जडेजा के नाम IPL का अनोखा डबल रिकॉर्ड:चेपॉक में 17 साल बाद जीती RCB, धोनी ने 0.16 सेकेंड में की स्टंपिंग; मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 17 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स को उन्हीं के होमग्राउंड चेपॉक में हराया। टीम को 2008 में आखिरी जीत मिली थी। RCB ने शुक्रवार को 196 रन बनाए, जवाब में CSK 146 रन ही बना सकी। बेंगलुरु ने 50 रन से मैच जीत लिया। CSK के विकेटकीपर एमएस धोनी ने 0.16 सेकेंड में स्टंपिंग की। RCB के कप्तान रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे। रवींद्र जडेजा IPL में 3000 रन और 150 प्लस विकेट लेने वाले इकलौते खिलाड़ी बने। CSK vs RCB मैच के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स 1. धोनी ने फिर की तेज स्टंपिंग चेन्नई सुपर किंग्स को पहला विकेट विकेटकीपर एमएस धोनी की बहुत तेज स्टंपिंग के चलते मिला। 5वें ओवर की आखिरी बॉल नूर अहमद ने ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर फेंकी। सॉल्ट कवर ड्राइव खेलने गए, लेकिन मिस कर गए। धोनी ने बॉल कलेक्ट की और सॉल्ट का पैर क्रीज में आने से पहले ही गिल्लियां उड़ा दीं। उन्होंने 0.16 सेकेंड में स्टंपिंग की। फिल सॉल्ट 32 रन बनाकर आउट हुए। धोनी ने मुंबई के खिलाफ टीम के पहले मैच में भी इसी तरह की तेज स्टंपिंग की थी। तब उन्होंने सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा था। 2. कोहली के हेलमेट पर बॉल लगी, अगली गेंद पर छक्का लगाया 11वें ओवर में मथीश पथिराना की बाउंसर विराट कोहली के हेलमेट पर लगी। विराट पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद मिस कर गए। फिजियो मैदान में आए और कोहली को चेक करने लगे। विराट ने कुछ देर बाद बैटिंग शुरू की और अगली ही गेंद पर छक्का लगा दिया। 3. रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को 3 जीवनदान मिले। दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी और खलील अहमद ने 8 गेंद के अंदर रजत के 3 कैच छोड़े। इसके बाद उन्होंने 51 रन की पारी खेली। 4. टिम डेविड ने 3 लगातार छक्के लगाए 20वें ओवर में बेंगलुरु के टिम डेविड ने सैम करन के खिलाफ लगातार 3 छक्के लगाए। करन ने ओवर की शुरुआती 2 गेंदें डॉट करा दीं। डेविड ने तीसरी बॉल पर लॉन्ग लेग, चौथी गेंद पर सामने और पांचवीं गेंद पर लॉन्ग ऑन की दिशा में छक्का लगा दिया। उन्होंने 8 गेंद पर 22 रन बनाए। 5. हेजलवुड को 1 ओवर में 2 विकेट बेंगलुरु के जोश हेजलवुड ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट झटक लिए। उन्होंने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद बाउंसर फेंकी। राहुल त्रिपाठी मिड-विकेट पोजिशन पर फिल सॉल्ट के हाथों कैच हो गए। हेजलवुड ने ओवर की छठी गेंद शॉर्ट पिच फेंकी, इस बार CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड लॉन्ग लेग पर मनोज भांडागे के हाथों कैच हो गए। 6. एक ही ओवर में आउट हुए रचिन-शिवम CSK के 2 टॉप स्कोरर रचिन रवींद्र और शिवम दुबे एक ही ओवर में आउट हो गए। दोनों को 13वें ओवर में यश दयाल ने बोल्ड किया। ओवर की पहली गेंद यश ने फुलर लेंथ फेंकी, गेंद रचिन के बैट से लगकर स्टंप्स से टकरा गई। यश ने पांचवीं गेंद शॉर्ट पिच फेंकी, बॉल दुबे के बैट से लगकर फिर स्टंप्स से टकराई। रचिन ने 41 और दुबे ने 19 रन बनाए। रिकॉर्ड्स… 1. CSK के खिलाफ टॉप स्कोरर बने कोहली RCB के विराट कोहली ने शुक्रवार को 31 रन बनाए। इसी के साथ वे CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा IPL रन बनाने वाले प्लेयर बन गए। उनके नाम अब 34 मैचों में 1084 रन हो गए। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 29 मैचों में 1057 रन बनाए थे। 2. चेपॉक में 17 साल बाद RCB ने CSK को हराया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 17 साल बाद चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में CSK को हराया। टीम ने इस मैदान पर 2008 में आखिरी बार चेन्नई को 14 रन से हराया था। तब राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टीम को जीत मिली थी। इस बीच RCB ने 8 मैच गंवाए और अब जाकर उन्होंने चेपॉक में होम टीम को हराया। 3. जडेजा के 3000 IPL रन पूरे रवींद्र जडेजा ने शुक्रवार को अपने 3000 IPL रन पूरे कर लिए। उन्होंने 242वें मैच में यह कारनामा हासिल किया, उनके नाम 160 विकेट भी हैं। जडेजा IPL में 3000 रन और 150+ विकेट का डबल रिकॉर्ड बनाने वाले इकलौते प्लेयर बने। __________________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… चेपॉक में CSK को नहीं जिता पाए रचिन-धोनी:रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे, उन्होंने लगा दी फिफ्टी; RCB 50 रन से जीती रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने धीमी पिच पर बेहतरीन बैटिंग के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स को उन्हीं के घर में 50 रन से हरा दिया। चेपॉक में शुक्रवार को टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए RCB ने 196 रन बनाए। जवाब में CSK 146 रन ही बना सकी। पूरी खबर