बारिश का मौसम सुहावना होता है। लेकिन इस सुहावने मौसम में हवा में नमी यानी आर्द्रता बढ़ जाती है, जो अपने साथ कुछ परेशानियां भी लेकर आती है। फर्ज कीजिए कि आपने अदरक वाली चाय बनाई है और साथ में खाने के लिए नमकीन रखी है, लेकिन पहला चम्मच नमकीन खाते ही पता चलता है कि इसमें तो सीलन आ गई। या मान लीजिए बारिश के मौसम में गरमा-गर्म खिचड़ी खाने का मन हो रहा है, लेकिन दाल-चावल का डिब्बा खोलते ही आपको उसमें कीड़े रेंगते दिख जाएं या मसालों के आसपास फंगस दिख जाए। नमी की वजह से न सिर्फ मसालों की शेल्फ लाइफ कम होती है, बल्कि खाने का स्वाद और सुगंध भी प्रभावित होती है। बरसात के मौसम में फूड को सीलन और नमी से बचाना एक चुनौती भरा काम है। इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि मानसून के दौरान खाने को खराब होने से कैसे बचाएं? साथ ही जानेंगे कि- एक्सपर्ट: अंकित पटेल, शेफ, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) सवाल- बारिश के मौसम में फूड को फ्रेश कैसे रखें? जवाब- बारिश के मौसम में हवा में नमी की वजह से अधिकांश फूड आइटम्स अपना स्वाद खो देते हैं या कीड़ों और फंगस का शिकार हो जाते हैं। इसलिए इस मौसम में खाने का पूरा आनंद लेने के लिए कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी हैं। मानसून के दौरान खाने को फ्रेश व हाइजीनिक बनाने के लिए इन टिप्स को अपना सकते हैं। सवाल- बरसात के मौसम में मसालों को मॉइस्चर यानी नमी से कैसे बचाएं? जवाब- मसाले, नमक या चीनी जैसी चीजों में नमी को जल्दी सोखने की प्रवृत्ति होती है। इसलिए बारिश के मौसम में इन चीजों पर नमी आने की संभावना ज्यादा रहती है। नमी के संपर्क में आने से यह गांठदार या गीले हो जाते हैं। इसलिए मानसून के दौरान इन्हें स्टोर करते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मसाले खिड़की और सिंक से दूर रखें किचन में मसाले के डिब्बे को खिड़कियों या सिंक के पास न रखें क्योंकि बरसात के समय ऐसी जगह पर सबसे जल्दी नमी आती है, जो मसालों में सीलन पैदा कर सकती है। रसोई में किसी सूखी जगह पर मसालों व चीनी जैसी चीजों को रखें। इसके अलावा हफ्ते में एक बार इन्हें खुली हवा में रखने की कोशिश करें। वैसे इन्हें सुरक्षित ढंग से स्टोर करने का सबसे अच्छा तरीका है फ्रिजर में रखना। फ्रिजर में रखने पर इनकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है और कीड़े व फंगस भी नहीं लगते। छोटे कंटेनरों में स्टोर करें मानसून के दौरान मसालों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए छोटे कंटेनर का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प है। बाकी बचे मसालों को किसी बड़े कंटेनर में स्टोर करके फ्रिजर में रख सकते हैं। सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें खाना बनाने के लिए मसाले निकालते समय एक ही चम्मच का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर सभी मसाले के डिब्बे अलग-अलग हैं तो हर डिब्बे में एक चम्मच होना चाहिए, जो पूरी तरह सूखा और साफ हो। एक गीला चम्मच पूरे मसाले को खराब कर सकता है। इसके अलावा मसालों का इस्तेमाल करने से पहले ध्यान रखें कि हाथ साफ और सूखे हों। मसालों की नियमित जांच करते रहें बारिश के मौसम में नमी के संपर्क में आने से मसालों में फफूंद आ सकती है। ऐसे मसाले का खाने में इस्तेमाल करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए मसालों की नियमित जांच करें। अगर मसालों में फफूंद आ गई है तो उसे फेंकना ही बेहतर है। सवाल- बारिश के मौसम में आटा, बेसन और दाल जैसी चीजों को सुरक्षित कैसे स्टोर रखें? जवाब- बारिश के मौसम में आटा, बेसन जैसी चीजों का इस्तेमाल करते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि पानी की कुछ बूंदें ही इसमें नमी पैदा कर सकती हैं। मॉइस्चर की वजह से इसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं। ऐसी चीजों की शेल्फ-लाइफ को बढ़ाने के लिए कांच के कंटेनर या जिप लॉक बैग का इस्तेमाल करें। इसके अलावा किचन में जिस जगह अंधेरा रहता है, वहां आटा, बेसन या दाल जैसी चीजों को न रखें। बेसन, मूंगफली जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजों को भी फ्रिजर में स्टोर करना एक अच्छा विकल्प है। साथ ही बारिश के मौसम में ये चीजें ज्यादा मात्रा में न खरीदें। जरूरत के मुताबिक थोड़ा-थोड़ा ही मंगाएं। सवाल- मानसून के महीनों में ग्रॉसरी आइटम्स खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जवाब- मानसून के मौसम में खाने-पीने की चीजों को लंबे समय तक स्टोर करना बेहद मुश्किल होता है क्योंकि बारिश की नमी से पैकेट से निकलने के बाद खाने की चीजों की शेल्फ लाइफ कम हो जाती है। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि मानसून के दौरान ग्रॉसरी आइटम्स खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। सवाल- मानसून में ब्रेड की खरीदारी करते समय क्या सावधानियां बरतें? जवाब- मानसून में ब्रेड पर हल्के हरे रंग की फफूंद का दिखना आम बात है। इसलिए ऐसे मौसम में ब्रेड के छोटे पैक खरीदने चाहिए, जिन्हें एक या दो दिन में इस्तेमाल किया जा सके। अगर पैकेट खुलने के बाद बचे हुए ब्रेड को लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं तो उसे रेफ्रिजरेटर में अच्छे से पैक करें। जिससे हवा या नमी अंदर न जा सके। सवाल- बारिश के मौसम में बिस्कुट, कुकीज या चिप्स को सीलन से कैसे बचाएं? जवाब- बारिश के मौसम में बिस्कुट, कुकीज और चिप्स जैसी चीजें अक्सर पैकेट से निकलने के कुछ ही देर बाद ही सील जाती हैं, जिससे ये बेस्वाद लगने लगती हैं। लंबे समय तक इन्हें स्टोर करने के लिए सावधानी से एयर टाइट बॉक्स या सूखे कंटेनर में रखना बेहतर है। सवाल- बारिश के मौसम में फल-सब्जियों को फ्रेश कैसे रखें? जवाब- अन्य मौसमों की तुलना में मानसून में सब्जियां अक्सर जल्दी सड़ जाती हैं। इसलिए उन्हें विशेष देखभाल की जरूरत होती है। घर लाते ही सब्जियों को अच्छी तरह से धोएं। फूलगोभी, पालक, धनिया, बीन्स, गाजर, पत्तागोभी और शिमला मिर्च जैसी सब्जियों को अखबार में लपेटें और जिप लॉक बैग में सील कर दें। अखबार उनकी नमी सोख लेगा और सब्जियां लंबे समय तक फ्रेश बनी रहेंगी। इसके अलावा ध्यान रखें कि इस मौसम में पहले से कटे हुए फल या सब्जियां न खरीदें। बरसात के समय कटे हुए फल-सब्जियों में बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जो कई बीमारियों का कारण बन सकते हैं।