कोलकाता रेप-मर्डर केस, देश में आज डॉक्टरों की हड़ताल:अस्पतालों में इमरजेंसी छोड़कर सभी सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद; IMA ने 5 मांगें रखीं

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से रेप-मर्डर की घटना के विरोध में देश के सभी अस्पतालों में आज डॉक्टरों की हड़ताल है। देश में मेडिकल स्टाफ की सबसे बड़ी संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने शनिवार (17 अगस्त) सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे, यानी 24 घंटे के लिए बंद की घोषणा की है। इस दौरान सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी कामकाज बंद रहेंगे। IMA ने 15 अगस्त को हड़ताल की जानकारी दी थी। एसोसिएशन ने कहा कि हड़ताल के दौरान ओपीडी काम नहीं करेंगे। इमरजेंसी के अलावा कोई दूसरी सर्जरी नहीं की जाएंगी। 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ऑन ड्यूटी पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप किया गया और हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद देश भर में डॉक्टरों की हड़ताल और विरोध-प्रदर्शन जारी है। डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर IMA की 5 मांगें IMA ने कोलकाता की घटना के बाद देश में डॉक्टरों और अस्पतालों की सुरक्षा के लिए सरकार से एक केंद्रीय कानून बनाने सहित 5 मांगे की हैं। एसोसिएशन की मांगें पढ़िए- 1. डॉक्टरों और अस्पतालों के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए एक पॉलिसी बनाई जाए। एक केंद्रीय कानून बने, जिसमें 2019 के प्रस्तावित हॉस्पिटल प्रोटेक्शन बिल में एपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 में 2023 में किए गए संशोधन शामिल हो। IMA का मानना ​​है कि इससे 25 राज्यों में मौजूदा कानून को मजबूत मिलेगी। IMA ने यह भी सुझाव दिया है कि COVID-19 महामारी के दौरान लागू किए गए अध्यादेश के समान ही एक अध्यादेश इस स्थिति में ठीक रहेगी। 2. सभी अस्पतालों में एयरपोर्ट की तरह सुरक्षा प्रोटोकॉल हो। जरूरी सुरक्षा सुविधाओं के साथ अस्पतालों को सेफ जोन घोषित किया जाए। CCTV, सिक्योरिटी गार्ड्स की तैनाती और प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। 3. IMA ने बताया कि कोलकाता रेप-मर्डर की पीड़ित 36 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट पर थीं। आराम करने के लिए कोई जगह नहीं होने के कारण वह सेमिनार हॉल में गई थीं। अस्पतालों में डॉक्टरों के लिए सुरक्षित जगहों और रेस्ट एरिया की कमी को तुरंत दूर किया जाए। 4. कोलकाता रेप-मर्डर केस की एक तय समय सीमा में प्रोफेशनल जांच हो और पीड़ित को न्याय मिले। आरोपियों की पहचान करके उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। 5. पीड़ित से जिस तरह क्रूरता की गई, उसके हिसाब से उनके परिवार को सही और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए। देश में प्रदर्शन की तस्वीरें… कोलकाता रेप-मर्डर केस का देश भर में असर 1. कर्नाटक में सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियां सस्पेंड
IMA की हड़ताल को लेकर कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार (16 अगस्त) को सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारियों और सर्जनों की छुट्टियां सस्पेंड कर दीं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित न होनी चाहिए, जिससे लोगों को परेशानी हो। 2. कोलकाता के यूनवर्सिटी में प्रोफेसर्स-स्टूडेंट्स की हड़ताल
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेप-मर्डर के विरोध में जादवपुर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों और छात्रों ने शुक्रवार (16 अगस्त) को एक दिन की हड़ताल की। इससे यूनिवर्सिटी में पढ़ाई बंद हो गई। 3. मध्य प्रदेश में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों ने काम बंद किया
भोपाल में एम्स सहित मध्य प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों ने शुक्रवार (16 अगस्त) को काम बंद कर दिया। इससे राज्य भर में मेकिल सेवाओं पर असर देखने को मिला। कई अस्पतालों में मरीजों को बिना इलाज के छोड़ दिया गया। ओपीडी और ओटी सेवाएं ठप रहीं। सिर्फ इमरजेंसी और आईसीयू चालू रहा। 4. दिल्ली में 5 दिन में 1 लाख से ज्यादा मरीजों को नहीं मिला इलाज
दिल्ली में सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर की हड़ताल को 5 दिन हो गए हैं। हड़ताल के चलते दिल्ली में रोजाना करीब एक लाख से अधिक मरीजों को उपचार के बिना अस्पतालों से लौटना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, डॉक्टरों की काम रोको हड़ताल के चलते रोजाना लगभग 250 से 300 सर्जरी भी नहीं हो पा रही हैं। 5. महाराष्ट्र में चार दिनों से हड़ताल, हजारों मरीज परेशान
महाराष्ट्र में रेजिडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का शुक्रवार (16 अगस्त) को चौथा दिन था। चौथे दिन सीनियर डॉक्टर्स भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए, जिससे सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सेवाएं बाधित हो गईं। ओपीडी, ओटी, लैब सेवाएं सहित दूसरी गैर-जरूरी सेवाएं बंद रहने से हजारों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल CBI हिरासत में दूसरी तरफ, कोलकाता रेप-मर्डर मामले में CBI ने पीड़ित परिवार से शुक्रवार (16 अगस्त) को बातचीत की। परिवार ने अस्पताल के कुछ इंटर्न और डॉक्टर्स पर इस केस में शामिल होने का शक जताया है। CBI ने कहा कि पीड़ित परिवार ने कुछ नाम लिखाए हैं। हम अभी 30 लोगों से पूछताछ करेंगे। CBI ने कहा कि शुक्रवार (16 अगस्त) को दो पीजी ट्रेनी डॉक्टर और एक हाउस स्टाफ को पूछताछ के लिए बुलाया। घटना वाली रात ये लोग पीड़ित डॉक्टर के साथ ड्यूटी पर थे। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे भी पूछताछ होगी। उन्होंने 12 अगस्त को इस्तीफा दिया था। CBI रेप-मर्डर के आरोपी संजय रॉय को घटना का सीन रिक्रिएट करने के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लेकर पहुंची। संजय को 9 अगस्त को ही गिरफ्तार किया गया था। पूरी खबर पढ़ें… पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेनी डॉक्टर से बर्बरता का खुलासा पुलिस ने ट्रेनी डॉक्टर के परिवार को 12 अगस्त को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया गया कि 8-9 अगस्त की रात रेप और मारपीट के बाद ट्रेनी डॉक्टर की गला और मुंह दबाकर हत्या हुई थी। घटना 9 अगस्त की सुबह 3 से 5 बजे के बीच होने का अनुमान है। चार पेज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने डॉक्टर का बुरी तरह शोषण किया था। उनके प्राइवेट पार्ट्स पर गहरा घाव पाया गया। आरोपी ने डॉक्टर की चीख दबाने के लिए उनकी नाक, मुंह और गले को लगातार दबाया। गला घोंटने से थायराइड कार्टिलेज टूट गया। डॉक्टर के सिर को दीवार से सटा दिया गया था, जिससे वह चिल्ला न सके। पेट, होंठ, उंगलियों और बाएं पैर पर चोटें पाई गईं। फिर उन पर इतनी जोर से हमला किया कि चश्मा टूट गया और शीशे के टुकड़े उनकी आंखों में घुस गए। दोनों आंखों, मुंह और प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था। पूरी खबर पढ़ें…