मुंडका इलाके में पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान शबीला खातून (21) के रुप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर है। वारदात के बाद से वह फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक शबीला खातून पति माजिद के साथ मुंडका के बक्करवाला, लेबर कैंप में किराए पर रहती थीं। वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी।
गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बक्करवाला इलाके में एक महिला की हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई मिली। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस को पता चला कि महिला प्रेग्नेंट है। जांच में पुलिस को पता चला कि महिला का पति उसके चरित्र पर शक करता था। उसे अंदेशा था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। इसको लेकर आए दिन दोनों में झगड़ा होता रहता था। गुरुवार को दोनों के बीच हुए झगड़े में बात इतनी बढ़ी कि उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।