इस बार अप्रैल महीने में ही गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आसमान से मानो आग बरस रही है। अगले कुछ दिनों में तापमान 42-45 तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में हीट वेव की चेतावनी जारी कर रखी है। इंसान से लेकर जीव-जंतु तक हर कोई भीषण गर्मी से परेशान है। चिलचिलाती धूप में लोग घरों से निकलना अवॉइड कर रहे हैं। आलम ये है कि तेज धूप की वजह से घरों में भी राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में लोग अपने कमरे को ठंडा रखने के लिए तरह-तरह के तरीके अपना कर रहे हैं। तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम इस भीषण गर्मी में ज्यादा बजट बिगाड़े बिना कमरे को ठंडा रखने के आसान तरीकों के बारे में बात करेंगे। गर्मी में कमरे को ठंडा रखने के आसान उपाय तेज धूप के कारण कमरे पूरी तरह गर्म हो जाते हैं। ऐसे में जिनके पास AC या कूलर की व्यवस्था नहीं होती, वे अपने कमरे को ठंडा रखने के लिए परेशान रहते हैं। हालांकि कुछ आसान उपाय हैं, जाे इसमें मददगार साबित हो सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए- आइए, अब ऊपर दिए इन पॉइंट्स के बारे में विस्तार से बात करते हैं। ब्लैकआउट कर्टेन्स या ब्लाइंड्स का इस्तेमाल करें गर्मी के मौसम में सूरज की सीधी किरणें घर को बहुत गर्म कर देती हैं। ऐसे में ब्लैकआउट पर्दे और ब्लाइंड्स इन किरणों को घर में प्रवेश करने से रोकते हैं। इससे अंदर का तापमान सामान्य बना रहता है। ये मोटे कपड़े या विशेष सामग्रियों जैसे बांस, मेश और पीवीसी से बने होते हैं, जो प्रकाश को पूरी तरह से ब्लॉक कर देते हैं। कुछ लोग खिड़कियों पर लगे पर्दे पर बीच-बीच में पानी डालते हैं। इससे भी कमरे में ठंडक बनी रहती है। छत पर चूने की पुताई कराएं चूना एक नेचुरल और सस्ता कूलेंट है। सफेद रंग होने के कारण यह सूर्य की किरणों को परावर्तित करता है। इससे छत गर्म नहीं होती और घर के अंदर का तापमान बाहर की अपेक्षा कम रहता है। ग्रीन शेड नेट्स का इस्तेमाल करें शेड नेट्स एक प्रकार का जाल होता है, जिसे छत पर लगाया जाता है। यह सूर्य की किरणों को सीधे छत पर पड़ने से रोकता है, जिससे छत और घर के अंदर का तापमान सामान्य बना रहता है। ग्रीन शेड नेट्स कई डेंसिटी में आते हैं, जिसे आप अपनी जरूरत के अनुसार चुन सकते हैं। छत पर वाटरप्रूफिंग कराएं वाटरप्रूफिंग न केवल घर को नमी से बचाता है, बल्कि यह एक एक्स्ट्रा इन्सुलेशन लेयर के रूप में भी काम करता है। मोटी परत सूर्य की गर्मी को घर के अंदर प्रवेश करने से कुछ हद तक रोक सकती है, जिससे कमरे का तापमान बाहर की अपेक्षा कम रहता है। एग्जॉस्ट फैन लगवाएं एग्जॉस्ट फैन कमरे के अंदर की गर्म हवा को बाहर निकालता है। कमरे को ठंडा रखने का एक आसान उपाय ये भी हो सकता है। छत पर पानी का छिड़काव करें शाम के समय छत पर पानी का छिड़काव करने से फर्श की गर्मी पानी के माध्यम से भाप बनकर निकल जाती है। इससे छत ठंडी हो जाती है। ठंडी छत रात भर कमरे को ठंडा रखने में मदद करती है। इनडोर प्लांट्स लगाएं कुछ इनडोर पौधे नेचुरल एयर कंडीशनर के रूप में काम करते हैं। वे हवा को शुद्ध करते हैं और