जरूरत की खबर- बारिश में कार-बाइक चलाते हुए सावधान:बढ़ता एक्सीडेंट का रिस्क, बरतें 10 सावधानियां, जरूर चेक कराएं ये 9 ऑटो पार्ट्स

मानसून आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन बारिश का यह मौसम स्कूल, कॉलेज या दफ्तर जाने वाले लोगों के लिए कई परेशानियां भी लेकर आता है। इस मौसम में भारी बारिश के कारण ड्राइविंग करना बेहद चुनौती भरा काम है। अक्सर सड़कों पर बारिश का पानी भर जाता है, जिससे वे फिसलन भरी और खतरनाक हो जाती हैं। भारी बारिश में विजिबिलिटी भी कम हो जाती है। जिससे बहुत दूर तक देखना मुश्किल होता है। बारिश में वाहन चलाने के अलावा पैदल सड़क पार करना भी खतरनाक हो सकता है। आए दिन भारी बारिश की वजह से सड़क हादसों की खबरें सामने आती रहती हैं। बारिश की वजह से मैदानी हो या पहाड़ी, हर इलाके में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि बारिश के मौसम में कार या बाइक चलाते समय क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। साथ ही जानेंगे कि- एक्सपर्ट: दिनेश जैन, ऑटो एक्सपर्ट (विदिशा) सवाल- बारिश के मौसम में कार चलाते समय किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए? जवाब- बारिश के समय सड़क दुर्घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं क्योंकि सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। इसके अलावा बारिश के बूंदों की वजह से गाड़ी चलाते समय अक्सर विजिबिलिटी कम हो जाती है। इससे कई बार काफी पास की गाड़ी भी ठीक से दिखाई नहीं देती। ऐसे में सड़क पर दूसरी गाड़ियों से टक्कर की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए बारिश के मौसम में ड्राइविंग करते समय विजिबिलिटी के लिए विंडशील्ड वाइपर ब्लेड और हेडलाइट्स का इस्तेमाल करें। हाल ही में बारिश के मौसम में ड्राइविंग को लेकर मुंबई पुलिस द्वारा कुछ सुझाव दिए गए हैं। नीचे ग्राफिक में इन्हें देख सकते हैं। सवाल- बरसात के मौसम में दोपहिया वाहन चलाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जवाब- बरसात के समय दोपहिया वाहन चलाना सबसे जोखिम भरा होता है क्योंकि सड़क पर ऑयल, कीचड़, पानी की वजह से फिसलन रहती है। सड़क के गीले होने की वजह से पहियों और सड़क के बीच घर्षण-बल कम हो जाता है। इसकी वजह से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। इसके अलावा कई बार सड़कों पर हुए गड्ढों में पानी भर जाता है, जो बारिश का पानी भरने से नजर नहीं आता। इसलिए बारिश के मौसम में दोपहिया वाहन चालकों को कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि बारिश के मौसम में बाइक या स्कूटर चलाते समय क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। आइए ऊपर ग्राफिक में दिए कुछ पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं। बाइक या स्कूटर के टायर चेक करें मानसून का मौसम शुरू होने से पहले अपने वाहन के टायरों की जांच जरूर करें। यह देखें कि टायर की चौड़ाई और गहराई सही है या नहीं। दोपहिया वाहन के टायर को सड़क के साथ संपर्क और पकड़ बनाए रखने के लिए डिजाइन किया जाता है। लेकिन टायर घिसने के साथ पूरी तरह सपाट यानी फ्लैट होने लगता है, जो बारिश के मौसम में फिसलन का कारण बन सकते हैं। ऐसे में गीली सड़क पर चलना खतरनाक हो सकता है। अगर आप दफ्तर या किसी काम से बारिश के मौसम में हर रोज निकलते हैं तो बाइक के टायर को बदलना