हाल ही में फिल्ममेकर महेश भट्ट ने घोषणा की है कि वे अब फिल्म डायरेक्शन की दुनिया में वापसी नहीं करेंगे। 2020 में आई उनकी आखिरी फिल्म ‘सड़क 2’ को खराब रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में आलिया भट्ट ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में भट्ट ने कहा कि वे अब डायरेक्टर के बजाए मेंटर बनकर ज्यादा खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘जो लोग सफल होते हैं, उनके पास समय के साथ अपनी छाप छोड़ने की तड़प होती है। अब मुझमें एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ने की इच्छा नहीं है। यह तड़प विक्रम (भट्ट) के पास है, अविका (गौर) के पास भी है। लेकिन, मैं पुराना हो चुका हूं। अब मुझे नए टैलेंट को दिशा देने में खुशी मिलती है। मेरे लिए लोगों को क्रिएट करने से ज्यादा संतोषजनक कुछ नहीं हो सकता।’ बता दें, महेश भट्ट ने अपने करियर में 50 से ज्यादा फिल्में डायरेक्ट की हैं। 1999 में फिल्म ‘कारतूस’ के साथ निर्देशन से अलविदा कहने के बाद, भट्ट ने ‘सड़क 2’ से वापसी की थी। बातचीत के दौरान, भट्ट ने यह भी बताया कि वे अब फिल्मों की दुनिया से पूरी तरह से बाहर रहना चाहते हैं और अपनी एनर्जी को नई पीढ़ी को संवारने में लगाना चाहते हैं। इन दिनों, महेश भट्ट अपनी नई फिल्म ‘ब्लडी इश्क’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट की है और इसमें अविका गौर ने मुख्य भूमिका निभाई है। महेश भट्ट ने इस फिल्म की कहानी लिखी है।