गुरुग्राम में सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के हयातपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान मायके वालों ने विरोध भी किया और वे कुछ समय तक शव लेकर जा रही एम्बुलेंस के सामने भी खड़े हो गए। दिल्ली के रोहिणी के रजापुर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी संजना की शादी डेढ़ साल पहले हयातपुर निवासी हेमंत से हुई थी। शादी के कुछ दिन तक ठीक-ठाक चला। इसके बाद झगड़े और मारपीट की शिकायत मिली। दो महीने पहले संजना से मारपीट की गई थी। इस पर संजना मायके आकर रहने लगी थीं। कुछ दिन पहले ही आई थी ससुराल सुलह समझौते के बाद संजना वापस ससुराल गई थीं। शुक्रवार दोपहर ससुराल के लोगों ने मायकेवालों को जानकारी दी कि संजना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। ससुराल के लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे। इस पर मायकेवाले भी वहां पहुंच गए। परिवार वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसका दहेज का सामान भी खराब बताकर तोड़ दिया था। शरीर पर चोट के निशान बताए उन्होंने पुलिस से गहनता से जांच करने और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। सेक्टर 10 थाना पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं डाक्टरों का कहना है कि शरीर के कुछ हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। हालांकि अभी कुछ साफ नहीं कहा जा सकता कि मौत की सही वजह क्या है। डाक्टरों ने बिसरा को जांच के लिए लैब भेज दिया है। केस दर्ज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं मिली इस बारे में सेक्टर 10 थाने के एसएचओ रामबीर ने बताया कि विवाहिता के मायके वालों की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतका पहले से बीमार भी चल रही थी। मायकेवालों का कहना है कि वह बाथरूम में पड़ी मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।