नमी छोड़ते हैं, जिससे कमरे का तापमान थोड़ा कम हो सकता है और ताजगी बनी रहती है। कमरे में बाल्टियों में पानी भरकर रखें कमरे में पानी से भरी बाल्टियां रखने से नमी बढ़ती है और तेज धूप व गर्मी में भी कमरे का तापमान सामान्य बना रहता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि पानी वाष्पित होकर नमी बनाता है, जो कमरे में हवा को ठंडा करती है। ज्यादा वॉट के बल्ब का इस्तेमाल न करें ज्यादा वॉट के बल्ब टेम्परेचर को बढ़ाते हैं। इनकी जगह कम वॉट वाले एलईडी बल्ब का इस्तेमाल करें, जो कम गर्मी पैदा करते हैं और बिजली भी बचाते हैं। शाम के समय जब तापमान थोड़ा कम होने लगता है तो कमरे की लाइट को डिम (धीमा) रखने से गर्मी कम महसूस होती है। कमरे में ठंडे पानी से पोछा लगाएं ठंडे पानी से पोंछा लगाने से फर्श ठंडी होती है और कमरे के तापमान को कम करने में मदद मिलती है। यह कमरे को ठंडा रखने का एक इंस्टेंट और आसान तरीका है। हल्के तकिया-चादर का इस्तेमाल करें हल्के रंग के कपड़े सूर्य की किरणों को अवशोषित करने की बजाय परावर्तित करते हैं। इसलिए गर्मी के मौसम में हल्के या सफेद रंग के पर्दे, तकिए के कवर और चादरों का इस्तेमाल करना बेहतर होता है। रूफटॉप गार्डन रूफटॉप गार्डन (छत पर बगीचा) एक बेहतरीन तरीका है, जिससे छत ठंडी रहती है। मिट्टी और पौधे सूर्य की गर्मी को अवशोषित करते हैं और ठंडक देते हैं। यह घर को ठंडा रखने का एक बेहतर तरीका है। हालांकि अब गर्मियां आ गई हैं तो ये तरीका तुरंत काम नहीं कर सकता है। इसकी तैयारी पहले से ही करनी चाहिए। वर्टिकल गार्डन वर्टिकल गार्डन बाहरी दीवारों पर पौधों को लगाने की एक तकनीक है। यह तकनीक न केवल घर को सुंदर बनाती है, बल्कि सूर्य की सीधी गर्मी को दीवारों तक पहुंचने से रोकती है। इससे कमरे के अंदर का तापमान कम रहता है। इनडोर प्लांट्स घर को रखते ठंडा नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) की एक स्टडी के मुताबिक, पेड़-पौधे फोटोसिंथेसिस के जरिए पृथ्वी के तापमान को कम करते हैं। सिर्फ बाहरी पेड़-पौधे ही नहीं बल्कि इनडोर प्लांट्स भी इनमें शामिल हैं। ऐसे में घरों में लगे इनडोर प्लांट्स टेम्परेचर कम करने में मदद करेंगे। कौन से प्लांट्स गर्मियों में कमरे को ठंडा रखने में मददगार हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक में देखिए- इन बातों का भी रखें ध्यान गर्मी के मौसम में कमरे को डिक्लटर करने की जरूरत होती है। अगर रूम में स्पेस नहीं होगा, तब हवा पास नहीं होगी। इससे कमरा गर्म ही बना रहता है। इसके अलावा और भी कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जैसेकि- ……………… जरूरत की ये खबर भी पढ़िए जरूरत की खबर- गर्मी में बढ़ता बीमारियों का खतरा: बदलें अपने खानपान के तरीके, एक्सपर्ट्स से जानें स्वस्थ रहने के उपाय गर्मियों में शरीर को सामान्य और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। सही खानपान, पर्याप्त पानी, हल्के कपड़े और स्किन केयर जैसी अच्छी आदतें अपनाकर न केवल इस मौसम का आनंद लिया जा सकता है, बल्कि आने वाले गर्म दिनों में भी खुद को फिट और एक्टिव रखा जा सकता है। पूरी खबर पढ़िए…