जम्मू-कश्मीर में 48 घंटों के भीतर दूसरा आतंकी हमला:कठुआ के गांव में घुसकर फायरिंग की; मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, एक की तलाश

जम्मू-कश्मीर के रियासी में श्रद्धालुओं की बस पर हमले के 48 घंटे के भीतर मंगलवार 11 जून को कठुआ में एक और आतंकी हमला हुआ। इसमें एक नागरिक घायल हो गया। सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। जम्मू के ADGP आनंद जैन ने दैनिक भास्कर को बताया कि हमें दो आतंकियों के सीमा पार से के सैदा सुखल गांव में घुसने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। इस दौरान दो आतंकियों में से एक ने ग्रेनेड फेंकने की कोशिश की और गोलीबारी में मारा गया। दूसरे आतंकवादी के गांव में छिपे होने की खबर है। आतंकी घरों में जाकर पानी मांग रहे थे
ADGP जैन ने बताया कि शाम करीब 8 बजे 2 आतंकी कठुआ के सैदा सुखल गांव में दिखे थे। वे कुछ घरों में गए और पानी मांगा। इस दौरान लोगों को उन पर शक हुआ। लोगों ने अपने घर के दरवाजे बंद कर दिए, जबकि कुछ ने शोर मचाया। इससे आतंकी घबरा गए और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें ओंकार नाथ उर्फ ​​बिटू नाम के शख्स के हाथ में गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया है। वह खतरे से बाहर है। ADGP ने कहा कि हमले को लेकर सोशल मीडिया पर काफी फर्जी खबरें चल रही हैं। झूठी रिपोर्टों में दावा किया गया है कि एक जगह से तीन नागरिकों के शव बरामद किए गए हैं और आतंकियों ने कुछ ग्रामीणों को बंधक बना लिया है। ये सूचना गलत है। हम लोगों से ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करने या फैलाने का आग्रह करते हैं। उधर, डोडा में आतंकवादियों ने चत्तरगला दर्रे में पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स की जॉइंट पार्टी पर फायरिंग कर दी थी। ये सभी आतंक विरोधी अभियान के तहत सर्च ऑपरेशन के लिए गए थे। सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ जारी है। इससे पहले, 9 जून को रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला किया था। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। रियासी हमले के संदिग्ध का स्केच जारी, 20 लाख इनाम रियासी पुलिस ने पौनी इलाके में रविवार को यात्री बस पर हुए हमले में शामिल आतंकियों की जानकारी देने वाले को 20 लाख रु. का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध आतंकी का स्केच जारी किया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बोले- हम प्रशासन और पीड़ित के लगातार संपर्क में
उधमपुर से सांसद जितेंद्र सिंह ने X पर एक पोस्ट में लिखा- मैं अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक हीरानगर सेक्टर के सैदा गांव में एक घर पर हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर कठुआ के डीसी (उपायुक्त) राकेश मिन्हास और एसएसपी कठुआ अनायत अली चौधरी के भी संपर्क में हूं। जिस घर पर हमला हुआ था, उसका मालिक (नाम का खुलासा नहीं किया जाएगा) भी मोबाइल फोन पर संपर्क में है। संयुक्त पुलिस और अर्धसैनिक अभियान चल रहा है। वैष्णो देवी रूट की हर बस में अब दो सुरक्षाकर्मी तैनात हुए
भास्कर रिपोर्टर मुदस्सिर कुल्लू के मुताबिक रियासी आतंकी हमले के बाद सुरक्षा के ​खास कदम उठाए जा रहे हैं। रियासी से कटरा के 30 किलोमीटर मार्ग पर सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ा दी गई है। साथ ही इस रूट पर चलने वाली हर बस में दो सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। एक वरिष्ट पुलिस अधिकारी ने बताया है कि रियासी से कटरा के बीच पहले से पांच जगहों पर बैरक बने हैं। अब पांच और जगहों पर बैरक बनाए जा रहे हैं। यात्रियों को भी सावधानी बरतने की सलाह
जांच एजेंसियों का कहना है कि हमला श्री माता वैष्णो देवी यात्रा बाधित करने और तीर्थ यात्रियों में डर पैदा करने के इरादे से किया गया था। इसलिए यात्रियों को भी यात्रा के दौरान सावधानी रखने की सलाह दी गई है। इसमें रात में यात्रा करने से बचना, जंगलों के पास न रुकना और केवल आवासीय क्षेत्रों में ठहरना शामिल है। इसके अलावा श्री अमरनाथ यात्रा की तरह वाहनों और यात्रियों को ट्रैक करने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) से टैग करने पर भी विचार किया जा रहा है।