दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 54 लाख 91 हजार 349 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 2 करोड़ 67 लाख 5 हजार 546 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 77 लाख 42 हजार 652 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरने वालों का आंकड़ा 10.43 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कायले मैकनी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं। उन्होंने सोमवार को इसकी घोषणा की। शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी संक्रमित मिले थे, जिसके बाद उन्हें वॉल्टर रीड के मिलिट्री हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
मलेशिया के प्रधानमंत्री मोहिउद्दीन यासीन अपने कैबिनेट के एक मंत्री के संक्रमित होने के बाद सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि मलेशिया कोरोना की नई लहर का सामना कर रहा है। देश में सोमवार को 432 नए मामले मिले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 12,813 हो गई है। वहीं. यहां अब तक 137 लोगों की जान जा चुकी है।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 76,36,912 | 2,14,611 | 48,49,038 |
भारत | 66,22,180 | 1,02,714 | 55,83,453 |
ब्राजील | 49,15,289 | 1,46,375 | 42,63,208 |
रूस | 12,15,001 | 21,358 | 9,79,143 |
कोलंबिया | 8,55,052 | 26,712 | 7,61,674 |
पेरू | 8,24,985 | 32,742 | 706,223 |
स्पेन | 810,807 | 32,086 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 798,486 | 21,018 | 6,36,672 |
मैक्सिको | 7,61,665 | 79,088 | 5,50,053 |
साउथ अफ्रीका | 6,81,289 | 16,976 | 6,14,781 |
फ्रांस: सभी बार और कैफे बंद
फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार से सभी बार और कैफे बंद करने को कहा गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजधानी पेरिस में संक्रमण दर कम करना जरूरी है। ऐसा नहीं किया गया तो शहर को दोबारा लॉकडाउन करने की नौबत आ सकती है। फ्रांस में अब तक 6 लाख 19 हजार 190 मामले सामने आए हैं और 32 हजार 230 लोगों की जान गई है।
फ्रांस में रह रहे जापानी फैशन डिजाइनर केंजो तकाडा की रविवार को कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो गई। तकाडा अपने केंजो फैशन ब्रांड के लिए दुनिया भर में मशहूर थे। 81 साल के केंजों को संक्रमित होने के बाद पेरिस के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तकाडा 1965 में बोट से फ्रांस आए थे और फ्रांस में ही रह रहे थे।

न्यूजीलैंड: ऑकलैंड से लॉकडाउन हटाने का ऐलान
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने सोमवार को ऑकलैंड से लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हमने दूसरी बार भी कोरोनावायरस को हरा दिया है। हालांकि, सावधानी बरतते हुए लेवल वन का अलर्ट जारी किया जाएगा। अब संक्रमण को 95% तक काबू करने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अभी महीनों तक कोरोना हमारे साथ रहेगा, लेकिन हमें इसे एक अहम उपलब्धि के तौर पर लेना चाहिए। देश में अब तक 1855 संक्रमित मिले हैं और 25 लोगों की मौत हुई है।
‘अफ्रीका के 54 देशों में 10.5 लाख से ज्यादा संक्रमित’
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने रविवार को कहा कि अफ्रीका के 54 देशों में संक्रमितों का आंकड़ा 10.5 लाख के पार हो गया। अब तक इन देशों में 36 हजार 319 मौतें हुई हैं। इनमें से आधे से ज्यादा करीब 6 लाख 80 हजार मामले और 16 हजार 938 मौतें साउथ अफ्रीका में हुई हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि ज्यादातर अफ्रीकी देशों में अस्पतालों की सुविधा कम है। इन देशों में संक्रमण की चपेट में आने वाले युवाओं की संख्या ज्यादा है। यही वजह है कि यहां पर मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

वेनेजुएला: राष्ट्रपति के बेटे लगवाएंगे रूस की वैक्सीन
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोल मैडुरो ने रविवार को कहा कि उनके बेटे रूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक-वी के ट्रायल में शामिल होंगे। वेनेजुएला ने हाल ही में अपने देश में रूस की वैक्सीन के ट्रायल को मंजूरी दी है। बीते शुक्रवार को वेनेजुएला में स्पुतनिक-वी के 2000 डोज पहुंच गए। मैडुरो ने कहा कि मेरे बेटे ने मुझे बताया है कि वह वैक्सीन के ट्रायल में शामिल होना चाहता है। यह अच्छी बात है। मैडुरो की बहन भी वैक्सीन ट्रायल के लिए वॉलेंटियर बनेंगी।

ब्रिटेन: 24 घंटे में 22 हजार से ज्यादा मामले
ब्रिटेन में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 22 हजार 961 मामले सामने आए हैं। देश के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट ने कहा कि नए मामले का सामने आना चिंता की बात है। कुछ मामलों को आंकड़ा उपलब्ध नहीं होने के कारण नए मामले जोड़े गए हैं। देश में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच 15 हजार 841 मामलों का पता नहीं चल सका था ऐसे में इन मामलों को शनिवार और रविवार के नए मामले में शामिल किया गया। ब्रिटेन में अब तक 5 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं और 42 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।
