जरूरत की खबर- IGL गैस कनेक्शन के नाम पर स्कैम:कनेक्शन काटने का मैसेज फेक, अथॉरिटी ने किया सावधान, इन 7 बातों का रखें ख्याल

साइबर स्कैमर्स लोगों को ठगने के लिए हर रोज नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। अभी इलेक्ट्रिसिटी बिल पेमेंट स्कैम के मामले थमे नहीं थे कि स्कैमर्स ने ठगी का एक और तरीका ईजाद कर लिया। इस स्कैम में पीएनजी यानी पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्‍शन काटने के नाम पर लोगों को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। हाल ही में स्कैमर्स ने एक वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व संपादक को अपना निशाना बनाने की कोशिश की। उन्होंने इसे लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट (फेसबुक और एक्स) पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने बताया कि कैसे इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के नाम से उन्हें वॉट्सऐप पर एक मैसेज मिला। मैसेज में लिखा था- ‘आपका इंद्रप्रस्थ गैस कनेक्शन आज रात 9:30 बजे काट दिया जाएगा क्योंकि पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं है।’ कॉन्टैक्ट करने के लिए मैसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। संपादक इस तरह के स्कैम से वाकिफ थे, इसलिए वह स्कैमर्स के जाल में नहीं फंसे। लेकिन अधिकांश लोग इन दिनों हो रहे ऐसे तरह-तरह के स्कैम को लेकर अभी भी जागरूक नहीं हैं क्योंकि ठगी का यह तरीका बिल्कुल नया है। इसे लेकर हर किसी को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे गैस कनेक्शन स्कैम की? साथ ही जानेंगे कि- एक्सपर्ट: ईशान सिन्हा, साइबर एडवाइजर (नई दिल्ली) सवाल- इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड बिल स्कैम क्या है? जवाब- इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड बिल स्कैम में ग्राहकों को SMS या वॉट्सऐप के जरिए एक मैसेज भेजा जाता है। जिसमें अंग्रेजी में लिखा होता है कि ‘प्रिय उपभोक्‍ता आपका इंद्रप्रस्थ गैस कनेक्शन आज रात 9:30 काट दिया जाएगा क्योंकि पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं हुआ है। अधिक जानकारी के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करें।” इसके अलावा ग्राहकों के पास अनजान नंबरों से कॉल भी आते हैं। इसमें कॉलर खुद को IGL का अधिकारी बताकर जल्द बिल भरने को कहता है और जल्द-से-जल्द बिल न भरने पर गैस कनेक्शन काटने की धमकी देता है। स्कैमर्स लोगों को तुरंत ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए QR कोड या नंबर भेजते हैं। झांसे में आकर ग्राहक तुरंत ऑनलाइन पेमेंट कर देते हैं और इस तरह स्कैमर्स के जाल में फंस जाते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि लोगों को स्कैमर्स किस तरह के मैसेज भेजते हैं। सवाल- गैस कनेक्शन स्कैम से बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जवाब- इस तरह के स्कैम में स्कैमर्स लोगों पर जल्द-से-जल्द बिल पेमेंट करने का दबाव डालते हैं। ग्राहक के द्वारा बिल भरने से मना करने पर स्कैमर्स तुरंत उनका गैस कनेक्शन काटने की धमकी देते हैं। अगर आपको कभी भी इस तरह का मैसेज मिलता है तो सबसे पहले उसे वेरिफाई जरूर करें। इसके लिए गैस एजेंसी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर अपना बिल चेक कर सकते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि गैस कनेक्शन स्कैम से बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। सवाल- IGL बिल का ऑनलाइन भुगतान करने का सही तरीका क्या है? जवाब- अगर आपके घर में पाइपलाइन गैस कनेक्शन है और आप घर बैठे खुद से ऑनलाइन पेमेंट जमा करना चाहते हैं तो इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं। स्टेप-1: अगर आप दिल्ली में हैं तो आपकी पाइपलाइन गैस सप्लायर कंपनी IGL (इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) है। ऐसे में वहां बिल भुगतान के लिए आप IGL की ऑफिशियल वेबसाइट (https://www.iglonline.net/) पर जाएं। स्टेप-2: इसके बाद अपना 10 अंकों का BP नंबर दर्ज करें। बीपी नंबर बिजनेस पार्टनर नंबर होता है, जो सभी गैस उपभोक्ताओं को कंपनी द्वारा दिया जाता है। स्टेप-3: इसके बाद पासवर्ड के जरिए अपने फोन में साइन अप करें और ‘बिल चेक’ के ऑप्शन पर क्लिक करें। स्टेप-4: ऑनलाइन पेमेंट के दौरान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI के ऑप्शन दिए होते हैं। आप इन्हें अपनी सुविधा के मुताबिक चुन सकते हैं। स्टेप-5: ये स्टेप्स फॉलो करने के बाद आसानी से आपका ऑनलाइन बिल पेमेंट हो जाएगा। नोट- अलग-अलग राज्यों में पीएनजी गैस सप्लाई करने वाली कंपनियां अलग-अलग हैं। नीचे दिए ग्राफिक में देखिए कि देश के प्रमुख राज्यों में कौन सी कंपनी पाइपलाइन गैस सप्लाई करती है। सवाल- इस तरह के स्कैम से बचने के लिए क्या सतर्कता बरती जानी चाहिए? जवाब- साइबर एक्सपर्ट ईशान सिन्हा बताते हैं कि SMS या वाट्सऐप के जरिए होने वाले अधिकांश स्कैम में एक चीज कॉमन होती है कि स्कैमर्स या तो किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए बोलते हैं या फिर मैसेज में दिए फोन नंबर पर कॉल करने के लिए बोलते हैं, जिसके बाद लोगों को झांसे में लेकर स्कैम को अंजाम दिया जाता है। इसलिए स्कैम से बचने के लिए इन पॉइंट्स का ख्याल रखें।