गुजरात में कोस्ट गार्ड का हेलिकॉप्टर समुद्र में गिरा:3 क्रू-मेंबर्स लापता, एक को बचाया; मोटर टैंकर पर घायल वर्कर का रेस्क्यू करने गया था

गुजरात के पोरबंदर तट के पास अरब सागर में इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) का एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) समुद्र में गिर गया। हेलिकॉप्टर पर सवार 4 में से 3 क्रू मेंबर्स लापता हैं। एक का रेस्क्यू किया गया है। घटना सोमवार (2 सितंबर) की है। ICG ने मंगलवार (3 सितंबर) सुबह 10:12 बजे हादसे की जानकारी दी। कोस्ट गार्ड ने X पर बताया कि सोमवार रात 11 बजे हेलिकॉप्टर पोरबंदर से 45 किलोमीटर दूर मोटर टैंकर हरि लीला पर घायल एक वर्कर को निकालने गया था। इसी दौरान हेलिकॉप्टर को इमरजेंसी हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी और वह समुद्र में गिर गया। कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 4 जहाज और 2 विमान भेजे हैं। ALH ने हाल ही में गुजरात में आए चक्रवाती मौसम के दौरान 67 लोगों की जान बचाई थी। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही हैं…