कोहली के एशिया में 16 हजार रन पूरे:इंग्लैंड के खिलाफ टॉप इंडियन स्कोरर बने, भारत लगातार 10वें वनडे में टॉस हारा; रिकॉर्ड्स

भारत ने तीसरे वनडे में इंग्लैंड को 142 रन से हरा दिया। टीम ने अहमदाबाद का दूसरा हाईएस्ट टोटल 356 का स्कोर बनाया। शुभमन गिल ने 112 रन की पारी खेली। इंग्लैंड टीम 34.2 ओवर में 214 रन पर ऑलआउट हो गई। बुधवार को रिकॉर्ड्स में विराट और गिल का नाम रहा। एशिया में विराट के 16 हजार रन पूरे हो गए। वे इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर भी बने। इसके अलावा, भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पढ़िए तीसरे वनडे के टॉप रिकॉर्ड्स… फैक्ट्स 1. एशिया में विराट के 16 हजार रन पूरे
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के एशिया में 16 हजार रन पूरे हो गए। उन्होंने बुधवार को 52 रन की पारी खेली। इसके साथ ही एशिया में खेले 312 मैचों में कोहली 16,025 रन बना चुके हैं। रिकॉर्ड में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 411 मैच में 21,471 रन बनाए हैं। कोहली इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं, लेकिन औसत और पारियों की संख्या के लिहाज से वे अव्वल हैं। 2. कोहली इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। वे 87 मैच में 4036 रन बना चुके हैं। 3. शुभमन ने 2022 से 13 इंटरनेशनल शतक लगाए
ओपनर शुभमन गिल ने 2022 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 शतक लगाए हैं। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के जो रूट की बराबरी कर ली। विराट कोहली भी 2022 के बाद 11 इंटरनेशनल शतक लगा चुके हैं। 4. गिल के वनडे में 50 इनिंग के बाद सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल 50 इनिंग के बाद सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। वे अब तक करीब 60 की औसत से 2587 रन बना चुके हैं। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला हैं, जिन्होंने 50 इनिंग के बाद 2486 रन बनाए थे। 5. अहमदाबाद में सेकेंड हाईएस्ट वनडे टोटल
अहमदाबाद में बुधवार को भारत ने 356 रन बनाए। यह इस ग्राउंड का सेकेंड हाईएस्ट वनडे टोटल है। इससे पहले 2010 में साउथ अफ्रीका ने इंडिया के खिलाफ 365/2 का स्कोर बनाया था। 6. इंग्लैंड के खिलाफ भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत
अहमदबाद में भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हरा दिया। यह भारत की इंग्लिश टीम के खिलाफ रन के अंतर से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2008 में भारत ने इंग्लैंड को राजकोट में 158 रन से हराया था। ——————————————————–
अहमदाबाद वनडे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से तीसरा वनडे हराया भारत ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में 142 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…