गोवा में भारी बारिश, आज रेड अलर्ट:मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश; उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, अस्पतालों में कोल्ड वार्ड बनाए

दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत देश के 30 राज्यों के कुछ इलाकों में आज आंधी-बारिश हो रही है। इनमें हरियाणा, असम, मेघालय, गोवा और कर्नाटक के समुद्री इलाकों में तेज बारिश हो रही है। गोवा में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश जारी है। साथ ही 60 kmph की रफ्तार से हवा चल रही है। बीते 24 घंटों में उत्तर गोवा के पेरनेम में 207 mm से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने दोनों जिलों उत्तर और दक्षिण गोवा में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, फिर दोपहर में इसे बढ़ाकर रेड अलर्ट में बदल दिया गया। राज्य सरकार ने वाटरफॉल, जंगल और ट्रैकिंग स्पॉट पर एंट्री बैन कर दी है। विभाग ने गुरुवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट और इसके बाद 27 मई तक यलो अलर्ट जारी किया है। इंडिगो एयरलाइन ने कहा, ‘भारी बारिश के चलते आज गोवा की फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।’ वहीं, उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हीट वेव और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के लिए राजधानी लखनऊ के अस्पतालों में कोल्ड वार्ड बनाए गए हैं। हीट वेव मरीजों के लिए 20 बेड रिजर्व हैं, जिसमें 10 इमरजेंसी के लिए हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से न निकलने की सलाह दी गई है। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… मानसून के 4-5 दिनों में केरल पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले चार-पांच दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि पूर्वानुमान 27 मई का है। ऐसा होता है तो यह 2009 के बाद समय से पहले पहुंचने वाला पहला मानसून होगा। 2009 में मानसून 23 मई को ही केरल में पहुंच गया था। विभाग के मुताबिक आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून तक केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। वहीं, 17 सितंबर के आस-पास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से हट जाता है। मानसून पिछले साल 30 मई को केरल में पहुंचा था। 2023 में 8 जून को, 2022 में 29 मई, 2021 में 3 जून, 2020 में 1 जून, 2019 में 8 जून और 2018 में 29 मई को केरल पहुंचा था। पिछले 5 साल में मानसून का अनुमान लगभग सही रहा
पिछले 5 सालों के आंकड़ों को देखें तो मानसून सीजन में बारिश को लेकर IMD और प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट का अनुमान लगभग सही रहा है। 2024 में मानसून सीजन में 108% बारिश हुई थी, जबकि IMD ने 106% और स्काईमेट ने 102% बारिश का अनुमान जताया था। 2023 में 94% बारिश हुई थी। IMD ने 96% और स्काईमेट ने 94% बारिश का अनुमान जताया था। इससे पहले 2022 में 106% बारिश हुई थी। यह IMD और स्काईमेट दोनों के अनुमान से ज्यादा था। राज्यों से मौसम का हाल… राजस्थान: 10 शहरों में लू और तेज गर्मी, जयपुर में सड़कों पर किया जा रहा पानी का छिड़काव; 16 जिलों में बारिश का अलर्ट राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। जयपुर समेत 10 शहरों में तेज गर्मी और लू से लोग परेशान हैं। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर समेत तमाम शहरों में आज सुबह से आसमान साफ है और तेज धूप है। जयपुर में फॉग मशीन से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। प्रदेश में आज अलवर और उदयपुर समेत 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: नौतपा से पहले आंधी-बारिश, भोपाल-छिंदवाड़ा में तेज बरसात, शाजापुर-सीहोर और उमरिया में ओले गिरे नौतपा से पहले मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश वाला मौसम है। मई में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब किसी न किसी जिले में बारिश न हुई हो। बुधवार को भोपाल में सुबह तेज धूप रही, दोपहर में अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। इसी तरह छिंदवाड़ा में भी तेज बारिश हुई। सीहोर, उमरिया और शाजापुर में आंधी चली और ओले गिरे। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: झांसी में हीट स्ट्रोक से सीजन की पहली मौत, प्रयागराज में कूलर से ठंडे किए जा रहे ट्रांसफॉर्मर, कौशांबी में सामूहिक शादी का टेंट उड़ा यूपी में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पूर्वी हिस्से के जहां आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, पश्चिम और बुंदेलखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। सीजन में पहली बार बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां 46.6°C पारा रिकॉर्ड किया गया। झांसी में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां भीषण गर्मी से एक युवक की मौत हो गई। वह तेज धूप में गश खाकर गिर गया और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। प्रयागराज में कूलर लगाकर ट्रांसफॉर्मर ठंडे किए जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 8 जिलों में बारिश, कई शहरों में दिन में अंधेरा छा गया, आकाशीय बिजली से पूर्णिया और अररिया में 2 मौतें बिहार के 8 से ज्यादा जिलों में बुधवार सुबह तेज बारिश बारिश हुई। बेतिया, बगहा, मोतिहारी, रक्सौल और दरभंगा में सुबह-सुबह काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। स्थिति ये बन गई कि लोगों को सड़कों पर गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें… झारखंड: 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर, कहीं गिरे पेड़ तो कहीं गई जान झारखंड में बीते कुछ दिनों से पूर्व-पश्चिम दिशा से चले साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर दिख रहा है। पिछले कई दिनों से सुबह गर्मी और दोपहर में उमस के बाद मौसम तेजी से बदल रहा है। इससे लोगों को राहत तो मिल रही है, लेकिन 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा और बारिश ने तबाही मचा रखी है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: पंचकूला में बारिश, 2 और जिलों में मौसम बिगड़ा, तापमान 45 डिग्री पार हरियाणा के 3 जिलों में मौसम बिगड़ गया है। पंचकूला में बिजली चमकने के साथ आंधी और बारिश हो रही है। इसके अलावा कालका, यमुनानगर के जगाधरी, छछरौली और अंबाला व नारायणगढ़ में भी बारिश की संभावना है।वहीं प्रदेश में तापमान 45 डिग्री पार हो गया है। आज (21 मई) भी 12 जिलों, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लू चल रही है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 16 जिलों में आंधी-बिजली गिरने का अलर्ट, 5 जिलों में हल्की बारिश की संभावना पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री अधिक है। बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा है, जहां 45.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। पूरी खबर पढ़ें…