जरूरत की खबर- मानसून में ट्रैवल प्लान कर रहे हैं:बारिश में यात्रा करते हुए जरूरी है कुछ तैयारी और सावधानी, रखें 11 बातों का ख्याल

मानसून का मौसम हर किसी को पसंद आता है। मध्य जून से शुरू होकर सितंबर तक इस मौसम की रिमझिम बारिश मंत्रमुग्ध कर देती है। कुछ लोग मानसून के दौरान लंबी यात्राओं की योजना भी बनाते हैं। लेकिन इस मौसम में यात्रा करते हुए कुछ सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी हैं। बारिश के मौसम में कुछ जगहों पर यात्रा करना न सिर्फ थोड़ा रिस्की होता है, बल्कि हेल्थ प्रॉब्लम्स होने का भी खतरा रहता है। इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि बरसात के मौसम में यात्रा को लेकर क्या सावधानियां बरतनी चाहिए? साथ ही जानेंगे कि- सवाल- मानसून के मौसम में यात्रा से पहले किन बातों का ख्याल रखना चाहिए? जवाब- किसी भी यात्रा के लिए सबसे जरूरी है सही प्लानिंग। कहां जाना है, कैसे जाना है और कहां रूकना है, इन सवालों को लेकर किसी तरह का संशय नहीं होना चाहिए। बारिश के मौसम में यह जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। ऐसे मौसम में ऊंचे पर्वतीय इलाकों की यात्रा करने से बचना चाहिए क्योंकि बारिश के समय पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की समस्या देखने को मिलती है। इन मौसम में ऐसी जगह पर जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके अलावा बारिश के मौसम में वन्यक्षेत्रों और जंगलों की यात्रा नहीं करनी चाहिए क्योंकि बारिश की वजह से सांप, बिच्छू जैसे जहरीले वन्यजीव बाहर निकल आते हैं, जो खतरनाक हो सकते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि मानसून में यात्रा से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए इन पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं। मौसम के बारे में अपडेटेड रहें मानसून के मौसम में यात्रा के दौरान जिस जगह की यात्रा का विचार कर रहे हैं, उसके मौसम के पूर्वानुमान के बारे में अपडेट जरूर रखें क्योंकि भारत में कई हिस्सों में मानसून के दौरान तेज बारिश होती है। इसलिए यात्रा की तारीख से पहले और बाद के दिनों के मौसम की स्थिति चेक करें। इसके लिए आप मॉडर्न टेक्नोलॉजी की भी मदद ले सकते हैं। एपल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर कई ऐसे ऐप्स उपलब्ध हैं, जो मौसम का सटीक पूर्वानुमान बताते हैं। इन ऐप्स की मदद से बारिश की संभावना, बादल कवरेज, हवा, लाइव रडार, एयर क्वालिटी इंडेक्स, बर्फबारी और यूवी इंडेक्स की जानकारी मिलती है। जानकारी ही बचाव है। अगर पहले से पता हो कि अमुक जगह पर भारी बारिश की आशंका है तो आप उस जगह जाना टाल सकते हैं। ट्रैवल की पैंकिग हो मानसून फ्रेंडली मानसून के मौसम में घूमने जाने से पहले पैकिंग को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। यात्रा में बहुत ज्यादा सामान पैक करने से बचें, लेकिन सभी जरूरी चीजें ले जाना न भूलें। जगह के बारे में रिसर्च करें अगर आप किसी नई जगह पर जा रहे हैं तो उसके बारे में पूरी रिसर्च करें। मानसून के दौरान कई बार ज्यादा बारिश होने पर सड़कें, रास्ते बंद हो जाते हैं। ऐसे में फंसने की स्थिति में स्थानीय पुलिस या आपातकालीन नंबर अपने फोन में सेव रखें। बस, ट्रेन या कार के रूट को लेकर अपडेट लेते रहें। खाने-पीने का रखें ध्यान मानसून के समय वाटर बोर्न डिजीज का खतरा अधिक रहता है क्योंकि इस मौसम में वायरस और बैक्टीरिया ज्यादा पनपते हैं। इसलिए यात्रा के दौरान खाने-पीने को लेकर सतर्क रहें। हमेशा साफ-सुथरे रेस्तरां में हल्का खाना खाएं। मेडिकल किट जरूर साथ रखें यात्रा की पैंकिग के दौरान एक मेडिकल किट जरूर रखें क्योंकि यात्रा के दौरान इमरजेंसी की स्थिति में यह आपके बहुत काम आएगी। सर्दी, खांसी, उल्टी-दस्त, बुखार की दवा और बैंड-एड्स जैसी कुछ उपयोगी चीजें मेडिकल किट में रखनी चाहिए। इसके अलावा एक बार डॉक्टर से कंसल्ट करके यह पूर्वानुमान लगाना जरूरी है कि अमुक जगह के मौसम और पारिस्थितिकी को देखते हुए किस तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। जैसे घने पेड़ों और हरियाली वाली जगह में कोई कीड़ा काट सकता है। पानी में सी सिकनेस या वॉटर सिकनेस हो सकती है। बारिश में स्टमक इंफेक्शन हो सकता है। इसलिए इन सभी संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की दवा आपके पास होनी चाहिए। सवाल- यात्रा के दौरान किस तरह की गलतियां नहीं करनी चाहिए? जवाब- नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि बारिश के मौसम में यात्रा के दौरान किस तरह की गलतियां नहीं करनी चाहिए। सवाल- बारिश के मौसम में बाइक या कार से यात्रा के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जवाब- मानसून के मौसम में सड़क दुर्घटनाएं आम होती हैं। इसलिए इस मौसम में वाहन चालकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए। अगर मानसून में बाइक या कार से कोई ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो इन बातों का ध्यान रखें।