अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट डॉनल्ड ट्रम्प पर एक और जानलेवा हमले की कोशिश की आशंका जताई गई है। CNN के मुताबिक, ट्रम्प शनिवार यानी 12 अक्टूबर को कैलिफोर्निया के कोचेला में रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक हथियारबंद शख्स को सिक्योरिटी से गिरफ्तार किया गया है। उसकी ब्लैक SUV कार से पुलिस को एक शॉटगन, एक लोडेड हैंड गन और 1 हाई कैपेसिटी मैगजीन मिली है। पुलिस ने रविवार को बताया कि 49 साल के आरोपी का नाम वेम मिलर है। इस घटना से ट्रम्प और रैली में मौजूद लोगों की सुरक्षा पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ा है। हालांकि, घटना को लेकर ट्रम्प की कैंपेन टीम से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रिवरसाइड काउंटी शैरिफ जल्द ही मामले पर पूरी जानकारी के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दरअसल, ट्रम्प पर पेन्सिल्वेनिया के बटलर शहर में 3 महीने पहले भी रैली को संबोधित करने के दौरान गोली चली थी। वहीं, 16 सितंबर को भी ट्रम्प पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई थी। तब ट्रम्प फ्लोरिडा में पाम बीच काउंटी के इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में खेल रहे थे। तभी उनकी सुरक्षा में लगे सीक्रेट सर्विस एजेंट को झाड़ियों में हथियार को साथ छिपे दिखा था। सीक्रेट सर्विस ने कहा- ट्रम्प की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी सीक्रेट सर्विस ने घटना को लेकर रविवार को स्टेटमेंट जारी किया है। सीक्रेट सर्विस ने कहा कि घटना से ट्रम्प ट्रम्प की सुरक्षा में कोई भी असर नहीं पड़ा है। रैली के दौरान तैनात सिक्योरिटी टीम और लोकल पार्टनर ने सही तरीके से सहयोग किया। रैली ग्राउंड तक पहुंचने के लिए कई चेकपॉइंट ट्रम्प की रैली में हथियारबंद शख्स के पकड़ाने के बाद रैली में आए मीडिया लोगों और VIP टिकट वालों की सिक्योरिटी बढ़ाई गई थी। उन्हें रैली के ग्राउंड तक पहुंचाने के लिए कई लेवल की सिक्योटी चेकपॉइंट से गुजरना पड़ा। सभी की गाड़ियों गहन जांच भी की गई। हर गाड़ी को अमेरिका के K-9 अधिकारियों ने चेक किया है। कौन है आरोपी वेम मिलर? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेम मिलर एक रजिस्टर्ड रिपब्लिकन है। वह UCLA यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई कर चुका है। वह लंबे समय से राइट विंग समर्थित ग्रुप से जुड़ा हुआ है। यह अमेरिका की मौजूदा डेमोक्रेट्स की सरकार की नीतियों की आलोचना के लिए जाने जाते हैं। मिलर नेवादा स्टेट असेंबली के 2022 का चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस ने बताया कि वेम मिलर को शाम 5 बजे गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ जॉन जे बेनोइट डिटेंशन सेंटर में केस दर्ज किया गया। 5 हजार डॉलर की जमानत पर उसे रिहा भी कर दिया गया। 2 जनवरी 2025 को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। 13 जुलाई: ट्रम्प के कान को छूते हुए गोली निकली 13 जुलाई को पेन्सिल्वेनिया के बटलर शहर में एक रैली को संबोधित करते वक्त ट्रम्प पर हमला हुआ था। इस दौरान एक गोली ट्रम्प के कान को छूते हुए निकल गई थी। हमलावर की पहचान 20 साल के युवक थॉमस क्रूक्स के तौर पर हुई थी। उसने AR-15 राइफल से 8 गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के अफसरों ने हमलावर को मार गिराया था। पूरी खबर पढ़ें… 16 सितंबर: राइफल लेकर गोल्फ क्लब में छिपा हमलावर 16 सितंबर को ट्रम्प पर हमले की कोशिश की गई थी। ट्रम्प फ्लोरिडा में पाम बीच काउंटी के इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में खेल रहे थे। तभी उनकी सुरक्षा में लगे सीक्रेट सर्विस एजेंट को झाड़ियों में एक संदिग्ध छिपा दिखाई दिया। उसके पास AK-47 जैसी राइफल और गो प्रो कैमरा था। बंदूक का निशाना गोल्फ कोर्स की तरफ था। पूरी खबर पढ़ें… ——————————— ट्रम्प से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… डोनाल्ड ट्रम्प का किसी भारतीय मीडिया को पहला इंटरव्यू: भास्कर से कहा- भारत के लिए मुझसे बेहतर दोस्त कोई नहीं अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प दूसरी बार उम्मीदवार हैं। बेबाकी के लिए मशहूर ट्रम्प जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने अपने बिजी शेड्यूल के बीच दैनिक भास्कर के सवालों के जवाब दिए। पहली बार भारतीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने दावा किया कि भारत के लिए व्हाइट हाउस में उनसे बेहतर और कोई राष्ट्रपति नहीं होगा। वे भारत-अमेरिका के संबंध नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…