जगदीप धनखड़ को हटवाने की तैयारी में विपक्ष:उपराष्ट्रपति के खिलाफ प्रस्ताव पर I.N.D.I.A ब्लॉक के 87 सांसदों के हस्ताक्षर

राज्यसभा के सभापति और विपक्षी सदस्यों के बीच अनबन 10 अगस्त को टकराव में बदल गई। नौबत इस हद तक पहुंच गई कि विपक्षी दलों ने सभापति जगदीप धनखड़ को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने की तैयारी कर ली है। प्रस्ताव औपचारिक रूप से आता है तो संसदीय इतिहास में पहली बार होगा कि उपराष्ट्रपति को हटाने की पहल विपक्ष कर रहा होगा। सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा में सपा सांसद जया अमिताभ बच्चन और जगदीप धनखड़ के बीच हुई बहस के बाद माहौल बिगड़ गया। राज्यसभा के 87 सदस्यों ने आनन-फानन में उपराष्ट्रपति को हटाने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर दिए। कांग्रेस के एक राज्यसभा सदस्य के मुताबिक ‘प्रस्ताव पर कांग्रेस के 4-5 सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। I.N.D.I.A ब्लॉक के राज्यसभा में 87 सदस्य हैं। संभव है कि बाहर के सदस्यों ने भी हस्ताक्षर किए हैं।’ विपक्ष ने जेपी नड्‌डा से 2 दिन पहले ही बताया था
बताया जाता है कि दो दिन पहले सदन के नेता जेपी नड्डा को भी अनौपचारिक रूप से बता दिया गया था कि विपक्ष धनखड़ को हटाने के लिए प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है। दरअसल, धनखड़ और विपक्ष के बीच लंबे समय से तकरार चल रही है। गुरुवार को ऐसी ही तनातनी के बीच धनखड़ आसंदी से उठ गए थे। I.N.D.I.A ब्लॉक के मुताबिक, नोटिस के जरिए वह सभापति के ‘पक्षपातपूर्ण’ रवैये को उजागर करेगा। अभी यह तय नहीं है कि प्रस्ताव कब पेश करेगा। सूत्रों के अनुसार, अभी हस्ताक्षर का सिलसिला बढ़ाया जाएगा। वैसे इसे विधिवत जमा कराने के लिए दो हस्ताक्षर ही काफी थे, लेकिन विपक्ष पूरी ताकत दिखाना चाहता है। इस बीच, शुक्रवार को संसद के दोनों सदन समय पूर्व स्थगित कर दिए गए। उपराष्ट्रपति को हटाने की प्रक्रिया क्या है?
उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं। उन्हें हटाने के लिए राज्यसभा में बहुमत से प्रस्ताव पारित कराना होगा। प्रस्ताव लाने से 14 दिन पहले नोटिस भी देना होगा। मानसून सत्र के आखिरी दिन राज्यसभा में हुई धनखड़-जया की बहस
संसद में राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान सपा सांसद जया बच्चन ने सभापति जगदीप धनखड़ की टोन पर आपत्ति जताई। धनखड़ ने सपा सांसद को जया अमिताभ बच्चन कहकर संबोधित किया था। इस पर जया ने कहा- मैं कलाकार हूं। बॉडी लैंग्वेज समझती हूं। एक्सप्रेशन समझती हूं। मुझे माफ कीजिए, लेकिन आपके बोलने का टोन स्वीकार नहीं है। जया की इस बात से धनखड़ नाराज हो गए। सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा- आप अपनी सीट पर बैठ जाइए। आप जानती हैं कि एक एक्टर को डायरेक्टर कंट्रोल करता है। मैं हर दिन अपनी बात दोहराना नहीं चाहता। हर दिन मैं स्कूली शिक्षा नहीं देना चाहता। सभापति जगदीप धनखड़ ने आगे कहा कि आप मेरी टोन पर सवाल उठा रही हैं। इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा। आप सेलिब्रिटी हों या कोई और, आपको डेकोरम बनाकर करना होगा।आप सीनियर मेंबर चेयर को नीचा दिखा रही हैं। बहस के बाद धनखड़ ने राज्यसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी। उधर, लोकसभा की कार्यवाही भी अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…