था ने बताया कि निग्गी के पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला कि उसकी मौत लीवर हैमरेज से हुई है। इसके अलावा भी वह कई दूसरी बीमारियों से जूझ रहा था जो ज्यादा वजन की वजह से हुई थीं। SPCA से जुड़े एक अधिकारी टॉड वेस्टवुड ने बताया कि नुग्गी उनके यहां पलने वाला सबसे मोटा जानवर था। वेस्टवुड ने उसके ज्यादा वजन को लेकर दुख जताते हुए कहा कि जिस तरह किसी भूखे जानवर को देख हमें दया आती है उसी तरह अधिक खाने का शिकार हुए निग्गी को देख हमें दया आती थी। SPCA की रिपोर्ट के मुताबिक नुग्गी को हर दिन ड्राय फ्रूट्स के साथ चिकेन के 10 पीस खिलाए जाते थे। धड़कन की आवाज भी सुनाई नहीं देती थी
उसकी चमड़ी इतनी मोटी हो गई थी कि स्टेथेस्कोप से उसके दिल की धड़कन सुनाई नहीं दे पा रही थी। उसकी कोहनी और पेट के पास हिस्सा बहुत मोटा हो गया था। निग्गी की मालकिन उसे कभी बाहर घुमाने नहीं ले जाती थी न ही उसे एक्सरसाइज कराती थी। इस वजह से उसका वजन इतना ज्यादा हो गया था कि 10 मीटर चलने के लिए भी उसे 3 बार रूकना पड़ता था। अब ऑकलैंड कोर्ट ने महिला को 2 महीने की जेल की सजा सुनाई है। इसके अलावा उसे 1,222 न्यूजीलैंड डॉलर (60 हजार रुपये) मुआवजा चुकाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा 1 साल तक के लिए उसके कुत्ते पालने पर भी बैन लगा दिया गया है।