जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में एवलॉन्च आया:प्रदेश में पिछले 36 घंटे से लगातार बारिश जारी; अगले 8 घंटे बरसात के साथ बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग के सरबल इलाके में एवलॉन्च आया है। माछिल में भारी बर्फबारी के चलते बीते 24 घंटे में बर्फ की 12 से 15 इंच मोटी परत जम गई है। अगले 8 घंटे में कई जगहों पर भारी बारिश और ओले गिरने और ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी होने की आशंका है। कश्मीर में पिछले 36 घंटे से लगातार बारिश-बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि 30 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी रहेगी। श्रीनगर प्रशासन ने लोगों को झेलम नदी और डल झील समेत अन्य नदी-नालों से से दूर रहने की सलाह दी है। वहीं, देश में तेज गर्मी का असर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 3 दिन बाद सीवियर हीटवेव चलेगी। हीटवेव के अलर्ट वाले राज्यों में तापमान 42 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी टेम्परेचर 42º रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, इन तीन राज्यों में हीटवेव की स्थिति नहीं है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल में आज तापमान 45 डिग्री पहुंचने का अनुमान
उधर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में आज तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश के नांदयाल में रविवार को सबसे ज्यादा टेम्परेचर (45.2 डिग्री) रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में फिलहाल लू चलने का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन यहां तेज गर्मी का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आज तापमान 40 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, आंध्र प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा कि MP, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में बारिश की वजह से तापमान में कमी नहीं आएगी। आने वाले दिनों में बढ़ोतरी की उम्मीद है। उत्तर भारत के राज्यों में हीटवेव से राहत की वजह
IMD की साइंटिस्ट सोमा सेन रॉय ने कहा- उत्तर भारत के राज्यों में आंधी-तूफान की स्थिति बन रही है। अफगानिस्तान की ओर से एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के भारत पर असर पड़ने के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 1 हफ्ते तक हीटवेव चलने की संभावना कम है। अगले 3 दिनों का मौसम का अनुमान… 29 अप्रैल: 12 राज्यों में हीटवेव चलेगी; उत्तराखंड में ओले गिरेंगे 30 अप्रैल: मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में तापमान 42 डिग्री के आस-पास दर्ज हो सकता है 1 मई: बिहार, झारखंड में सीवियर हीटवेव चलेगी, नॉर्थ-ईस्ट के 4 राज्यों भारी बारिश होगी पहली बार पूरे केरल में लू चल रही, 100 साल में दूसरी बार तेज गर्मी
गर्मी के चलते इस बार केरल में हालात बहुत बुरे हो गए हैं। पूरे राज्य में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जो कि सामान्य स्तर से 4 से 5 डिग्री ज्यादा है। एक दिन पहले पलक्कड़ में पारा 41.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो कि बीते 100 साल में राज्य का दूसरा सबसे उच्चतम तापमान है। इससे पहले 2016 में यह 41.9 डिग्री था। पहली बार भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे राज्य में लू चलने की बात कही है। सभी जिलों में गर्मी का यलो अलर्ट लगातार बना हुआ है। इस वजह से राज्य में घरेलू पर्यटन उद्योग 40% तक गिर गया है। वायनाड, मुन्नार जैसे खूबसूरत इलाके पर्यटकों से सूने पड़े हैं। केरल के लोग कश्मीर, शिमला, दार्जिलिंग घूमने जा रहे हैं। 2023 में 2.18 करोड़ घरेलू पर्यटक केरल पहुंचे थे, जो कि 2022 के मुकाबले 15.92% ज्यादा थे। इस बार हालात इसके ठीक उलट हैं। आबाद ग्रुप ऑफ होल्टस एंड रिजॉर्ट के कॉर्पोरेट सेल्स मैनेजर मंजूर ए.आर के मुताबिक गर्मी के चलते मई में भी हालात यही रहने की आशंका है। जबकि 2022 और 2023 के इन महीनों में होटलों की ऑक्यूपेसी 100% के करीब थी। कब चलती है हीटवेव?
मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब चलती है जब मैदानी इलाकों में टेम्परेचर 40 डिग्री, समुद्र के तट के करीब के इलाकों में 37 डिग्री और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री हो जाए। सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने पर हीटवेव और 6.4 डिग्री का इजाफा होने पर सीवियर हीटवेव चलती है। UN की रिपोर्ट में दावा- हीटवेव से पिछले साल 110 जानें गईं
यूनाइटेड नेशंस ने एशियाई देशों के 2023 में क्लाइमेट को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें दावा किया गया है कि पिछले साल एशियाई देश विश्व में सबसे ज्यादा आपदाओं से प्रभावित होने वाले देशों की लिस्ट में थे। रिपोर्ट की तीन महत्वपूर्ण बातें सिलसिलेवार पढ़ें… मानसून को लेकर 2 अनुमान 1. मौसम विभाग का अनुमान- मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 20 राज्यों में अच्छी बारिश होगी भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि इस बार जून से सितंबर तक मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। मौसम विभाग (IMD) 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। IMD ने बताया कि 2024 में 106% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें… 2. स्काईमेट का अनुमान- इस साल सामान्य मानसून, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में अच्छी बारिश होगी वेदर एजेंसी स्काईमेट ने मंगलवार 9 अप्रैल को बताया था कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा। यानी जून से सितंबर तक 4 महीने में औसत या सामान्य बारिश होगी। मौसम विभाग (IMD) 96 से 104 फीसदी के बीच बारिश को औसत या सामान्य मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। पूरी खबर पढ़ें…