जरूरत की खबर- धनतेरस पर शॉपिंग के 20 यूनीक आइडियाज:चीजें जो घर के लिए उपयोगी हैं और सेहत के लिए फायदेमंद भी

दिवाली से दो दिन पहले पूरे देश में धनतेरस का त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस पर्व का हिंदू संस्कृति में बहुत महत्व है। इस दिन खरीदारी करने की पुरानी परंपरा है। धनतेरस को ‘धनत्रयोदशी’ के नाम से भी जाना जाता है। धनतेरस संस्कृत के दो शब्दों ‘धन’ और ‘तेरस’ से बना है, जिसका अर्थ है धन और 13वां दिन। ऐसा इसलिए है क्योंकि यह त्योहार हिंदू कैलेंडर में कृष्ण पक्ष के 13वें दिन पड़ता है। धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी के साथ-साथ बर्तन खरीदना भी बेहद शुभ माना जाता है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, साल 2023 में देश में धनतेरस के दिन 50,000 करोड़ रुपए की शॉपिंग हुई थी, जिसमें अकेले दिल्ली का योगदान 5,000 करोड़ रुपए था। वहीं सोने और चांदी का लेन-देन 30,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। तो आज जरूरत की खबर में हम धनतेरस पर शॉपिंग के 20 यूनीक आइडियाज की बात करेंगे। आइए पहले साल 2023 के धनतेरस मार्केट पर एक नजर डाल लेते हैं। धनतेरस पर खरीदारी करना क्यों शुभ माना जाता है ऐसी मान्यता है कि धनतेरस पर खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। धनतेरस पर किन चीजों की खरीदारी कर सकते हैं वैसे तो धनतेरस पर लोग सोने-चांदी के सामान खरीदने को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं, लेकिन इसके अलावा भी कुछ चीजें हैं, जो हम इस पर्व पर खरीद सकते हैं। नीचे ग्राफिक में इसकी लिस्ट देखें- धनतेरस शॉपिंग के 20 यूनीक आइडियाज जैसे-जैसे धनतेरस का त्योहार करीब आ रहा है। हम अपनी शॉपिंग की लिस्ट बनाने में लग गए हैं। ​हालांकि लिस्ट बनाते समय सही वस्तुओं का चयन करना महत्वपूर्ण है। तो यहां हम बता रहे हैं धनतेरस पर शॉपिंग के 20 यूनीक आइडियाज। घर के बर्तन 1. कांसे का डिनर सेट इस धनतेरस कांसे का डिनर सेट लेना एक अच्छा आइडिया हो सकता है। आयुर्वेद में कांसे का बहुत महत्व है। कांसे के बर्तन में खाना पकाने और खाने से डाइजेशन इम्प्रूव होता है। 2. तांबे की थाली और कटोरियां कांसे की तरह तांबा भी एक बहुत उपयोगी धातु है। सुबह खाली पेट तांबे के बर्तन में रखा पानी पीना सेहत के लिए अच्छा होता है। तो क्यों न इस धनतेरस आप तांबे की थाली और कटोरियां घर ले आएं। 3. पीतल का गिलास सेट पीतल के बर्तन के उपयोग से इम्यूनिटी मजबूत होती है तो इस बार धनतेरस पर हम पीतल का गिलास सेट भी खरीद सकते हैं। 4. तांबे का लोटा हमारे पूर्वज तांबे, पीतल और कांसे से बने बर्तन का इस्तेमाल करते थे। इससे वह स्वस्थ रहते थे। इस बार धनतेरस पर हम तांबे का लोटा खरीद सकते हैं। ये हमारे दैनिक जीवन के लिए बेहद उपयोगी है। 5. तांबे की पानी की बोतल नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक तांबे में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जिससे यह कीटाणुओं से लड़ने और इन्फेक्शन से बचाने में मदद करता है। ये ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है। ऐसे में हम इस धनतेरस तांबे की बोतल खरीद सकते हैं। 6. डाइनिंग टेबल पर फ्रूट्स रखने के लिए पीतल या तांबे की टोकरी जैसा कि हमने ऊपर बताया है कि तांबा, पीतल और कांसे के बर्तन हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं। तो इस धनतेरस हम अपने डाइनिंग टेबल पर फ्रूट्स रखने के लिए पीतल या तांबे की टोकरी खरीद सकते हैं। 7. तांबे का स्कूल टिफिन आमतौर पर हम अपने बच्चों को प्लास्टिक से बने टिफिन में स्कूल का लंच देते हैं, जो कि बच्चों की सेहत के लिए नुकसानदायक है। तो क्यों न इस बार धनतेरस पर बच्चों के लिए तांबे से बना स्कूल टिफिन खरीदें। 