कल शनिवार, 29 मार्च को चैत्र मास की अमावस्या है और इसी दिन सूर्य ग्रहण भी हो रहा है। शनिवार को ही शनि का राशि परिवर्तन भी होगा। ये सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। इस कारण देश में सूर्य ग्रहण का सूतक नहीं रहेगा और पूरे दिन चैत्र अमावस्या से जुड़े सभी धर्म-कर्म किए जा सकेंगे। सूर्य ग्रहण नॉर्थ-वेस्ट अफ्रीका, यूरोप, नॉर्थ रूस में दिखाई देगा। ग्रहण भारतीय समय अनुसार दोपहर 2.21 बजे शुरू होगा और शाम 6.14 बजे खत्म होगा। जानिए चैत्र अमावस्या पर कौन-कौन से शुभ काम किए जाते हैं… 29 को शनि बदलेगा राशि 29 मार्च को शनि का राशि परिवर्तन भी है। शनि कुंभ से मीन राशि में प्रवेश करेगा। शनि के राशि बदलने से सभी 12 राशियों पर शनि का असर बदल जाएगा। शनि के अशुभ असर से बचने के लिए शनिदेव का तेल से अभिषेक करें। शनिदेव को नीले फूल चढ़ाएं। ऊँ शं शनैश्चराय नम: मंत्र का जप करें। शनिदेव के लिए काले तिल, तेल और छाते का दान करें। शनि के दोषों को दूर करने के लिए हनुमान जी की पूजा करने की सलाह भी दी जाती है। मान्यता है कि जो लोग हनुमान जी की पूजा करते हैं, उन लोगों पर शनि के दोषों का असर नहीं होता है।