कोलकाता रेप-मर्डर केस, 7 आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट शुरू:मुख्य आरोपी संजय से जेल में सवाल-जवाब, पूर्व प्रिंसिपल से CBI ऑफिस में पूछताछ

कोलकाता रेप-मर्डर केस के 7 आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट शुरू हो चुका है। मुख्य आरोपी संजय रॉय का जेल में ही टेस्ट हो रहा है। वहीं, पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष, घटना से पहले ट्रेनी डॉक्टर के साथ डिनर करने वाले 4 डॉक्टर, 1 वॉलंटियर से CBI दफ्तर में पूछताछ की जा रही है। CBI ने बताया कि दिल्ली के सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री से पॉलीग्राफी स्पेशलिस्ट की टीम ये टेस्ट कर रही है। 23 अगस्त को सियालदह कोर्ट के मजिस्ट्रेट ने संजय से पूछा था कि वह टेस्ट के लिए क्यों तैयार हुआ। संजय बोला- टेस्ट साबित होगा कि मैं निर्दोष हूं। मुझे फंसाया गया है। दरअसल, 9 अगस्त की देर रात कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में एक ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। सुबह उनका अर्धनग्न शव मिला था। इसके बाद देशभर के डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया। कोलकाता के डॉक्टर्स आज लगातार 16वें दिन हड़ताल पर हैं। रेप-मर्डर केस को लेकर आज के अपडेट्स पीड़ित परिवार बोला- पुलिस ने हमें गुमराह किया
पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को कहा- हमें CBI की जांच पर भरोसा है। पुलिस ने हमें गुमराह करने की कोशिश की थी। राज्य प्रशासन किसी को बचाने की कोशिश कर रहा है। इतने गंभीर अपराध को एक व्यक्ति अंजाम नहीं दे सकता। एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में पिता ने कहा- घटना को 14 दिन हो चुके हैं। लोगों को CBI पर भरोसा है। हमें भी है, लेकिन CBI ने अभी तक केस को सुलझाया नहीं है। टीम को तेजी से काम करने की जरूरत है। हमें हर बीतता दिन एक साल जैसा लगता है। पीड़ित के पिता ने डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के भी बात कही। उन्होंने कहा कि आरजी कर अस्पताल में चल रही अनियमितताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है। अगर जरूरत पड़ी तो हम इस पर विचार करेंगे।
पीड़ित की मां ने कहा- कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने जांच सही तरीके से नहीं की। वे बहुत जल्दबाजी में थे। हमें उम्मीद है कि मेडिकल कॉलेज में चल रहे रैकेट का पता लगाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। CBI बोली- सेमिनार हॉल की चिटकनी टूटी थी
CBI ने बताया कि अस्पताल के सेमिनार हॉल के दरवाजे की चिटकनी कुछ दिन से टूटी थी। यह सबको पता था। इसीलिए डॉक्टर रात 2 से 3 के बीच गई तो बंद नहीं कर पाईं। एक ड्यूटी डॉक्टर ने उसे सोते हुए भी देखा था। CBI अब जांच कर रही है कि अपराध को बिना बाधा कैसे अंजाम दिया गया? क्या कोई व्यक्ति हॉल के बाहर से निगरानी कर रहा था? CBI यह भी जांच रही है कि सेमिनार हॉल से कोई चीख या शोर क्यों नहीं सुन सका। भाजपा का विरोध प्रदर्शन, अधीर की सिब्बल को सलाह
भाजपा कार्यकर्ताओं ने 23 अगस्त को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम पुलिस थाने का घेराव किया। भाजपा समर्थकों ने चिनसुरा, सिउरी, मिदनापुर और बांकुरा पुलिस थानों का भी घेराव किया। वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कपिल सिब्बल को ट्रेनी डॉक्टर रेप मर्डर केस से हटने की सलाह दी है। अधीर ने कहा, ‘मैं गुजारिश करूंगा कि वे केस से अलग हो जाएं। अपराधियों की तरफदारी न करें तो बेहतर है, क्योंकि वे कभी चुने हुए जनप्रतिनिधि थे। अभी भी राज्यसभा सांसद हैं। इन सारी चीजों के मद्देनजर आपको केस से हट जाना चाहिए, यह मेरी आपसे रिक्वेस्ट है।’ कोलकाता रेप-मर्डर केस को सुसाइड बताने का प्लान कैसे बना ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर की इनसाइड स्टोरी जानने के लिए हम आरजी कर अस्पताल पहुंचे। सोर्स बताते हैं, ‘ये साफ नहीं था कि ट्रेनी डॉक्टर के साथ क्या हुआ है, लेकिन डेडबॉडी देखकर यह तय था कि ये मर्डर है। सुमित और द्वीपायन को खास जिम्मेदारी के साथ भेजा गया था। पढ़ें पूरी खबर… CM ममता ने लिखी PM मोदी को चिट्ठी- रोज 90 रेप हो रहे, सख्त कानून बनाएं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। ममता ने PM को लिखा कि देश में रोज दुष्कर्म के 90 मामले सामने आते हैं। इसे रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। जरूरी है कि केंद्र सरकार एक कड़ा कानून बनाए, जिसमें इस तरह के जघन्य अपराध करने वाले को कड़ी सजा का प्रावधान हो। ​​​​​​ पढ़ें पूरी खबर… यह खबर भी पढ़ें… भास्कर एक्सप्लेनर- कोलकाता रेप-मर्डर में क्या कोई और भी शामिल, 6 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट होगा कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर करने के आरोपी संजय रॉय समेत 6 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। इनमें कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और पीड़ित के साथ 8 अगस्त की रात डिनर करने वाले डॉक्टर भी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…