8. तांबे या पीतल के खाना बनाने के बर्तन अगर हम तांबे या पीतल को अपने डेली यूज के बर्तनों में शामिल करें तो ये एक नई शुरुआत होगी। यह हमारे स्वास्थ्य के लिहाज से भी काफी अच्छा है। घर की साज-सज्जा के सामान 9. ब्रास की बनी हैंगिंग घंटियां बाजार में बहुत खूबसूरत ब्रास की बनी तरह-तरह की घंटियां मिलती हैं। इन्हें आप घर के मुख्य द्वार पर, दरवाजे और दीवारों के कोनों में और घर के मंदिर में कहीं भी टांग सकते हैं। 10. ब्रास का यूनीक पॉट​​​​​​​ यह देखने में बहुत खूबसूरत होता है। इसमें पानी डालकर फूल और दीया सजा सकते हैं। इसे आप घर के भीतर, दरवाजों के कोनों में और मुख्य द्वार पर लगा सकते हैं। 11. मुख्यद्वार पर सजाने के लिए ब्रास का तोरण यदि आप अपने घर को सजाने के लिए कोई शानदार डेकोर आइटम की तलाश कर रहे हैं तो पीतल से बना तोरण खरीद सकते हैं। इसे बंदनवार भी कहते हैं। यह घर के मेन गेट पर लगाया जाता है। 12. घर के भीतर गमलों के लिए ब्रास का स्टैंड अगर आप अपने घर को सबसे अलग और यूनीक तरीके से सजाना चाहते हैं तो अपने गमलों के लिए ब्रास यानी पीतल का स्टैंड ले सकते हैं। 13. पीतल की सुंदर, सजावटी मूर्तियां ये आइटम्स गेस्ट रूम और लिविंग रूम के लिए परफेक्ट हैं। इससे हम अपने घर को यूनीक टच दे सकते हैं। ये मूर्तियां घर आने वाले मेहमानों को आकर्षित करेंगी। पूजा घर से जुड़़ी सामग्री 14. कांसे या तांबे से बनी पूजा की थाली हम अपने पूजा स्थान को सबसे ज्यादा साफ-सुथरा रखना पसंद करते हैं। अगर यहां की सुंदरता और बढ़ाना चाहते हैं तो इस बार धनतेरस पर कांसे या तांबे से बनी पूजा की थाली खरीद सकते हैं। 15. देवी-देवता की तस्वीर वाला ब्रास का दीया​​​​​​​​​​​​​​ अगर थाली के साथ एक देवी-देवता की तस्वीर वाला यूनीक ब्रास का दीया भी घर लाएं तो ये हमारे पूजा स्थान में चार-चांद लगा देगा। 16. ब्रास की बनी देवी-देवता की मूर्ति आमतौर पर लोग पूजा के लिए देवी-देवता की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर इस बार हम धनतेरस पर पीतल से बनी मूर्ति अपने घर लाएं तो हमारे पूजा घर की शोभा और बढ़ जाएगी। 17. पूजा घर के लिए सुंदर नक्काशीदार घंटी लगभग हर घर में पूजा के लिए घंटी होती है। अगर ये सुंदर और नक्काशीदार हो तो कितना अच्छा हो। क्यों न इस बार धनतेरस पर हम नक्काशीदार घंटी खरीदें। 18. भगवान के भोग के लिए तांबे या पीतल की थाली व कटोरी जब हम अपने खाने-पीने के लिए तांबे या पीतल की थाली व कटोरी खरीद सकते हैं। तो इस धनतेरस ईश्वर के भोग के लिए भी इन बर्तनों को खरीदने पर विचार कर सकते हैं। 19. गिफ्ट देने के लिए भगवान की तस्वीर वाले सिक्के धनतेरस व दिवाली के मौके पर लोग अपने प्रियजनों को गिफ्ट देते हैं। इस बार धनतेरस पर हम भगवान की तस्वीर वाले सिक्के गिफ्ट के लिए खरीद सकते हैं। 20. पीतल या चांदी की बनी सिंदूर की डिब्बी सिंदूर महिलाओं के सुहाग का प्रतीक है। ऐसे में महिलाएं इस धनतेरस पीतल या चांदी की बनी सिंदूर की डिब्बी खरीद सकती हैं। …………………………… जरूरत की ये खबर भी पढ़िए जरूरत की खबर- दिवाली पर घर पेंट करते हुए सावधान: पेंट में हो सकता है लेड, बच्चों के लिए खतरनाक दिवाली के नजदीक आते ही हम सभी घर की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई में लग जाते हैं। हमारा ध्यान इस बात पर अधिक होता है कि कौन सा पेंट घर को अधिक चमकदार बनाता है। लेकिन हम कभी इस बात पर ध्यान नहीं देते कि लेड युक्त पेंट्स हमारे लिए कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं। पूरी खबर पढ़िए…