सबसे अच्छा है। मानसून के दौरान ओवरस्पीडिंग से बचें बारिश के कारण सड़क और बाइक या स्कूटर के टायरों के बीच पकड़ कम हो जाती है। जब आप बरसात के मौसम में 60 किमी/घंटा से अधिक की गति से वाहन चलाते हैं तो मोड़ पर चलते समय या अचानक ब्रेक लगाने के कारण फिसलने का जोखिम रहता है। हालांकि अगर आप 30-50 किमी/घंटा की गति के भीतर बाइक या स्कूटर सावधानी से चलाते हैं तो ब्रेक लगाने पर भी गिरने का जोखिम कम रहता है। बारिश के तुरंत बाद निकलने से बचें बारिश के 20-30 मिनट बाद सड़कें सबसे ज्यादा फिसलन भरी होती हैं। बारिश होने पर तेल और सड़क की गंदगी के जमा होने से सड़क पर फिसलन भरी परत बन जाती है। ऐसी स्थिति में बाइक चलाना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए मानसून की बारिश के बाद 30-40 मिनट तक इंतजार करने की सलाह दी जाती है। हमेशा पूरे सिर और चेहरे को कवर करने वाला हेलमेट पहनें बारिश के मौसम में बाइक या स्कूटर पर निकलते समय फुल फेस हेलमेट जरूर पहनें। इससे बारिश का पानी आपकी आंखों तक नहीं पहुंचेगा। इसके साथ ही किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति में आपका सिर सुरक्षित रहेगा। बरसात के मौसम में काले चश्मे की बजाय ट्रांसपैरेंट चश्मा पहनना चाहिए। बारिश में बाइक की हेडलाइट्स ऑन रखें भारी बारिश के दौरान सड़क पर विजिबिलिटी की समस्या सबसे ज्यादा होती है। खासकर जब आप बाइक या स्कूटर चला रहे हों। इसलिए बारिश के मौसम में सुरक्षित रहने के लिए अपने वाहन की हेडलाइट्स चालू रखनी चाहिए। खासतौर पर ऐसी सड़क पर जहां डिवाइडर नहीं है और दोनों दिशाओं से गाड़ियां आ रही हैं। इसके अलावा बारिश के मौसम में रियर लाइट और इंडिकेटर लाइट को भी समय-समय पर साफ करते रहें क्योंकि कीचड़ या पानी की वजह से इनकी रोशनी कम हो सकती है। समय पर सर्विसिंग कराएं बारिश के मौसम में बीच रास्ते में बाइक खराब न हो जाए, इसके लिए अपनी बाइक की सर्विसिंग समय पर कराएं। ध्यान रखें कि टायरों में ठीक से हवा भरी हुई हो, सभी लाइट्स और ब्रेक अच्छे से काम कर रहे हों। बिना बीमा के वाहन न चलाएं मोटर वाहन अधिनियम, 2019 के मुताबिक इंश्योरेंस पॉलिसी के बिना गाड़ी चलाना अवैध है। इसलिए अपनी बाइक की बीमा पॉलिसी जरूर चेक करें। मानसून के दौरान बाइक दुर्घटनाओं के मामले बढ़ जाते हैं। इसलिए बीमा कवर जरूर लें। पेट्रोल टंकी पर कवर लगवाएं बाइक को बारिश से बचाने के लिए वाटरप्रूफ बाइक कवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये कवर फ्यूल टैंक में पानी जाने से रोकते हैं। इससे बाइक स्टार्ट नहीं होने और फ्यूल टैंक साफ कराने के खर्च से बचा जा सकता है। सवाल- बारिश के मौसम में सड़क पर पैदल चलते समय किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए? जवाब- बारिश के समय सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वालों को भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे मौसम में हल्के और चमकदार कपड़े पहनने चाहिए क्योंकि तेज बारिश के समय विजिबिलिटी कम हो जाती है। ऐसे में काले, भूरे, ग्रे या डस्की रंग के कपड़े दूर से आसानी से नजर नहीं आएंगे। कपड़ों का रंग ऐसा होना चाहिए कि दूर से ही साफ चमकता हुआ नजर आए। रेनकोट भी शार्प और चमकीले रंग का पहनें। अगर छाता लगाकर निकल रहे हैं तो काले छाते की बजाय ऐसे रंग का छाता लगाएं, जो वाहनों की लाइट पड़ने पर दूर से रिफ्लेक्ट करे।