केंद्रीय मंत्री गडकरी पॉजिटिव; मरीजों का आंकड़ा 51 लाख के पार, 24 घंटे में रिकॉर्ड 97 हजार से ज्यादा संक्रमित बढ़े; अब तक 83 हजार 230 मौतें

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 51 लाख के पार हो गया। अब तक 51 लाख 12 हजार 480 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 24 घंटे में रिकॉर्ड 97 हजार 856 नए मरीज मिले। इसके पहले 11 सितंबर को 97 हजार 754 केस बढ़े थे।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। गडकरी ने लिखा, ”कल मैं कमजोर महसूस कर रहा था। मैंने डॉक्टर से सलाह लेने के बाद कोरोना की जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ईश्वर और आप सभी के आशीर्वाद से अभी ठीक हूं। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि कृपया वह प्रोटोकॉल का खयाल रखते हुए खुद को सुरक्षित करें।”

अब तक 40 लाख 22 हजार 94 लोग ठीक हो चुके हैं

राहत की बात है कि ठीक हो चुके लोगों की संख्या भी 40 लाख से ज्यादा हो चुकी है। बुधवार को रिकॉर्ड 82 हजार 922 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इसके पहले 15 सितंबर को सबसे ज्यादा 82 हजार 844 लोग ठीक हुए थे। अब तक 40 लाख 22 हजार 94 लोग ठीक हो चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

83 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई
देश में अब तक 83 हजार 230 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 1139 लोगों ने जान गंवा दी। अभी, 10 लाख 8 हजार 271 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में कोरोना के एक्टिव केस 10 लाख के पार

देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 10 लाख के पार हो गई। यह कुल मरीजों का 19.90% है। पांच सबसे ज्यादा संक्रमित राज्यों में कुल सक्रिय मरीजों के 60% केस हैं। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • रूस में कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक V बनाने वाली सरकारी कंपनी आरडीआईएफ ने भारतीय फार्मास्यूटिकल कंपनी डॉक्टर रेड्डी के साथ 10 करोड़ वैक्सीन डोज तैयार करने के लिए करार किया है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बुधवार को बताया कि 15 सितंबर को 11 लाख 16 हजार 842 टेस्ट किए गए। अब तक 5 करोड़ 94 लाख 29 हजार 115 सैंपल की जांच की गई है।
  • पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन के ट्रायल की अनुमति मिल गई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने मंगलवार को मंजूरी दी।

देश में 19 हजार से ज्यादा जवान संक्रमित

देश में अब तक आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के 19 हजार 839 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 16 हजार 758 जवान आर्मी, 1716 एयरफोर्स और 1365 जवान नेवी से हैं। संक्रमण के चलते अब तक 35 जवानों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 32 आर्मी के जवान थे और तीन एयरफोर्स के। बुधवार को यह जानकारी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने लोकसभा में दी।

एक हफ्ते में देश में 6.50 लाख नए संक्रमित मिले
दुनिया के तीन सबसे प्रभावित देश अमेरिका, भारत और ब्राजील के 9 से 15 सितंबर तक के आंकड़े देखें तो इस दौरान देश में 6 लाख 50 हजार 594 मामले सामने आए। वहीं, अमेरिका में 2 लाख 58 हजार 1 और ब्राजील में 2 लाख 24 हजार 175 पॉजिटिव मिले। इस दौरान पूरी दुनिया में 19 लाख 54 हजार 640 संक्रमित बढ़े।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश
सितंबर के 15 दिनों में कोरोना संक्रमण के डराने वाले आंकड़े सामने आए हैं। राज्य में अब हर दिन औसत 2100 नए केस मिल रहे, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा 1300 था। राज्य में पांच दिन में 11 हजार 674 नए केस बढ़े। संक्रमण दर 11% से ऊपर है। यदि ऐसा ही रहा तो हर महीने 55 हजार से ज्यादा नए मरीज मिलेंगे। सितंबर में 15 दिन में 27 हजार 563 संक्रमित बढ़े जबकि पूरे अगस्त में यह संख्या 32 हजार थी।

2. राजस्थान
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘आज कोरोना हर व्यक्ति की लड़ाई बन गया है। अगर हर व्यक्ति 4 हफ्ते तक मास्क लगाने का फैसला कर ले तो इससे निजात मिल सकती है।’ उधर, सरकार ने राज्य के निजी अस्पतालों और निजी लैब में कोरोना जांच की फीस 2200 रुपए से घटाकर 1200 रुपए कर दी है, जो कि पूरे देश में सबसे कम है। यूपी और महाराष्ट्र की निजी लैब में यह जांच 1600 से 1900 रुपए में होती है।

3. बिहार
राज्य में रिकवरी रेट 90 से ज्यादा हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत से करीब 13% है। उधर, अनलॉक-4 के तहत जारी गाइडलाइन के उल्लंघन के आरोप में राज्य में पिछले 24 घंटे में 464 वाहन जब्त किये गए। 13 लाख रुपया जुर्माना वसूला गया। पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 4 हजार 364 व्यक्तियों से 2 लाख 18 हजार रुपए वसूले गए।

4. महाराष्ट्र
राज्य में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11 लाख के करीब पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में यहां 20 हजार 482 नए मामले बढ़े। अब तक 10 लाख 97 हजार 856 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 7 लाख 75 हजार 273 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 91 हजार 797 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 30 हजार 409 लोग संक्रमण के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं।

5. उत्तर प्रदेश
प्रदेश में मंगलवार को 24 घंटे के अंदर 6895 नए पॉजिटिव केस बढ़े तो रिकॉर्ड 113 संक्रमितों की मौत हुई है। राहत की बात है कि एक दिन में 6680 मरीज ठीक भी हुए हैं। वहीं, मंगलवार को लखनऊ कैंट से भाजपा विधायक सुरेश चंद्र तिवारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी राज्य में 67 हजार 335 एक्टिव मरीज हैं। 2 लाख 52 हजार 97 लोग ठीक हो चुके हैं। 4606 लोगों की मौत हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


गडकरी ने लिखा, ”कल मैं कमजोर महसूस कर रहा था। मैंने डॉक्टर से सलाह लेने के बाद कोरोना की जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ईश्वर और आप सभी के आशीर्वाद से अभी ठीक हूं।” -फाइल फोटो