‘जावेद संग शादी करने पर मुझ पर कीचड़ उछाला गया’:शबाना आजमी बोलीं- पहली पत्नी का हक छीनने का आरोप भी लगा, फिर भी चुप रही

किसी जमाने की फेमिनिस्ट आइकन मानी जाने वाली शबाना आजमी के एक फैसले से उनके चाहने वाले नाराज हो गए थे। वजह थी- जावेद अखतर से उनकी शादी। जावेद उस वक्त हनी ईरानी के पति थे। करीब 13 साल की शादी के बाद, 1985 में उन्होंने हनी से तलाक लिया और शबाना से निकाह किया। उस दौर में शबाना, जावेद और हनी- तीनों ही खामोश रहे। लेकिन लोगों ने शबाना पर जमकर कीचड़ उछाला। अब सालों बाद शबाना ने इस चुप्पी को तोड़ा है। फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘लोगों का गुस्सा जायज था। मैं उस समय एक फेमिनिस्ट के तौर पर मानी जाती थी। और मैंने एक ऐसा कदम उठाया था जो उस सोच के खिलाफ था। जो लोग मुझे फॉलो करते थे, उन्हें लगा कि मैंने किसी और औरत के हक के ऊपर पैर रख दिया अपने सुख के लिए। और ऐसा महसूस करने में वो बिलकुल सही थे।’ उस वक्त बहुत से लोग उनसे सफाई की उम्मीद कर रहे थे। मगर शबाना ने चुना कि वो चुप रहें। उन्होंने कहा, ‘अगर मैं उस वक्त हालात समझाने लगती तो इससे और ज्यादा दर्द होता उन लोगों को जो इसमें शामिल थे। मैंने महसूस किया कि चुप रहना ही बेहतर है। और वो सही फैसला साबित हुआ। जो कीचड़ फेंका गया, वो वक्त के साथ अपने आप सूख गया।’ आज हालात बिलकुल अलग हैं। शबाना का हनी ईरानी से रिश्ता बेहद अच्छा है। उन्होंने कहा, ‘आज मेरी और हनी की रिलेशनशिप इतनी हेल्दी है कि लोग यकीन नहीं कर पाएंगे। इसका क्रेडिट मुझे, हनी को और जावेद को जाता है। हमने कभी भी एक-दूसरे पर कीचड़ नहीं उछाला। यही बात हमारे रिश्ते को बचा गई।’ तीनों ने उस वक्त मिलकर तय किया कि अपनी पर्सनल लाइफ को मीडिया में नहीं घसीटना है।
शबाना ने कहा, ‘जब लोग आपके बारे में गलत बातें सोचते हैं, तो आपको तुरंत बताने का मन होता है कि ऐसा कुछ नहीं है। लेकिन हमने ये नहीं किया। और यही समझदारी थी। क्योंकि लोग ऐसी सिचुएशन को समझ नहीं सकते।’ ये मामला सिर्फ तीन लोगों तक सीमित नहीं था। इसमें बच्चे भी शामिल थे। जावेद और हनी के दो बच्चे हैं- जोया अखतर और फरहान अखतर। शबाना कहती हैं, ‘जहां बच्चे शामिल होते हैं, वहां दर्द और गहरा होता है। ऐसे मामले समझाए नहीं जा सकते, न महसूस करवाए जा सकते हैं। लोग बस कीचड़ फेंकने में लगे रहते हैं। फिर भी, इस मामले में लोगों की नाराजगी वाजिब थी।’ जावेद अखतर खुद भी इस रिश्ते को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं। ‘एंग्री यंग मैन’ नाम की सीरीज में उन्होंने कहा था, ‘दुनिया में अगर मुझे किसी के लिए गिल्ट है, तो वो हनी है। मेरी और हनी की शादी टूटने की 60 से 70 प्रतिशत जिम्मेदारी मेरी थी। अगर उस वक्त मेरे पास उतनी समझ होती जितनी आज है, तो शायद चीजें बिगड़ती नहीं।’