जीवन को आसान बनाएं– 7 चीजें फ्रिज में न रखें:जानिए क्या है इन्हें स्टोर करने का सही तरीका, कैसे रखें लंबे समय तक फ्रेश

पिछले कुछ सालों से कई सारे इलेक्ट्रॉनिक एप्लायंसेज हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। इन्हीं में से एक फ्रिज भी है। हालांकि, हममें से कई लोग जाने-अनजाने में फ्रिज का गलत इस्तेमाल करते हैं। वो कहते हैं कि ना कि जिसके पास हथौड़ा होता है, उसे हर चीज कील ही दिखाई देती है। ऐसा ही हमारे साथ होता है। हमें अपनी रसोई में जो कुछ भी खाने-पीने की चीज दिखती है, हम उसे फ्रिज में रख देते हैं। जबकि कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। ऐसे में आज हम जीवन को आसान बनाएं कॉलम में जानेंगे कि- सवाल- किन चीजों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए? जवाब- कुछ चीजें हैं, जिन्हें फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। इससे उनकी क्वालिटी और स्वाद पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं। साथ ही जानते हैं कि इन्हें फ्रिज में रखने से क्या नुकसान हो सकता है। आइए ग्राफिक्स को विस्तार से समझते हैं गूंथा हुआ आटा: गूंथे हुए आटे में नमी होती है। ऐसे में जब हम गूंथे हुए आटे को फ्रिज में रखते हैं, तो नमी की वजह से बैक्टीरिया पनप सकते हैं और फंगस भी लग सकते हैं। कई बार इस आटे से बनी रोटियां भी सांवली पड़ जाती हैं और स्वाद भी अच्छा नहीं रहता है। कैसे रखें: गूंथे हुए आटे को रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप इसे फ्रिज में रखने से पहले एक एयरटाइट कंटेनर में रखें, जिससे हवा बिल्कुल भी अंदर बाहर न हो सके। यह डिब्बा आटे को बाहर की हवा और नमी से बचाएगा। छिला हुआ लहसुन: छिले हुए लहसुन को फ्रिज में रखने से फफूंदी लग सकती है। लहसुन में एक तेज गंध होती है। जब आप इसे फ्रिज में रखते हैं, तो इसकी गंध फ्रिज में रखी दूसरी चीजों में भी जा सकती है। इससे उनका फ्लेवर बदल सकता है। कैसे रखें: छिले हुए लहसुन को रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप उसे कमरे के तापमान पर किसी सूखी और ठंडी जगह पर रखें। अगर आपको लहसुन जल्दी इस्तेमाल करना है, तो आप उसे एक एयरटाइट कंटेनर में रख सकते हैं। अगर आप लहसुन को ज्यादा दिनों के लिए स्टोर करना चाहते हैं, तो आप उसे सुखाकर रख सकते हैं या फिर उसे तेल में डुबोकर भी रख सकते हैं। कटी हुई प्याज: कटी हुई प्याज को फ्रिज में रखना इसके स्वाद और क्वालिटी दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्याज में सल्फर पाया जाता है, जो फ्रिज में रखने से ऑक्सिडाइज हो जाते हैं, जिससे प्याज के स्वाद और गंध में बदलाव हो सकता है। प्याज के सल्फर कंपाउंड और ऑक्सीजन के बीच रिएक्शन से कुछ फ्री रेडिकल्स बन सकते हैं। ये प्याज के न्यूट्रिएंट्स, जैसे विटामिन C को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कटे हुए प्याज की गंध दूसरी खाने की चीजों में भी जा सकती है। साथ ही नमी की वजह से फफूंदी और बैक्टीरिया पनप सकते हैं। कैसे रखें: कटी हुई प्याज को रखने के लिए सबसे अच्छा है कि आप उसे एक एयरटाइट कंटेनर में रखें। इससे उसकी तेज गंध फ्रिज में रखी दूसरी चीजों तक नहीं जाएगी। हालांकि, इस प्याज को कुछ घंटों में इस्तेमाल कर लें। अदरक: अदरक को फ्रिज में रखने से वह खराब हो सकता है और उसके स्वाद बदलाव आ सकता है। फ्रिज में नमी और ठंडक की वजह से अदरक का नेचुरल टेस्ट फीका पड़ जाता है। फ्रिज में रखने से अदरक में बहुत जल्दी फफूंदी लग सकती है। कैसे रखें: अदरक को हमेशा सामान्य कमरे के तापमान पर रखें। इसके लिए कूल एंड ड्राई प्लेस चुनें। अगर आप अदरक को लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो तेज धूप में सुखाकर रख सकते हैं। ब्रेड: ब्रेड को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद फीका पड़ जाता है। ब्रेड में मौजूद स्टार्च क्रिस्टलीकृत हो जाता है। कैसे रखें: ब्रेड को कूल एंड ड्राई प्लेस पर एयरटाइट कंटेनर में कमरे के तापमान पर रखें। शहद: शहद एक ऐसी चीज है, जो कुदरती तौर पर जल्दी खराब नहीं होती है। इसलिए इसे फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं पड़ती है। शहद को फ्रिज में रखने से वह और भी गाढ़ी हो सकती है और जम सकती है। कई लोग समझते हैं कि शहद अगर जम जाए तो यह नकली है। जबकि शहद में मौजूद ग्लूकोज और फ्रुक्टोज की वजह से ऐसा होता है। शहद को फ्रिज में रखने से उसका क्रीमी टेक्सचर खराब हो सकता है। इसमें बैक्टीरिया या फंगस लगने की संभावना बहुत कम होती है। कैसे रखें: शहद को एयरटाइट कंटेनर में रखें। इसे कमरे के सामान्य तापमान पर सूखी और ठंडी जगह पर रखें। शहद को बहुत ज्यादा ठंडा करने पर उसके कुदरती गुणों में बदलाव आ सकता है। नट्स: नट्स को फ्रिज में रखने से उनकी ताजगी और स्वाद पर असर पड़ सकता है। कुछ नट्स ठंडे होने पर चिपचिपे हो जाते हैं, जिससे उनका स्वाद उतना अच्छा नहीं रह जाता है। नट्स में तेल की मात्रा ज्यादा होती है। इसी वजह से वे जल्दी खराब हो सकते हैं। कैसे रखें: नट्स को रखने के लिए एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें। इसे सामान्य कमरे के तापमान पर रखें। इससे उनके स्वाद में बदलाव नहीं आएगा। यूटिलिटी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए जीवन को आसान बनाएं- सिल्वर ज्वेलरी पड़ गई है काली:10 मिनट में कैसे चमकाएं, ज्वेलरी एक्सपर्ट से जानें चांदी चमकाने के 5 टिप्स हम भारतीयों में ज्वेलरी को लेकर खास लगाव है। हम अपने गहनों को काफी संभालकर रखते हैं। इसके बावजूद समय के साथ उनकी चमक फीकी पड़ जाती है। इसकी वजह धूल-मिट्टी और रखरखाव का गलत तरीका है। पूरी खबर पढ़ें