गाजियाबाद में ट्रेन से कटकर 3 युवकों की मौत:सहारनपुर से दिल्ली जा रही थी ट्रेन, हादसे की वजह से रोकनी पड़ी

सहारनपुर से रविवार सुबह दिल्ली जा रही ट्रेन की चपेट में आकर गाजियाबाद में तीन युवकों की मौत हो गई। ये हादसा लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में नहर रेलवे अंडरपास के नजदीक हुआ। मृतक युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है। अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है। आरपीएफ लोनी के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि ये ट्रेन सहारनपुर से दिल्ली जा रही थी। हादसे की वजह से ट्रेन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोको पायलट से भी पूछा जा रहा है कि हादसे की वजह क्या रही। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया, तीनों के शव रेलवे ट्रैक पर राज इंटर कॉलेज के निकट पड़े हुए थे। एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। मृतकों के पास से कीपैड वाले दो मोबाइल मिले हैं। इन्हीं से उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।