चंडीगढ़ कंगना थप्पड़ कांड में SIT करेगी जांच:एसपी सिटी अटवाल को बनाया इंचार्ज, रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को देंगे

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल के मंडी से सांसद कंगना रनौत को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने एक SIT का गठन किया है। इस SIT का हरवीर सिंह अटवाल एसपी सिटी मोहाली को इंचार्ज बनाया गया है। एयरपोर्ट के डीएसपी कुलजिंदर सिंह और थाना प्रभारी पैरी विंकल को भी शामिल किया गया है। तीन सदस्यीय कमेटी अब इस पूरे मामले की जांच करेगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बनाई जाएगी रिपोर्ट एसपी सिटी हरवीर सिंह अटवाल ने बताया कि इस पूरे मामले में एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरा को देखा जाएगा। उन कैमरों में जो लोग मौके पर मौजूद दिखेंगे उनसे भी पूछताछ की जाएगी। वही दोनों पक्षों को बुलाकर उनसे भी इस मामले में जांच पड़ताल की जाएगी। इसके बाद जो भी सबूत होंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को दे दी जाएगी। इसके लिए अभी तक कोई समय सीमा तय नहीं की गई है। क्योंकि इसमें काफी लोग शामिल होंगे। इस कारण पूछताछ में समय भी लग सकता है। कल किसानों ने किया था प्रदर्शन इस मामले को लेकर कल सीआईएसएफ की जवान कुलविंदर कौर के पक्ष में किसान मोहाली के गुरुद्वारा अंब साहिब के बाहर एकत्रित हुए थे। इसके बाद उन्होंने एक पैदल मार्च निकाला था। मार्च निकालते हुए वह मोहाली के एसएसपी ऑफिस पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने एसएसपी मोहाली को अपना ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने सीआईएसएफ की जवान कुलविंदर कौर पर हुए मुकदमे को खारिज करने की मांग की थी। इसके बाद पंजाब पुलिस ने यह SIT बनाने का फैसला लिया है। आंदोलनकारियों की तुलना ‘खालिस्तानी और आतंकियों से की थी कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान कई बयान दिए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर आंदोलनकारियों की तुलना खालिस्तानी आतंकियों से की थी। उन्होंने लिखा था- ‘खालिस्तानी आतंकवादी आज सरकार पर दबाव बना रहे हैं, लेकिन हमें एक महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को नहीं भूलना चाहिए। इंदिरा गांधी ने इन्हें अपनी जूती के नीचे कुचल दिया था। भले उन्होंने इस देश को कितनी भी पीड़ा दी हो, लेकिन उन्होंने अपनी जान की कीमत पर इन्हें मच्छरों की तरह कुचल दिया, लेकिन देश के टुकड़े नहीं होने दिए। उनकी मृत्यु के दशकों बाद भी आज भी उनके नाम से कांपते हैं, इनको वैसा ही गुरू चाहिए।’ कंगना ने किसान आंदोलन को लेकर कई ट्वीट किए थे। इसकी वजह से उनकी पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के साथ सोशल मीडिया पर तीखी बहस भी हो गई थी। शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने कंगना के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था।